मौसम अपडेट: दिल्ली, राजस्थान, यूपी समेत कई राज्यों में भीषण गर्मी का कहर, पारा 47°C के पार, IMD अलर्ट जारी

देशभर में भीषण गर्मी का असर बढ़ गया है। उत्तर भारत में लू का कहर जारी है, जबकि दक्षिण और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी हुआ है।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। मध्य और उत्तर-पश्चिम भारत के बड़े इलाके इस समय लू की चपेट में हैं, जहां तापमान 47 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच रहा है। दूसरी ओर दक्षिण भारत, पूर्वोत्तर और तटीय इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम के इस दोहरे असर ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, अगले सात दिनों तक मध्य भारत में भीषण लू चलने की आशंका है। वहीं, उत्तर-पश्चिम भारत में 24 से 29 मई के बीच अत्यधिक गर्मी और लू जैसी स्थिति बनी रह सकती है। मौसम विभाग ने कहा है कि उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में तापमान आने वाले दिनों में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।

कई राज्यों में लू का अलर्ट, दक्षिण में भारी बारिश की चेतावनी

रविवार को मध्य, उत्तर-पश्चिम और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में भीषण गर्मी का असर देखने को मिल सकता है। कई क्षेत्रों में लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद फिलहाल नजर नहीं आ रही है।

वहीं, केरल, लक्षद्वीप, तमिलनाडु, पूर्वोत्तर भारत और पूर्वी भारत से जुड़े आसपास के इलाकों में कुछ जगहों पर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों में गरज-चमक और तेज बारिश की संभावना जताई है।


दिल्ली-एनसीआर में फिर बढ़ेगी गर्मी

दिल्ली-एनसीआर में शनिवार को कई इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को कुछ राहत मिली। हालांकि मौसम विभाग का अनुमान है कि रविवार को एक बार फिर गर्मी बढ़ सकती है।

आईएमडी के मुताबिक, रविवार को दिल्ली में आसमान ज्यादातर साफ रहेगा और कुछ इलाकों में लू चल सकती है। दिन के समय 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चलने की संभावना है। राजधानी में अधिकतम तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

बारिश और गरज-चमक के आसार

मौसम विभाग ने सोमवार को दिल्ली में बारिश की संभावना भी जताई है। 25 मई को आसमान ज्यादातर साफ रहेगा, लेकिन दोपहर तक आंशिक रूप से बादल छा सकते हैं। कुछ इलाकों में लू चलने के साथ दोपहर से शाम के बीच गरज-चमक और बारिश होने की संभावना है।

इस दिन दिल्ली का अधिकतम तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia