जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में भयानक बस हादसा, अब तक 21 लोगों की मौत, राहुल और प्रियंका गांधी ने जताया दुख

जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में एक बस बादसे में अब तक 21 लोगों की मौत हो गई है। जबकि 29 लोग घायल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि बस में करीब 50 यात्री सवार थे जिनमें अधिकांश अपने दैनिक कामकाज के लिए रामनगर से उधमपुर जा रहे थे।

फोटो: PTI
i
user

नवजीवन डेस्क

जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में सोमवार को एक बस के पहाड़ी मार्ग से गिरने के कारण 21 लोगों की मौत हो गई और 29 अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।अधिकारियों ने बताया कि बस ने एक ऑटो-रिक्शा को भी अपनी चपेट में ले लिया जिससे तीपहिया वाहन में सवार लोग घायल हो गए। उन्होंने बताया कि यह हादसा सुबह करीब 10 बजे रामनगर क्षेत्र में एक तीखे मोड़ पर उस वक्त हुआ जब निजी बस का चालक नियंत्रण खो बैठा।पहाड़ी मार्ग से गुजर रहे सेना के एक काफिले ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया।

बस में करीब 50 यात्री सवार थे जिनमें अधिकांश अपने दैनिक कामकाज के लिए रामनगर से उधमपुर जा रहे थे। अधिकारियों ने बताया कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसका ऊपरी हिस्सा लगभग पूरी तरह उखड़ गया जिससे बचाव अभियान बेहद चुनौतीपूर्ण हो गया।

उधमपुर-रियासी रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक शिव कुमार शर्मा ने घटनास्थल पर संवाददाताओं से कहा, “रामनगर से उधमपुर जा रही बस पहाड़ी रास्ते पर नियंत्रण खो बैठी और ढलान से नीचे गिरकर सड़क पर पलट गई तथा एक ऑटो-रिक्शा भी इसकी चपेट में आ गया। मौके पर 15 यात्रियों को मृत पाया गया जबकि चार अन्य ने बाद में अस्पताल में दम तोड़ दिया।”

अधिकारियों ने बताया कि उधमपुर जिला अस्पताल में इलाज के दौरान गंभीर रूप से घायल दो और लोगों की मौत हो गई जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर 21 हो गई। शर्मा ने कहा कि स्थानीय निवासियों ने बचाव कार्य में महत्वपूर्ण सहायता प्रदान की।


राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी ने हादसे पर शोक व्यक्त किया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि उधमपुर-रामनगर मार्ग पर एक यात्री बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से कई लोगों की मृत्यु और कई अन्य के घायल होने की खबर बेहद दुखद है। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं अपनों को गंवाने वाले सभी शोकसंतप्त परिजनों के साथ हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

प्रियंका गांधी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में यात्री बस के गहरी खाई में गिरने की वजह से कई लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें। शोक-संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।