हवाई सफर पर महंगे तेल की मार: एयर इंडिया ने अंतरराष्ट्रीय उड़ानें घटाईं, 6 विदेशी मार्गों पर सेवाएं निलंबित

एयर इंडिया ने हवाई क्षेत्र पर प्रतिबंध और विमान ईंधन की ऊंची कीमतों के बीच अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में कटौती और 6 मार्गों पर सेवाओं को अस्थायी रूप से निलंबित करने की बुधवार को घोषणा की।

फोटोः सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

अंतरराष्ट्रीय बाजार में जेट फ्यूल की कीमतें तेजी से बढ़ी हैं। मई 2026 में जेट फ्यूल का औसत भाव 162 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया, जबकि फरवरी के अंत में यह करीब 99 डॉलर था। इसका असर अब दिखने लगा है। एयर इंडिया ने हवाई क्षेत्र पर प्रतिबंध और विमान ईंधन की ऊंची कीमतों के बीच अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में कटौती और 6 मार्गों पर सेवाओं को अस्थायी रूप से निलंबित करने की बुधवार को घोषणा की।

घाटे में चल रही एयरलाइन ने कहा कि सेवाओं में किया गया यह नवीनतम फेरबदल जून-अगस्त अवधि के दौरान लागू रहेगा।

एयर इंडिया ने बयान में कहा कि कुछ क्षेत्रों में जारी हवाई क्षेत्र प्रतिबंध और अंतरराष्ट्रीय परिचालन के लिए विमान ईंधन की रिकॉर्ड ऊंची कीमतों सहित कई कारकों का संयुक्त प्रभाव कुछ नियोजित सेवाओं की व्यावसायिक व्यवहार्यता को काफी प्रभावित कर रहा है।


6 विदेशी मार्गों पर सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित

एयरलाइन कंपनी दिल्ली-शिकॉगो, मुंबई-न्यूयॉर्क, दिल्ली-शंघाई, चेन्नई-सिंगापुर, मुंबई-ढाका और दिल्ली-माले मार्गों पर अगस्त तक सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित रखेगी।

बयान के अनुसार, एयरलाइन हर महीने 1,200 से अधिक अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन जारी रखेगी। इनमें उत्तरी अमेरिका के लिए प्रति सप्ताह 33 उड़ानें, यूरोप के लिए 47 उड़ानें, ब्रिटेन के लिए 57 उड़ानें, ऑस्ट्रेलिया के लिए आठ उड़ानें, सुदूर पूर्व, दक्षिण-पूर्व एशिया एवं सार्क क्षेत्र के लिए 158 उड़ानें तथा मॉरीशस (अफ्रीका) के लिए प्रति सप्ताह सात उड़ानें शामिल हैं।

यात्रियों पर पड़ सकता है असर

एयर इंडिया के CEO कैंपबेल विल्सन ने कहा है कि अगर ईंधन की कीमतें इसी तरह बढ़ती रहीं तो आगे और उड़ानें कम की जा सकती हैं। इससे आने वाले दिनों में अंतरराष्ट्रीय टिकट महंगे हो सकते हैं और यात्रियों को सीमित विकल्प मिल सकते हैं।

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia