गुजरात में कैबिनेट गठन से पहले बीजेपी में भारी बगावत, विधायकों की नाराजगी के बाद टालना पड़ा शपथ ग्रहण

भूपेंद्र पटेल अपनी कैबिनेट में 90 फीसदी पुराने मंत्रियों को बदलना चाहते हैं। ऐसे में मंत्री पद से हटाए जाने की आशंका की वजह से कई बीजेपी विधायकों ने विरोध का झंडा उठा लिया, जिसके बाद विवाद खड़ा हो गया। इसके चलते पार्टी को आनन-फानन में शपथ ग्रहण टालना पड़ा।

फोटोः सोशल मीडिया
i

गुजरात में बीजेपी के अंदर सत्ता को लेकर मचा घमासान और ज्यादा बढ़ गया है और पार्टी विधायकों की बगावत खुलकर सामने आ गई है। जिसके चलते बुधवार को होने वाले सीएम भूपेंद्र पटेल के मंत्रिमंडल के शपथ ग्रहण को टालना प़ड़ा है। कार्यक्रम को लेकर जो बैनर लगाए गए थे, उनको फाड़ दिया गया है या उतार दिया गया है। सीएम भूपेंद्र पटेल का शपथ ग्रहण पहले ही हो चुका है। आज उनके मंत्रिमंडल का शपथग्रहण होना था। खबर है कि अब गुरुवार को 1.30 बजे कैबिनेट का शपथ ग्रहण होगा।

खबरों के मुताबिक नए सीएम भूपेंद्र पटेल के मंत्रीमंडल में बड़े पैमाने पर फेरबदल की बात सामने आई थी, जिसपर विवाद हो गया है। जानकारी के मुताबिक भूपेंद्र पटेल अपनी कैबिनेट में करीब 90 फीसदी पुराने मंत्रियों को बदलना चाहते हैं। ऐसे में मंत्री पद से बेदखल होने की आशंका की वजह से कई बीजेपी विधायकों ने विरोध का झंडा उठा लिया, जिसके बाद विवाद खड़ा हो गया। इसके चलते पार्टी को आनन-फानन में शपथ ग्रहण टालना पड़ा।


खबर है कि इन विधायकों ने पूर्व सीएम विजय रुपाणी के घर जाकर उनसे मुलाकात की है। यही नहीं मंत्रिमंडल में बदलाव से पहले ही कुछ विधायक पूर्व सीएम विजय रुपाणी के आवास पहुंच गए थे। मिली जानकारी के मुताबिक बीजेपी के ईश्वर पटेल, ईश्वर परमार, बचु खाबड़, वासण आहीर, योगेश पटेल पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी के आवास पर पहुंचे थे। कहा जा रहा है कि मंत्री नहीं बनाए जाने की वजह से नाराज विधायक उनसे मिलने पहुंचे थे।

बता दें कि विजय रुपाणी क मुख्यमंत्री पद से हटाने के बाद से ही गुजरात बीजेपी में संकट जारी है। रुपाणी के इस्तीफे के बाद बीजेपी के दिग्गज नेता नितिन पटेल सीएम पद के सबसे प्रबल दावेदार थे, लेकिन उन्हें एक बार फिर नजरअंदाज कर दिया गया। नए समीकरण में नितिन पटेल, भूपेंद्र सिंह चुडास्मा, आरसी फाल्दू और कौशिक पटेल के सियासी भविष्य पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। कहा जा रहा है कि भूपेंद्र पटेल के सीएम बनने से पार्टी में संकट और गहरा गया है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए