झारखंड के IAS ने छूए दफ्तर के चपरासी के पांव, अफसर की विनम्रता पर हर किसी की आंखें हो गईं नम

पलामू में उपायुक्त के पद पर रहे आंजनेयुलु दोड्डे का तबादला दुमका में इसी पद पर हुआ है। शुक्रवार को जिला समाहरणालय में उन्हें फेयरवेल दिया गया और नए उपायुक्त शशि रंजन का स्वागत किया गया। इसी समारोह में दोड्डे ने बुजुर्ग चपरासी नंदलाल प्रसाद के पैर छू लिए।

झारखंड के IAS ने छूए दफ्तर के चपरासी के पांव
i

झारखंड के एक आईएएस अफसर ने अपने तबादले के बाद आयोजित फेयरवेल पार्टी में अपने दफ्तर में तैनात एक चपरासी के पैर छूकर सबको हैरान करने के साथ ही भावुक भी कर दिया। इस दौरान अधिकारी और चपरासी दोनों भावुक हो उठे और उनकी विनम्रता पर वहां मौजूद कई लोगों की आंखें नम हो उठीं।

इस आईएएस अफसर का नाम है- आंजनेयुलु दोड्डे है। वह पलामू जिले में उपायुक्त के रूप में पोस्टेड थे। उनका तबादला दुमका में इसी पद पर हुआ है। शुक्रवार को जिला समाहरणालय में उन्हें फेयरवेल दिया गया और नए उपायुक्त शशि रंजन का स्वागत किया गया। इसी समारोह में उपायुक्त ए. दोड्डे ने बुजुर्ग चपरासी नंदलाल प्रसाद के पैर छू लिए।

झारखंड के IAS ने छूए दफ्तर के चपरासी के पांव
झारखंड के IAS ने छूए दफ्तर के चपरासी के पांव
फोटोः IANS

नंदलाल प्रसाद ने उन्हें रोकने की कोशिश की पर उन्होंने यह कहते हुए चरण स्पर्श किया कि आप मेरे पितातुल्य हैं। यहां सेवा काल के दौरान आपने मेरी सबसे ज्यादा सेवा की है। मेरे पिता भी चपरासी स्तर के ही कर्मी थे। आज जो कुछ हूं, उन्हीं के आशीर्वाद से हूं। इस दौरान ए. दोड्डे और उनके अनुसेवक रहे नंदलाल प्रसाद की आंखें नम हो गईं। दोड्डे ने अपने कार्यालय के तीनों चपरासी को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।

इसके पहले भी कई बार आंजनेयुलू दोड्डे की संवेदनशीलता के उदाहरण सामने आए हैं। कुछ महीने पहले उनकी नजर अपने कार्यालय परिसर में एक महिला और उसकी गोद में लेटे उसके बीमार पति पर पड़ी तो वह उसके पास जाकर जमीन पर बैठ गए। महिला ने रोते हुए बताया कि उनके पति असलम अंसारी कैंसर से जूझ रहे हैं और उनकी माली हालत बेहद खराब है। इस पर उन्होंने दंपति को इलाज के लिए तत्काल 50 हजार रुपए का चेक दिया और एंबुलेंस बुलाकर उन्हें हॉस्पिटल भिजवाया था।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए