मौसम अपडेट: दिल्ली-UP-बिहार समेत 14 राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट, पहाड़ों में भूस्खलन का खतरा, जानें देशभर का हाल

मौसम विभाग ने आज दिल्ली, यूपी-बिहार समेत 14 राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। पहाड़ों में भूस्खलन का खतरा है।

फोटोः IANS
i

मॉनसून की सक्रियता का असर देश के बड़े हिस्से में दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग (IMD) ने 27 अगस्त को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत 14 राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। कई जगह ओले गिरने और वज्रपात की भी आशंका है। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर जैसे पहाड़ी राज्यों में अगले कुछ घंटे खास तौर पर मुश्किल हो सकते हैं, जहां भारी बारिश के साथ भूस्खलन का खतरा बना हुआ है।

आईएमडी के मुताबिक, उत्तर-पूर्वी असम और आसपास के क्षेत्र में ऊपरी हवा का साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। इसके अलावा उत्तर-पश्चिमी मध्य प्रदेश और आसपास के इलाकों में भी ऊपरी हवा का साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय है। इन दोनों वेदर सिस्टम के कारण पूर्वी, पूर्वोत्तर, मध्य और उत्तर भारत के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। पहाड़ी इलाकों की यात्रा करने वालों को मौसम की ताजा जानकारी लेने और घने जंगलों तथा संवेदनशील इलाकों में जाने से बचने की सलाह दी गई है।

दिल्ली में बारिश के साथ 50 KM की रफ्तार से हवाएं

दिल्ली में 27 अगस्त को बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। राजधानी में अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।


यूपी के इन जिलों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर, गौतमबुद्ध नगर, मेरठ, गाजियाबाद, मुरादाबाद, आगरा, मथुरा, बहराइच, कानपुर, बलरामपुर, महाराजगंज, देवरिया, हमीरपुर, प्रयागराज, सोनभद्र, फतेहपुर, गोंडा, गोरखपुर, झांसी, ललितपुर और मिर्जापुर समेत कई जिलों में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी है। लखनऊ में अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

बिहार के 20 जिलों में तेज बारिश और आंधी की संभावना

बिहार में पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गया, गोपालगंज, सिवान, सारण, वैशाली, मुजफ्फरपुर, रक्सौल, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सहरसा, सुपौल, अररिया, कटिहार, पूर्णिया, मधेपुरा, खगड़िया और बेगूसराय में भारी बारिश और आंधी की प्रबल संभावना है। कई इलाकों में हवा की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। पटना में अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।


पंजाब में 60 KM तक पहुंच सकती है हवा की रफ्तार

पंजाब के लुधियाना, पटियाला, चंडीगढ़, होशियारपुर, बठिंडा, अमृतसर, कपूरथला और जालंधर समेत कई इलाकों में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी है। यहां हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

राजस्थान के इन जिलों में येलो अलर्ट

राजस्थान के हनुमानगढ़, चूरू, झुंझुनूं, अलवर, भरतपुर, धौलपुर और सीकर में बारिश का येलो अलर्ट है। यहां तेज हवाएं 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। जयपुर में अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।


मध्य प्रदेश के 15 जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट

मध्य प्रदेश में धार, उज्जैन, रतलाम, विदिशा, भोपाल, रायसेन, कटनी, बालाघाट, बैतूल, भिंड, दमोह, दतिया, मंदसौर, मुरैना और इंदौर में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट है। यहां 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। भोपाल में अधिकतम तापमान 27 और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

उत्तराखंड के 9 जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट

उत्तराखंड में रुद्रप्रयाग, देहरादून, उत्तरकाशी, नैनीताल, बागेश्वर, पिथौरागढ़, पौड़ी गढ़वाल, चमोली और चंपावत में बारिश और आंधी का अलर्ट है। देहरादून में अधिकतम तापमान 28 और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।


हिमाचल के 8 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

हिमाचल प्रदेश के मंडी, शिमला, कुल्लू, कांगड़ा, चंबा, किन्नौर, सोलन और बिलासपुर में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने का अनुमान है। मनाली में अधिकतम तापमान 17 और न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

जम्मू-कश्मीर में येलो अलर्ट, तापमान 2-3 डिग्री गिर सकता है

जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर, बारामूला, अनंतनाग, बडगाम, कुलगाम, रामबन, किश्तवाड़, मीरपुर, रियासी, जम्मू और कठुआ में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। बारिश के कारण तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। श्रीनगर में अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम 16 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।


कर्नाटक में 1 सितंबर तक बारिश का दौर

तटीय कर्नाटक में 1 सितंबर तक कई स्थानों पर व्यापक से लेकर व्यापक स्तर तक बारिश होने की संभावना है। उत्तर आंतरिक कर्नाटक में इस दौरान छिटपुट से लेकर कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भी 1 सितंबर तक छिटपुट से लेकर कुछ स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है।

आंध्र प्रदेश में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं

तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 1 सितंबर तक छिटपुट से लेकर कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। कुछ इलाकों में गरज-चमक, बिजली गिरने और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। हवा के झोंकों की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इसी दौरान तेज सतही हवाएं भी चलने की संभावना है।


तेलंगाना और तमिलनाडु में भी बारिश का अनुमान

तेलंगाना और तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 1 सितंबर तक छिटपुट से लेकर कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। कुछ इलाकों में गरज-चमक, बिजली गिरने और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

केरल में 1 सितंबर तक जारी रह सकता है बारिश का दौर

केरल और माहे में कई स्थानों पर व्यापक बारिश होने की संभावना है। मौसम का यह सिलसिला 1 सितंबर तक जारी रहने का पूर्वानुमान है।


प्रमुख शहरों में कैसा रहेगा तापमान?

अन्य प्रमुख शहरों की बात करें तो मुंबई में अधिकतम 30 और न्यूनतम 28 डिग्री, चेन्नई में 36 और 29 डिग्री, कोलकाता में 34 और 28 डिग्री, रांची में 30 और 24 डिग्री, शिमला में 26 और 19 डिग्री तथा नैनीताल में 23 और 21 डिग्री सेल्सियस तापमान रहने का अनुमान है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए