बिहार के मोतिहारी में भीषण सड़क हादसा, पिकअप और ऑटो के बीच टक्कर में चार की मौत, चार घायल
ऑटो में कुल आठ लोग सवार थे और वह श्रीपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान बेतिया की तरफ से तेज गति से आ रही एक पिकअप ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण ऑटो में फंसे घायलों को बाहर निकालने में जुट गए।

बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में बुधवार को एक भीषण सड़क हादसे में दो महिलाओं और सात वर्षीय एक बच्चे समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा जिले के सुगौली थाना क्षेत्र में छपवा-बेतिया पथ पर नयका टोला के समीप हुआ, जहां एक ऑटो और तेज रफ्तार पिकअप वाहन की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टैम्पो के परखच्चे उड़ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस के मुताबिक, ऑटो में कुल आठ लोग सवार थे और वह श्रीपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान बेतिया की तरफ से तेज गति से आ रही एक पिकअप ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और ऑटो में फंसे घायलों को बाहर निकालने में जुट गए।
घटना की सूचना मिलते ही सुगौली थानाध्यक्ष अवनीश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस के जरिए इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चारों घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए बेतिया के एमजेके मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार इस हादसे में मरने वालों की पहचान पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया नगर की आयशा खातून (22), रूबीना खातून (28) और उनके सात वर्षीय पुत्र जायद खान के रूप में हुई है। वहीं इस हादसे में टेंपो चालक भैरव रावत (32) की भी जान चली गयी जो सुगौली थाना क्षेत्र के छगराहा गांव का निवासी था। वहीं घायलों में चांद खान, शंकर कुमार शर्मा, रिफत प्रवीण और मनत प्रवीण शामिल हैं। सभी घायलों का इलाज जारी है। हादसे के बाद छपवा-बेतिया पथ पर कुछ देर के लिए जाम की स्थिति बन गई। सड़क पर क्षतिग्रस्त वाहन और लोगों की भीड़ के कारण आवागमन बाधित रहा।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और यातायात को बहाल कराया। पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है। साथ ही मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
