मौसम अपडेट: अगले 24 घंटे रहेंगे भारी, यूपी-बिहार समेत 15 राज्यों में मूसलाधार बारिश और आंधी की चेतावनी

मौसम विभाग ने यूपी, बिहार, उत्तराखंड, हिमाचल, राजस्थान समेत 15 राज्यों में भारी बारिश, तेज हवाओं और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है।

फोटोः IANS
i

देश के कई हिस्सों में मॉनसून फिर सक्रिय हो गया है। भारत मौसम विभाग (IMD) ने 19 जुलाई के लिए जारी अपने बारिश अलर्ट में उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, राजस्थान समेत 15 राज्यों में हल्की से लेकर भारी बारिश की चेतावनी दी है। कई इलाकों में 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश की भी आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।

इन राज्यों में सबसे ज्यादा असर की आशंका

मौसम विभाग के अनुसार, देश के अलग-अलग हिस्सों में सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण और ट्रफ सिस्टम के कारण उत्तर-पश्चिम, पूर्व और पूर्वोत्तर भारत में व्यापक बारिश का दौर जारी रहेगा। 19 जुलाई को असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में मूसलाधार बारिश हो सकती है। वहीं उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में भारी से बहुत भारी तथा कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा का अनुमान है। पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और दिल्ली में भी तेज हवाओं, गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।


उत्तर प्रदेश: 24 जुलाई तक कई जिलों में मूसलाधार बारिश

आईएमडी के मुताबिक, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर (नोएडा), हापुड़, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, आगरा, अलीगढ़, बरेली, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर और आसपास के जिलों में 19 से 24 जुलाई तक भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।

वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश के लखनऊ, कानपुर, अयोध्या, बाराबंकी, गोरखपुर, बहराइच, गाजीपुर, बलिया, वाराणसी, जौनपुर, प्रयागराज, मिर्जापुर, सोनभद्र, कुशीनगर, देवरिया समेत अधिकांश जिलों में इसी अवधि के दौरान व्यापक बारिश और कई स्थानों पर भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है।

बिहार: तीन दिन व्यापक बारिश, फिर भारी वर्षा का अनुमान

बिहार के पटना, गया, मुजफ्फरपुर, वैशाली, दरभंगा, मधुबनी, भागलपुर, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज, अररिया, बेगूसराय, समस्तीपुर, सीतामढ़ी, पश्चिमी और पूर्वी चंपारण सहित अधिकांश जिलों में 19 से 21 जुलाई तक व्यापक वर्षा होने की संभावना है। इसके बाद 21 से 24 जुलाई के बीच राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने जलभराव और बिजली गिरने की घटनाओं को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।


राजस्थान: पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में बारिश बढ़ेगी

पूर्वी राजस्थान के जयपुर, अलवर, भरतपुर, कोटा, बूंदी, अजमेर, उदयपुर, भीलवाड़ा और आसपास के जिलों में 19 से 24 जुलाई तक बारिश जारी रहने का अनुमान है। 20 जुलाई के बाद कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है।

वहीं, पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, जैसलमेर, बाड़मेर, बीकानेर, श्रीगंगानगर, नागौर, पाली और जालोर में 20 से 24 जुलाई के बीच गरज-चमक के साथ बारिश तथा 22 से 24 जुलाई के दौरान भारी वर्षा की संभावना जताई गई है।

हिमाचल और उत्तराखंड: ऑरेंज अलर्ट, भूस्खलन का खतरा

हिमाचल प्रदेश में 19 से 23 जुलाई के बीच कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम केंद्र शिमला के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के साथ सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ के कारण राज्य में व्यापक बारिश होगी। मंडी, कांगड़ा, कुल्लू, शिमला और सिरमौर में भूस्खलन और फ्लैश फ्लड का खतरा बना हुआ है।

उत्तराखंड में देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, रुद्रप्रयाग, चमोली, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा और चंपावत सहित अधिकांश जिलों में 19 से 24 जुलाई तक बारिश जारी रहेगी। 19 और 20 जुलाई को कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी तथा कहीं-कहीं अत्यधिक भारी वर्षा हो सकती है।


झारखंड और जम्मू-कश्मीर में भी चेतावनी

झारखंड के रांची, जमशेदपुर, धनबाद, बोकारो, देवघर, दुमका, पलामू, हजारीबाग, गुमला और अन्य अधिकांश जिलों में 19 से 23 जुलाई तक व्यापक बारिश की संभावना है।

वहीं, जम्मू-कश्मीर में 19 से 22 जुलाई के बीच भारी बारिश, फ्लैश फ्लड, भूस्खलन और निचले इलाकों में जलभराव का खतरा जताया गया है। लोगों को नदियों और पहाड़ी नालों से दूर रहने तथा प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।

दिल्ली में उमस रहेगी, हल्की बारिश के भी आसार

दिल्ली-एनसीआर के लिए रविवार को येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, सुबह या दोपहर से पहले कुछ इलाकों में हल्की बारिश और गरज-चमक हो सकती है। इस दौरान 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, जो कुछ समय के लिए 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं। अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। हल्की बारिश के बावजूद उमस बनी रह सकती है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए