हिमाचल चुनावः प्रियंका गांधी कल सोलन से करेंगी चुनावी शंखनाद, कांग्रेस ने प्रदेश के लिए लगाई घोषणाओं की झड़ी

प्रियंका गांधी कल दोपहर करीब 12 बजे सोलन में मां शूलिनी मंदिर के दर्शन करेंगी और उसके बाद ठोडो मैदान में पार्टी की ‘परिवर्तन प्रतिज्ञा रैली’ को संबोधित करेंगी। राज्य में इसी साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं, जिसकी तारीखों का ऐलान कभी भी हो सकता है।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया
user

आसिफ एस खान

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी शुक्रवार को सोलन में परिवर्तन प्रतिज्ञा रैली को संबोधित करेंगी। इस रैली के साथ ही प्रियंका हिमाचल में कांग्रेस के चुनाव अभियान की शुरुआत करेंगी। प्रियंका की रैली से पहले कांग्रेस ने राज्य के लिए कई घोषणाएं की हैं। अपनी रैली में खुद प्रियंका गांधी इन घोषणाओं का ऐलान करेंगी।

कांग्रेस द्वारा जारी बयान के अनुसार, कांग्रेस महासचिव 14 अक्टूबर को राज्य में पार्टी के चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत करने पहुचेंगी। प्रियंका शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे मां शूलिनी मंदिर के दर्शन करेंगी और उसके बाद ठोडो मैदान में पार्टी की ‘परिवर्तन प्रतिज्ञा रैली’ को संबोधित करेंगी। राज्य में इसी साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं।

प्रियंका गांधी की रैली से पहले गुरुवार को हिमाचल कांग्रेस ने राज्य के लिए वादों की झड़ी लगा दी, जिसकी घोषणा कल खुद प्रियंका गांधी भी अपनी रैली के दौरान करेंगी। कांग्रेस ने ऐलान किया है कि राज्य में कांग्रेस की सरकार आने पर 1.48 लाख सरकारी कर्मचारियों को मिलेगा उनका अधिकार और 10 दिन के अंदर बहाल होगी ओल्ड पेंशन स्कीम और 1-48 लाख सरकारी कर्मियों को मिलेगी गारंटी। कांग्रेस सरकार में जीपीएफ की सुविधा और बढ़े वेतन-भत्ते का भी लाभ मिलेगा।


कांग्रेस ने गुणवत्तापूर्ण शिंक्षा का वादा करते हुए ऐलान किया कि कांग्रेस सरकार में 272 अंग्रेजी मीडियम स्कूल खोले जाएंगे। इसके तहत कांग्रेस सरकार हर विधानसभा में 4-4 अंग्रेजी मीडियम स्कूल खोलेगी। प्रियंका गांधी कल हर घर लक्ष्मी योजना का ऐलान करेंगी, जिसके तहत प्रदेश की 20 लाख महिलाओं को प्रति महीने 1500 रुपये की सुनिश्चित आय मिलेगी।

युवाओं के लिए बड़ा ऐलान करेत हुए कांग्रेस ने कहा कि कांग्रेस युवाओं को स्वरोजगार की गारंटी देगी। इसके लिए कांग्रेस सरकार युवाओं को 680 करोड़ रुपये का स्टार्टअप फंड देगी, जिसके तहत हर विधानसभा को 10 करोड़ का स्टार्टअप फंड मिलेगा। कांग्रेस सरकार 0% ब्याज पर लोन देकर 5 लाख युवाओं को रोजगार के अवसर देगी।


साथ ही कांग्रेस ने कहा कि कांग्रेस सरकार सभी घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट बिजली फ्री देगी। साथ ही प्रियंका गांधी एमएसपी के अधिकार की गारंटी देंगी, जिसके तहत बागबानों को मिलेगा फलों के दाम तय करने का अधिकार। इसके अलावा कांग्रेस ने ऐलान किया कि प्रियंका गांधी कल बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था की गारंटी देंगी, जिसके तहत कांग्रेस सरकार में गांव-गांव में मोबाईल क्लिनिक की सुविधा मिलेगी। हिमाचल के 20690 गांव में अस्पताल वाली गाड़ी पहुंचेगी। बीजेपी सरकार के 10 मंत्रियों पर भ्रष्टाचार के आरोपों का जिक्र करते हुए कांग्रेस ने कहा कि प्रियंका गांधी ऐसे भ्रष्टाचारियों को ललकारने आ रही हैं।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हिमाचल दौरे के अगले ही दिन शुक्रवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी विशाल चुनावी को संबोधित करेंगी। प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार को चंबा जिले में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तीसरे चरण की शुरुआत की, जिसके तहत राज्य में 3,125 किलोमीटर लंबी ग्रामीण सड़कों का उन्नयन किया जाएगा।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia