कश्मीर और हिमाचल में भारी बर्फबारी से लुढ़का पारा, भूस्खलन के चलते जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग बंद

हिमाचल प्रदेश के मनाली में सबसे अधिक 40 मिलीमीटर बारिश हुई। यहां का तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य की राजधानी शिमला में हल्की बारिश हुई और न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी और बारिश की से राज्य के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि शिमला और मनाली में बारिश हुई है। वहीं, किन्नौर जिले के हिल स्टेशन कल्पा और चितकुल और लाहौल-स्पीति में इस सीजन की अब तक सबसे अधिक बर्फ पड़ी है।

मनाली में राज्य में सबसे अधिक 40 मिलीमीटर बारिश हुई। यहां तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य की राजधानी शिमला में हल्की बारिश हुई और न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

केलांग में 32 सेंटीमीटर तक बर्फबारी हुई है। यहां पर तापमान 1.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। राज्य में सबसे अधिक 4.2 सेंटीमीटर बर्फबारी कल्पा में हुई। रिपोर्ट्स के अनुसार, मनाली से 52 किलोमीटर दूर रोहतांग र्दे पर बर्फबारी हुई।

धर्मशाला कस्बे में पांच मिलीमीटर तक बारिश हुई और यहां का न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं, डलहौजी में 10 मिलीमीटर बारिश हुई और तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

जम्मू-कश्मीर के ऊपरी इलाकों में शनिवार को ताजा बर्फबारी हुई, जबकि मैदानी इलाकों में भारी बारिश हुई। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी। विभाग के एक अधिकारी ने कहा, "पिछले 12 घंटों के दौरान जोजिला दर्रा, द्रास, कारगिल, सोनमर्ग, पहलगाम और गुलमर्ग में ताजा बर्फबारी हुई है।"

उन्होंने कहा, "इस अवधि के दौरान घाटी और जम्मू संभाग के मैदानी इलाकों में बारिश जारी रही।" मौसम में शनिवार से सुधार होने की उम्मीद है। ऊपरी इलाकों में बर्फबारी के चलते घाटी के मैदानी इलाकों में ठंडी हवाएं चल रही हैं और रात के तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है।

मौसम विभाग के अनुसार, श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 1.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ जबकि पहलगाम में 0.4 डिग्री सेल्सियस और गुलमर्ग में शून्य से तीन डिग्री नीचे दर्ज हुआ।

लेह में 0.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया जबकि कारगिल शनिवार को राज्य का सबसे ठंडा जगह रहा, जहां शून्य से 4.8 डिग्री नीचे तापमान दर्ज हुआ।

जम्मू शहर में 16.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि कटरा में 14.2 डिग्री, बटोटे में 5.5 डिग्री, बनिहाल में 6.1 डिग्री और भदरवाह में छह डिग्री सेल्सियस दर्ज तापमान दर्ज हुआ।

लगातार बारिश होने के बाद भूस्खलन की वजह से शनिवार को जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग बंद करना पड़ा। परिवहन विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। रामबन जिले में रातभर हुई बारिश के बाद भूस्खलन हुआ।

अधिकारी ने कहा, "बारिश बंद होने के बाद भूस्खलन का मलबा हटाने का काम शुरू किया जाएगा। इच्छुक यात्रियों को सलाह दी गई है कि जम्मू और श्रीनगर में हमारे नियंत्रण कक्ष से संपर्क किए बिना यात्रा नहीं करें।"

जोजिला दर्रा के पास भारी बर्फबारी के चलते श्रीनगर-लेह राजमार्ग पहले से बंद है। मुगल रोड के पीर की गली क्षेत्र में बर्फबारी से सड़क बंद कर दी गई है। यह सड़क घाटी को जम्मू के राजौरी जिले से जोड़ती है। मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में शनिवार से मौसम में सुधार होने की बाद कही है।

(आईएएनएस के इनपुट के साथ)

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 03 Nov 2018, 11:31 AM