झारखंड के 11वें सीएम के रूप में आज शपथ लेंगे हेमंत सोरेन, ये हस्तियां शपथ ग्रहण समारोह में होंगी शामिल

हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए देश के कई बड़े नेताओं और उद्योगपतियों सहित कई हस्तियों को आमंत्रित किया गया है। इसमें पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, शरद पवार समेत 30 से ज्यादा दिग्गज नेता पहुंच रहे हैं।

फोटो: सोशल मीडिया
i

झारखंड विधानसभा चुनाव में कांग्रेस, झारखंड मुक्ति मोर्चा और राष्ट्रीय जनता दल गठबंधन के बहुमत में आने के बाद जेएमएम के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन आज रांची के मोरहाबादी मैदान में दोपहर 2 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। वे राज्य के 11वें मुख्यमंत्री होंगे।

शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए देश के कई कद्दावर नेताओं और उद्योगपतियों सहित कई हस्तियों को आमंत्रित किया गया है। इसमें पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, राष्ट्रवादी कांग्रेस (राकांपा) प्रमुख शरद पवार सहित 30 से अधिक दिग्गज नेताओं ने आने की सहमति प्रदान कर दी है।


राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू मोरहाबादी मैदान में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारेाह में जएमएम के विधायक दल के नेता हेमंत सोरेन को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाएंगी। इस समारोह में सोरेन के अलावे गठबंधन में शामिल कांग्रेस और जेएमएण के एक-एक विधायक को मंत्री पद की शपथ लेने की संभावना है। खबरों के मुताबिक, इसके बाद 14 जनवरी को मकर संक्रांति के बाद यानी खरमास समाप्त हो जाने के बाद मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा।

इस बीच, शपथ ग्रहण समारोह स्थल पर सुरक्षा प्रबंध की कड़ी व्यवस्था की गई है। रांची के उपायुक्त राय महिमापत रे ने कहा कि बिना मान्य पास या अनुमति किसी भी व्यक्ति का प्रवेश मैदान में नहीं होगा। कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किए जाएंगे।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए


Published: 29 Dec 2019, 11:00 AM