यूथ कांग्रेस नेताओं को पकड़ने गई दिल्ली पुलिस को हिमाचल पुलिस ने रोका, कोर्ट में पेशी के बाद ले जाने की दी इजाजत
यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी को लेकर दिल्ली पुलिस और हिमाचल पुलिस आमने-सामने आ गई। दरअसल, दिल्ली पुलिस शिमला के रोहरू से यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर दिल्ली ले जा रही थी, लेकिन हिमाचल पुलिस ने नाका लगाकर उन्हें रोक लिया।

दिल्ली के भारत मंडपम में एआई समिट के दौरान यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन मामले में दिल्ली पुलिस लगातार देश भर से गिरफ्तारियां कर रही है। इसी बीच बुधवार को यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी को लेकर दिल्ली पुलिस और हिमाचल पुलिस आमने-सामने आ गई। दरअसल, दिल्ली पुलिस शिमला के रोहरू से यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर दिल्ली ले जा रही थी, लेकिन हिमाचल पुलिस ने नाका लगाकर उन्हें रोक लिया।
जानकारी के मुताबिक, दिल्ली पुलिस के 20 जवानों की टीम ने शिमला के रोहरू से यूथ कांग्रेस के तीन पदाधिकारियों को गिरफ्तार किया। लेकिन स्थानीय पुलिस को कोई सूचना दिए बिना और कोर्ट में पेश किए बिना दिल्ली के लिए रवाना हो गई। इसकी जानकारी मिलने पर हिमाचल पुलिस ने सोलन के धर्मपुर में नाका लगाकर उन्हें रोक लिया। सुबह 10 बजे दिल्ली पुलिस की टीम जैसे ही धर्मपुर पहुंची, सोलन पुलिस ने उन्हें रोक लिया।
इसके बाद सोलन पुलिस यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को दिल्ली पुलिस की टीम के साथ शिमला ले गई। बताया जा रहा है कि इसके बाद सोलन पुलिस, दिल्ली पुलिस और कांग्रेस के तीनों कार्यकर्ता को लेकर शिमला कोर्ट पहुंची। शिमला की कोर्ट ने दिल्ली पुलिस को तीनों यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ट्रांजिट रिमांड दे दी, जिसके बाद कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद दिल्ली पुलिस की टीम तीनों यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को लेकर दिल्ली रवाना हुई।
मिली जानकारी के अनुसार, दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ ने सौरभ, सिद्धार्थ और अरबाज को हिमाचल प्रदेश के शिमला से पकड़ा और स्थानीय अदालत में पेशी के बाद ‘ट्रांजिट रिमांड’ पर उन्हें लेकर दिल्ली रवाना हुई। इसके साथ ही मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपियों की कुल संख्या 11 हो गई है।
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia