'7 हत्याओं का आरोपी बिहार का CM सड़क छाप अपराधी है', तेजस्वी बोले- छात्रों की रिहाई नहीं हुई तो...
तेजस्वी यादव ने सोशल नेटवर्किंग साइट एक्स पर सीएम सम्राट चौधरी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि लोकतांत्रिक परंपराओं को त्यागते हुए देश में पहली बार प्रदर्शनकारी छात्रों पर गोली चलवाई है।

बिहार में छात्रों पर हुए लाठी चार्ज और उनकी गिरफ्तारी को लेकर विपक्ष सम्राट चौधरी पर हमलावर है। बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने सोमवार को बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में आरजेडी प्रत्याशी रेखा गुप्ता के पक्ष में चुनाव प्रचार से पहले उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और एनडीए सरकार पर तीखा हमला बोला।
तेजस्वी यादव की सीएम सम्राट पर बड़ा हमला
तेजस्वी यादव ने सोशल नेटवर्किंग साइट एक्स पर सीएम सम्राट चौधरी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि लोकतांत्रिक परंपराओं को त्यागते हुए देश में पहली बार प्रदर्शनकारी छात्रों पर गोली चलवाई है।
तेजस्वी ने कहा, "7 हत्याओं का आरोपी बिहार का मुख्यमंत्री सड़क छाप अपराधी है जिसने तमाम लोकतांत्रिक परंपराओं को त्याग देश में पहली बार प्रदर्शनकारी छात्रों पर AK-47 से गोली चलवाई है।"
उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों के साथ समझौता होने के बावजूद राज्यभर में हजारों छात्रों पर फर्जी मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। साथ ही उन्हें हिरासत में लिया जा रहा है और उनके परिजनों को भी प्रताड़ित किया जा रहा है।
तेजस्वी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि छात्रों को जल्द रिहा नहीं किया गया तो इसका राजनीतिक खामियाजा एनडीए सरकार को भुगतना पड़ेगा।
इससे पहले आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार पर निशाना साधा था। पटना एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा था कि प्रदर्शनकारी छात्रों के खिलाफ की गई कार्रवाई लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है।
उन्होंने आरोप लगाया था कि सरकार छात्रों की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। तेजस्वी यादव ने तब भी सरकार को चेतावनी देते हुए कहा था कि यदि सोमवार तक आंदोलन में शामिल छात्रों को रिहा नहीं किया गया तो विपक्ष राज्यव्यापी बड़ा आंदोलन शुरू करेगा। उन्होंने कहा था कि महागठबंधन छात्रों के साथ खड़ा है और उनके अधिकारों की लड़ाई हर स्तर पर लड़ी जाएगी।
आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
