देश में आज से अगले 4 दिनों तक कैसा रहेगा मौसम? दिल्ली-यूपी समेत इन राज्यों को लेकर IMD ने जारी किया अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में आज यानी 10 जून को न्यूनतम तापमान 28 डिग्री और अधिकतम तापमान 41 डिग्री दर्ज किया जा सकता है। दिन में आज तेज हवाएं चलने की संभावना है। अगले कुछ दिनों तक दिल्ली वासियों को गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली है।

फोटो: Getty Images
फोटो: Getty Images
user

नवजीवन डेस्क

देश के कई राज्यों में भीषण गर्मी पड़ रही है। जून के महीने की शुरूआत के साथ ही दिल्ली और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में झुलसा देने वाली गर्मी ने लोगों का जीना दूभर कर रखा है। केरल में मॉनसून की दस्तक के बाद दूसरे राज्यों में भी लोगों को मॉनसून की बारिश का इंतजार है। इस बीच मौसम विभाग ने लू को लेकर अलर्ट जारी किया है। आईएमडी ने बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में अगले 3 से 4 दिनों तक हीटवेव को लेकर अलर्ट जारी किया है। आने वाले दिनों में देश की राजधानी दिल्ली में भी तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।

मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में आज यानी 10 जून को न्यूनतम तापमान 28 डिग्री और अधिकतम तापमान 41 डिग्री दर्ज किया जा सकता है। दिन में आज तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक दिल्ली वासियों को गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली है। आईएमडी ने अगले कुछ दिनों तक दिल्ली में आसमान साफ रहने और शुष्क मौसम का अनुमान जताया है। राहत की बात यह है कि मौसम विभाग ने राजधानी में करीब 1 हफ्ते तक हीटवेव की बात नहीं की है।


मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक उत्तर प्रदेश में लोगों को भीषण गर्मी और झुलसा देने वाली धूप से राहत नहीं मिलेने वाली है। मौसम विभाग ने वाराणसी के लिए गर्मी को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के मुताबिक, यूपी की राजधानी लखनऊ में आज न्यूनतम तापमान 27 डिग्री और अधिकतम तापमान 42 तक रहने की संभावना है। लखनऊ में दोपहर या शाम तक आंशिक तौर पर बादल छाए रहने की संभावना है। वहीं, दिल्ली से सटे गाजियाबाद में आज न्यूनतम तापमान 27 डिग्री और अधिकतम तापमान 41 डिग्री रहने का अनुमान है। गाजियाबाद में आज आसमान साफ रहेगा।

पंजाब के कई जिलों में लोग भीषण गर्मी से बेहला हैं। राजधानी चंडीगढ़ में आसमान साफ बना हुआ है, सूर्य देव कहर बरपा रहे हैं। यहां आज अधिकतम तापमान 40 डिग्री तक दर्ज किया जा सकता है। वहीं, जालंधार में अधिकतम तापमान 40 डिग्री पहुंचने के अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, राहत की बात यह है कि कल से पंजाब के कई इलाकों में हल्की बारिश की संभावना है।


मौसम विभाग के मुताबिक, आज केरल, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, पूर्वी असम और अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। तमिलनाडु, कर्नाटक, रायलसीमा और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक या दो जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना है। उत्तर पश्चिमी राजस्थान, हरियाणा के कुछ हिस्सों में धूल भरी आंधी और गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


/* */