यह हैं आज की खास खबरें: अयोध्या में 5.51 लाख दीप जलेंगे, फ्रेंच ओपन से पी वी सिंधु बाहर

दीवाली की पूर्व संध्या पर यह हैं कुछ खास खबरें। आज अयोध्या में साढ़े पांच लाख दीप जलाए जाएंगे और राम लीला का मंचन होगा। उधर दीवाली पर मेट्रों का आखिरी फेरा रात 10 बजे लगेगा। इस बीच देर रात की खबर है कि पी वी सिंधु फ्रेंच ओपन से बाहर हो गई हैं।

फोटो : सोशल मीडिया
फोटो : सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

अयोध्या में दीपोत्सव, साढ़े पांच लाख दीप जलाए जाएंगे

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार अयोध्या में धूमधाम से दीपोत्सव की तैयारी में जुटी है। आज यानी शनिवार को सभी घाटों और समूचे अयोध्या में पांच लाख 51 हजार दीपों का जलाए जाएंगे। साथ ही 226 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास होगा। कार्यक्रम में प्रदेश की राज्यपाल अनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी, फिजी गणराज्य की उपसभापति एवं सांसद वीना भटनागर के अलावा प्रदेश के सभी मंत्री मौजूद रहेंगे।

राज्य सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि अयोध्या में शनिवार को सुबह 10 से 2 बजे तक भगवान श्रीराम के लीला चरित्र से जुड़ी विभिन्न झांकियों समेत भव्य शोभायात्रा निकलेगी। यह यात्रा साकेत महाविद्यालय से शुरू होकर रामकथा पार्क में समाप्त होगी। इसमें कई देशों के कलाकार भाग लेंगे। मुख्यमंत्री पौने चार बजे से चार बजे तक शोभायात्रा का अवलोकन करेंगे।

उन्होंने बताया कि इसके बाद श्रीराम-सीता का रामकथा पार्क में हेलीकप्टर से प्रतीकात्मक अवतरण और भरत मिलाप का कार्यक्रम होगा। सवा चार बजे से चार बजकर 40 मिनट तक रामकथा पार्क आगमन पर श्रीराम-जानकी का पूजन-वंदन, आरती और श्रीराम का प्रतीकात्मक राज्याभिषेक होगा। फिर शाम छह बजे तक परियोजनाओं का शिलान्यास, लोकार्पण और अतिथियों का संबोधन होगा।

इस बार 7 देशों की रामलीला भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बन रही है। भगवान राम के जन्म से लेकर राज्याभिषेक तक के दृश्यों को ग्यारह झांकियों के रूप में तैयार किया गया है, जिसे अयोध्या की सड़कों पर दिखाया जा रहा है। सरकार ने इस पूरे कार्यक्रम इसे राज्य मेला घोषित कर दिया है, जिससे यह आगे भी निर्बाध गति से चलता रहे। यही नहीं, ढाई हजार बच्चे बैठकर भगवान राम के जीवन, उनके धनुष-तीर व उनकी चित्र को अंतिम रूप दे रहे हैं।


हरियाणा में सरकार की प्रक्रिया के लिए बीजेपी विधायक दल की बैठक आज

यह हैं आज की खास खबरें: अयोध्या में 5.51 लाख दीप जलेंगे, फ्रेंच ओपन से पी वी सिंधु बाहर

हरियाणा में बीजेपी और दुष्यंत चौटाला की पार्टी जननायक जनता पार्टी यानी जेजेपी मिलकर नई सरकार बनाएगी। इस सरकार में बीजेपी का सीएम और उपमुख्यमंत्री जेजेपी के होंगे। बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने शुक्रवार शाम यह ऐलान किया। उन्होंने बताया कि कई निर्दलीय विधायकों का समर्थन भी इस गठबंधन को हासिल है।

अमित शाह ने जेजेपी प्रमुख दुष्यंत चौटाला की मौजूदगी में बताया कि आज (शनिवार को) बीजेपी विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद सरकार बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। वहीं, जेजेपी प्रमुख दुष्यंत चौटाला ने कहा कि उन्होंने हरियाणा के हित में बीजेपी को समर्थन देने का फैसला किया है।


दिवाली पर आखिरी मेट्रो रात 10 बजे तक ही

यह हैं आज की खास खबरें: अयोध्या में 5.51 लाख दीप जलेंगे, फ्रेंच ओपन से पी वी सिंधु बाहर

देश की राजधानी दिल्ली की लाइफलाइन बन चुकी दिल्ली मेट्रो ने ऐलान किया है कि दिवाली की रात मेट्रो की आखिरी सवारी रात 10 बजे तक ही उपलब्ध होगी, इसके बाद सेवाएं बंद कर दी जाएंगी। डीएमआरसी ने कहा कि 27 अक्टूबर को सभी लाइन पर आखिरी मेट्रो टर्मिनल स्टेशनों से रात 10 बजे रवाना होगी। एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर भी सेवा 10 बजे तक ही मिलेगी। हालांकि, दिन में सर्विस अन्य दिनों की तरह ही रहेगी। रविवार को मेट्रो सेवा आम दिनों की तरह सुबह 6 बजे शुरू होगी और एयरपोर्ट लाइन पर सर्विस 4:45 बजे से मिलेगी। सामान्य दिनों में आखिरी मेट्रो टर्मिनल स्टेशनों से रात 11:30 पर रवाना होती है।


पी वी सिंधु फ्रेंच ओपन से बाहर

यह हैं आज की खास खबरें: अयोध्या में 5.51 लाख दीप जलेंगे, फ्रेंच ओपन से पी वी सिंधु बाहर

भारत की प्रसिद्ध बैडमिंटन खिलाड़ी पी वी सिंधु फ्रेंच ओपन से बाहर हो गई हैं। टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में उन्हें ताई जू यिंह ने 16-21, 26-24, 17-21 से हराया।


खतरनाक हुआ ‘क्यार’ तूफान, महाराष्ट्र के तटीय इलाकों में भारी बारिश की आशंका, गोवा-कर्नाटक पर भी असर

पूर्वी मध्य अरब सागर में शुरुआत में पैदा हुआ एक गहरा विक्षोभ तेज होकर चक्रवाती तूफान क्यार में बदल गया है। मौसम विभाग ने बताया कि यह रत्नागिरी के पश्चिम में लगभग 190 किमी और मुंबई से 330 किमी दक्षिण-दक्षिण पश्चिम में केंद्रित है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि अगले 12 घंटों के दौरान क्यार एक शक्तिशाली चक्रवात में बदल सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले 12 घंटे के दौरान कर्नाटक, गोवा और दक्षिण कोंकण के तटीय जिलों में अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। लेकिन इसी अवधि के दौरान उत्तरी कोंकण में भारी वर्षा की संभावना है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia