मौसम अपडेट: यूपी, बिहार, राजस्थान समेत 12 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, 70 Kmph तक चलेंगी तेज हवाएं

यूपी, बिहार, दिल्ली, राजस्थान समेत 12 राज्यों में 26 जुलाई को भारी बारिश, तेज हवाएं, वज्रपात और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है।

फोटो: सोशल मीडिया
i

देश के कई हिस्सों में लगातार सक्रिय मानसूनी सिस्टम के बीच भारत मौसम विभाग (IMD) ने 26 जुलाई के लिए बड़ा अलर्ट जारी किया है। उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, उत्तराखंड, राजस्थान, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश और गुजरात समेत 12 राज्यों में भारी बारिश, तेज आंधी और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। कई इलाकों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने किसानों, पहाड़ी इलाकों में यात्रा करने वालों और नदी-समुद्र के किनारे रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।

मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र अब दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान और उससे लगे क्षेत्रों में सक्रिय है। इसी मौसम प्रणाली के प्रभाव से उत्तर, पश्चिम और पूर्वी भारत के कई राज्यों में बारिश का दौर तेज रहने की संभावना है। पूर्वी भारत के कई हिस्सों में वज्रपात का खतरा बना हुआ है, जबकि कुछ इलाकों में ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका भी जताई गई है।

उत्तर प्रदेश में कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

उत्तर प्रदेश के मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, बिजनौर, मोरादाबाद, बरेली, कानपुर, बदायूं, रामपुर, मैनपुरी, ललितपुर, सीतापुर, हरदोई, बहराइच, कन्नौज, कुशीनगर, प्रयागराज, गोरखपुर और देवरिया समेत कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है। लखनऊ में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।


बिहार में 70 Kmph तक तेज हवा और वज्रपात की चेतावनी

बिहार के पटना, गया, सारण, जहानाबाद, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, पूर्णिया, सहरसा, सुपौल, मधेपुरा, कटिहार, किशनगंज, अररिया, भागलपुर, बांका, मुंगेर, जमुई, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण में बारिश और तूफान का अलर्ट जारी किया गया है। यहां 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और आकाशीय बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा। पटना का अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

दिल्ली और हरियाणा में भी मौसम का असर

दिल्ली में देर शाम तक तेज बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। राजधानी का अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

हरियाणा के पानीपत, सोनीपत, भिवानी, फरीदाबाद, पलवल और रेवाड़ी में 26 से 28 जुलाई के बीच बारिश के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।


उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में हाई अलर्ट

उत्तराखंड के चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़, नैनीताल, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल, हरिद्वार और ऋषिकेश में 26 और 27 जुलाई को बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। देहरादून में अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर, चंबा, सिरमौर, कांगड़ा, कुल्लू, शिमला, किन्नौर, मंडी और सोलन में 26-27 जुलाई को बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है। मनाली में अधिकतम तापमान 17 डिग्री और न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

जम्मू-कश्मीर के कठुआ, जम्मू, रियासी, रामबन, राजौरी, कुलगाम, पुंछ, कुपवाड़ा, बारामूला और पुलवामा में भारी बारिश के साथ 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। श्रीनगर का अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम 18 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

झारखंड और पश्चिम बंगाल में वज्रपात का खतरा

झारखंड के रांची, साहेबगंज, पाकुड़, जामताड़ा, दुमका, बोकारो, हजारीबाग, गिरिडीह, जमशेदपुर, रामगढ़, खूंटी, पश्चिमी सिंहभूम, लोहरदगा, चतरा, गुमला, सिमडेगा और सरायकेला में भारी बारिश के साथ 55 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।

पश्चिम बंगाल के कोलकाता, कालिम्पोंग, कूचबिहार, बीरभूम, हुगली, मुर्शिदाबाद, पुरुलिया, नादिया और दक्षिण 24 परगना में भारी बारिश और 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज हवाओं की संभावना है। कोलकाता का अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।


राजस्थान में सबसे ज्यादा असर, 70 Kmph तक तेज हवाओं का अलर्ट

राजस्थान के बारां, कोटा, बूंदी, सिरोही, भीलवाड़ा, सीकर, उदयपुर, भरतपुर, अजमेर, जयपुर, जोधपुर, राजसमंद और टोंक में भारी बारिश के साथ 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। जयपुर का अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

मध्य प्रदेश में 26-27 जुलाई को भारी बारिश की चेतावनी

मध्य प्रदेश के खंडवा, देवास, छिंदवाड़ा, बेतुल, होशंगाबाद, विदिशा, बालाघाट, रीवा, सिंगरौली और उज्जैन में 26 और 27 जुलाई को भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। भोपाल में अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।


गुजरात, महाराष्ट्र और पंजाब में भी बारिश का अलर्ट

गुजरात के नवसारी, सूरत, तापी, वलसाड, डांग, जूनागढ़, अमरेली, अहमदाबाद, बावला और भावनगर में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है।

महाराष्ट्र के पुणे, ठाणे, मुंबई, पालघर, रत्नागिरी, बुलढ़ाना, अमरावती, गढ़चिरौली और गोंदिया में भारी बारिश के साथ 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। मुंबई का अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

पंजाब के पठानकोट, होशियारपुर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, पटियाला, संगरूर, एसएएस नगर और रूपनगर में भारी बारिश के साथ 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है।

मौसम विभाग ने सभी प्रभावित राज्यों के लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, बिजली गिरने की आशंका के समय खुले स्थानों में न रहने और स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी सलाह का पालन करने की अपील की है। किसानों को भी फसलों और कृषि कार्यों के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए