'महाराष्ट्र से गुजरातियों को हटाया गया तो...', इस बयान पर घिरे राज्यपाल कोश्यारी, शिवेसना बोली- ये मराठियों का अपमान है

शिवसेना नेता संजय राउत ने राज्यपाल के बयान का वीडियो शेयर करते हुए कहा कि बीजेपी प्रायोजित मुख्यमंत्री के सत्ता में आते ही मराठी व्यक्ति का अपमान हो जाता है। उन्होंने कहा कि सीएम शिंदे, कम से कम राज्यपाल की निंदा करें।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने एक बयान देकर बाहरी बनाम मराठी के मुद्दे को फिर हवा दे दी है। साथ ही वह अपने बयान पर चारों तरफ से घिर गए हैं। मुंबई के अंधेरी में एक कार्यक्रम में राज्यपाल ने कहा कि अगर महाराष्ट्र, खासकर मुंबई और ठाणे से गुजरातियों और राजस्थानियों को हटा दिया जाता है, तो यहां कोई पैसा नहीं बचेगा। मुंबई, देश की आर्थिक राजधानी नहीं रह पाएगी। अब उनसे पूछा जा रहा है कि क्या मराठी दूसरे राज्यों के लोगों के मुकाबले कमतर हैं?

राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी के बयान का शिवसेना नेता संजय राउत ने विरोध किया है। उन्होंने इस बयान को मराठियों की अस्मिता से जोड़ते हुए राज्य के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से सवाल पूछा और राज्यपाल के बयान की निंदा करने की अपील की।


संजय राउत ने राज्यपाल के बयान का वीडियो शेयर करते हुए कहा कि बीजेपी प्रायोजित मुख्यमंत्री के सत्ता में आते ही मराठी व्यक्ति का अपमान हो जाता है। उन्होंने कहा कि सीएम शिंदे, कम से कम राज्यपाल की निंदा करें। यह मराठी मेहनती लोगों का अपमान है। संजय राउत ने कहा, “राज्यपाल का मतलब है कि महाराष्ट्र और मराठी लोग भिखारी हैं। मुख्यमंत्री शिंदे, क्या आप सुन रहे हैं? कि आपका महाराष्ट्र अलग है। अगर आपका स्वाभिमान है, तो राज्यपाल का इस्तीफा मांगें।”

महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि हम महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी द्वारा की गई टिप्पणी की निंदा करते हैं। उन्हें जनता से माफी मांगनी चाहिए। उन्हें तत्काल प्रभाव से उनके पद से हटाया जाना चाहिए।

वहीं, कांग्रेस नेता सचिन सावंत ने भी राज्यपाल के बयान की निंदा की है। उन्होंने भी वीडियो ट्वीट कर कहा कि महाराष्ट्र के राज्यपाल द्वारा मराठी लोगों का अपमान भयानक है।


राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने शुक्रवार को मुंबई के अंधेरी में यह टिप्पणी की, जहां एक चौक का नाम दिवंगत शांतिदेवी चम्पालालजी कोठारी के नाम पर रखा गया। इसी कार्यक्रम में वह शामिल होने आए थे। कार्यक्रम में बोलते हुए राज्यपाल ने मारवाड़ी गुजराती समुदाय की तारीफ की और उन्होंने कहा कि इस समुदाय के लोग जहां भी जाते हैं, अस्पताल, स्कूल बनाकर जगह के विकास में अपना योगदान करते हैं।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 30 Jul 2022, 10:01 AM