मौसम अपडेट: यूपी-बिहार और उत्तराखंड समेत 17 राज्यों में बारिश की चेतावनी, 80 किमी/घंटा तक चलेंगी तेज हवाएं

मौसम विभाग ने 17 राज्यों में भारी बारिश, 40 से 80 किमी प्रति घंटे की तेज हवाओं और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया है। अगले 7 दिन कई राज्यों में बारिश बढ़ेगी।

फोटोः सोशल मीडिया
i

मौसम विभाग ने देश के कई हिस्सों में अगले 7 दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है। उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट पर बना कम दबाव का क्षेत्र अब सुस्पष्ट लो प्रेशर एरिया में बदल गया है, जिसके कारण 17 राज्यों में हल्की से लेकर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने कई इलाकों में 40 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, गरज-चमक और बिजली गिरने की भी चेतावनी दी है।

लो प्रेशर सिस्टम सक्रिय, कई राज्यों में होगी बारिश

आईएमडी के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे उत्तरी ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट पर बना कम दबाव का क्षेत्र अब सुस्पष्ट लो प्रेशर एरिया बन चुका है। इसके अगले दो दिनों में उत्तर ओडिशा और गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल की ओर बढ़ने की संभावना है। इसी सिस्टम के असर से हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, मध्य प्रदेश, गुजरात, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश, असम, महाराष्ट्र समेत 17 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।


दिल्ली में 18 जुलाई से बदलेगा मौसम

दिल्ली में 17 जुलाई को आसमान में बादल छाए रहने का अनुमान है। इस दिन अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार 18 जुलाई से मौसम में बदलाव शुरू होगा और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। 19 जुलाई को भी वर्षा का सिलसिला जारी रह सकता है। 20 जुलाई तक अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

पूर्वी यूपी में आज बारिश के आसार

उत्तर प्रदेश में 17 जुलाई को वाराणसी, गाजीपुर, जौनपुर, चंदौली, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, बस्ती, संत कबीर नगर, सिद्धार्थनगर और महाराजगंज समेत पूर्वी यूपी के कई जिलों में बारिश की संभावना है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 17 से 19 जुलाई तक वर्षा हो सकती है। वहीं 19 से 21 जुलाई के दौरान पूर्वी यूपी और 19 से 22 जुलाई तक पश्चिमी यूपी के कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी भी दी गई है।


बिहार के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

बिहार में 17 से 21 जुलाई तक व्यापक वर्षा की संभावना है। 17 जुलाई को बांका और पश्चिमी चंपारण में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। 18 जुलाई को पटना, नालंदा, जहानाबाद, गया, रोहतास, औरंगाबाद और अरवल में भी भारी वर्षा हो सकती है। 21 और 22 जुलाई को राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है।

राजस्थान में 20 जुलाई से बारिश, बिजली गिरने की चेतावनी

पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में 16 से 22 जुलाई तक रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने 20 से 22 जुलाई के बीच कई इलाकों में गरज-चमक, बिजली गिरने और 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है।


उत्तराखंड-हिमाचल में कई जगह मूसलाधार बारिश की आशंका

हिमाचल प्रदेश में 17 जुलाई को बारिश और 18 से 22 जुलाई तक व्यापक वर्षा का अनुमान है। 19 से 22 जुलाई के बीच कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं उत्तराखंड में 17 से 22 जुलाई तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। 18 से 21 जुलाई के दौरान कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। दोनों राज्यों में गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है।

झारखंड, जम्मू-कश्मीर में भी भारी बारिश का अलर्ट

झारखंड में 17 से 22 जुलाई तक व्यापक वर्षा की संभावना है। 17 और 18 जुलाई को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है, जबकि 17 से 20 जुलाई के बीच 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। दूसरी ओर जम्मू-कश्मीर में 17 जुलाई से बारिश का दौर शुरू होने और 18 से 22 जुलाई तक कई इलाकों में व्यापक वर्षा की संभावना है। 19 से 22 जुलाई के बीच कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। साथ ही तेज हवाओं और गरज-चमक का भी अलर्ट जारी किया गया है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए