हिमाचल में दर्दनाक हादसा: खाई में गिरी पर्यटकों की कार, गुजरात के 6 लोगों की मौत

हिमाचल प्रदेश के चंबा-नूरपुर हाईवे पर तेज बारिश के बीच पर्यटकों की इनोवा खाई में गिर गई, जिसमें गुजरात के 6 लोगों की मौत हो गई।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

हिमाचल प्रदेश के चंबा-नूरपुर नेशनल हाईवे पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में गुजरात के छह पर्यटकों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा ककीरा क्षेत्र के पास उस समय हुआ, जब तेज बारिश और खराब मौसम के बीच एक इनोवा क्रिस्टा अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद टांडा मेडिकल कॉलेज कांगड़ा रेफर किया गया है।

बारिश और फिसलन के बीच हादसे का शिकार हुई कार

जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त इनोवा क्रिस्टा में गुजरात के पर्यटक सवार थे, जो मनाली से डलहौजी घूमने जा रहे थे। इसी दौरान चंबा-नूरपुर नेशनल हाईवे (NH 154A) पर ककीरा के पास वाहन अचानक नियंत्रण खो बैठा और सड़क से नीचे गहरी खाई में गिर गया।

बताया जा रहा है कि हादसे के समय इलाके में तेज बारिश और आंधी चल रही थी, जिससे सड़क काफी फिसलन भरी हो गई थी। प्रारंभिक जांच में खराब मौसम और सड़क पर फिसलन को दुर्घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है।


रात 3 से 4 बजे के बीच हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार 11 मई 2026 की सुबह करीब 3 बजे से 4 बजे के बीच यह हादसा हुआ। वाहन संख्या HP01M-2961 डलहौजी से मनाली की ओर जा रहा था, तभी ककीरा क्षेत्र में अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम स्थानीय लोगों के साथ मौके पर पहुंची और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। पुलिस अधीक्षक चंबा भी मौके पर मौजूद रहे। वाहन में कुल 10 लोग सवार थे। हादसा इतना गंभीर था कि छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हैं और उनका इलाज जारी है।

मृतकों में गुजरात के पर्यटक शामिल

प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसे में जान गंवाने वालों में ललित भाई फटनानी, ममता बेन पत्नी ललित भाई, काजल पत्नी प्रियंक कनहिया, दियांश पुत्र प्रियंक कनहिया और प्रियंक कनहिया लाल शामिल हैं। ये सभी गुजरात के निवासी बताए गए हैं।

इसके अलावा जसवंत पुत्र हरी सिंह निवासी गांव कोहरा, डाकघर संथाल, तहसील जोगिंद्र नगर, जिला मंडी, उम्र 51 वर्ष की भी इस हादसे में मौत हुई है।  

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia