जबरन उठाकर अस्पताल ले गए सोनम वांगचुक की कैसी है तबीयत?, सफदरजंग अस्पताल ने जारी किया बयान
सोनम की सेहत पर अस्पताल ने कहा कि लंबे समय से भूख हड़ताल और शरीर में पानी की कमी (डिहाइड्रेशन) की वजह से उनकी तबीयत काफी कमजोर है। फिलहाल उनकी हालत स्थिर है, लेकिन उन्हें डॉक्टरों की लगातार निगरानी में रखा गया है, उनकी सेहत में सुधार और शरीर के जरूरी पैरामीटर सामान्य करने के लिए इलाज जारी है।

जंतर-मंतर से सोनम वांगचुक को हटाकर सफदरजंग अस्पताल में भर्ती करा दिया है। सोनम वांगचुक की पत्नी सफदरजंग में प्रेस वार्ता करेंगी। इस बीच सफदरजंग अस्पताल की तरफ से बयान सामने आया है। जिसमें कहा गया है कि सोनम वांगचुक को आज सुबह 7:40 बजे इलाज के लिए सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया।
लंबे समय से भूख हड़ताल और शरीर में पानी की कमी (डिहाइड्रेशन) की वजह से उनकी तबीयत काफी कमजोर है।फिलहाल उनकी हालत स्थिर है, लेकिन उन्हें डॉक्टरों की लगातार निगरानी में रखा गया है, उनकी सेहत में सुधार और शरीर के जरूरी पैरामीटर सामान्य करने के लिए इलाज जारी है।
सफदरजंग अस्पताल की मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. चारू बांबा ने सोनम वांगचुक की सेहत के बारे में जानकारी देते हुए कहा, "अनशन की वजह से उनमें डिहाइड्रेशन और थोड़ी कमज़ोरी है। हालांकि, वे पूरी तरह होश में हैं और उन्हें सब पता है। उनके ज़रूरी पैरामीटर - जैसे ब्लड प्रेशर, पल्स रेट और सैचुरेशन - स्थिर हैं।"
उधर, अस्पताल में भर्ती किए जाने के बाद उनकी पत्नी गीतांजलि जे अंग्मो भी सफदरजंग अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि वह स्वयं अस्पताल में मौजूद हैं और वांगचुक की सेहत पर लगातार नजर रख रही हैं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि परिवार, उनकी सहमति और पिछले कई दिनों से वांगचुक का इलाज कर रहे डॉक्टरों की अनुमति के बिना उन्हें मुंह या नस के जरिए किसी भी तरह की दवा, तरल पदार्थ या अन्य चिकित्सकीय हस्तक्षेप नहीं किया जाना चाहिए।
इस बीच, वांगचुक के समर्थन में एक और भूख हड़ताल की घोषणा की गई है। 'कॉकरोच जनता पार्टी' के संस्थापक अभिजीत दिपके ने शनिवार को अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करने का ऐलान किया। उन्होंने यह घोषणा उस समय की, जब सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर से हटाकर सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया। दिपके ने कहा कि उनका अनशन वांगचुक के समर्थन और शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक आंदोलनों के पक्ष में एकजुटता का प्रतीक होगा।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
