मौसम अपडेट: यूपी-बिहार से हिमाचल तक 15 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, पहाड़ों में भूस्खलन का खतरा
IMD ने यूपी, बिहार, राजस्थान, हिमाचल, पंजाब समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान जताया है। 15 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट है। विभाग ने हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में हल्की से लेकर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई इलाकों में 30 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश के कारण भूस्खलन की आशंका भी जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में बारिश की गतिविधियों में कुछ कमी आने की संभावना है। हालांकि तटीय और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में अगले दो दिनों तक कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं, पूर्वोत्तर भारत में अगले पांच दिनों तक बारिश तेज रहने का अनुमान है। इसके अलावा मध्य और पूर्वी हिमालय की तलहटी में भी अगले चार से पांच दिनों के दौरान वर्षा की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
दिल्ली में 3 और 4 अगस्त को हल्की बारिश के आसार
दिल्ली में 3 और 4 अगस्त को मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। 3 अगस्त को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री रहने का अनुमान है। दिनभर बादलों की आवाजाही के साथ हल्की बारिश हो सकती है। वहीं 4 अगस्त को अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश जारी रह सकती है। फिलहाल राजधानी के लिए किसी तरह का मौसम अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
उत्तर प्रदेश में 3 से 8 अगस्त तक जारी रहेगा बारिश का दौर
उत्तर प्रदेश में 3 से 8 अगस्त के बीच मध्यम से लेकर भारी बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 4 से 7 अगस्त के दौरान व्यापक बारिश हो सकती है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में 3 से 7 अगस्त के बीच कई स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
बिहार में 3 से 5 अगस्त तक व्यापक बारिश
बिहार में 3 अगस्त को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि राज्य के अधिकांश जिलों में 3 से 5 अगस्त तक व्यापक बारिश होगी। वहीं 4 और 5 अगस्त को कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है।
राजस्थान में पूर्वी हिस्से में लगातार बारिश, पश्चिम में छिटपुट वर्षा
राजस्थान में भी 3 से 8 अगस्त तक बारिश का दौर बना रहेगा। IMD के अनुसार, पूर्वी राजस्थान में इस दौरान लगातार बारिश होने की संभावना है, जबकि पश्चिमी राजस्थान में छिटपुट बारिश हो सकती है। राज्य के कई हिस्सों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
हिमाचल प्रदेश में पूरे सप्ताह भारी बारिश, भूस्खलन का खतरा
हिमाचल प्रदेश में पूरे सप्ताह कहीं-कहीं भारी बारिश जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि लगातार वर्षा के कारण पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और जलभराव का खतरा बढ़ सकता है। 3 से 8 अगस्त के दौरान चंबा, हमीरपुर, कांगड़ा, किन्नौर, कुल्लू, लाहौल एवं स्पीति, मंडी, शिमला, सिरमौर और सोलन जिले के लोगों को विशेष सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
पंजाब में 3 से 6 अगस्त तक कई इलाकों में व्यापक बारिश
पंजाब में 3 और 4 अगस्त के दौरान कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, 3 से 6 अगस्त के बीच राज्य के कई इलाकों में व्यापक बारिश होने की संभावना है। वहीं 7 और 8 अगस्त को बारिश की तीव्रता कम रहेगी और अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।
पूर्वोत्तर और अन्य राज्यों में भी बारिश का असर
मौसम विभाग ने उत्तराखंड, हरियाणा, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी हल्की से भारी बारिश की संभावना जताई है। पूर्वोत्तर भारत में अगले पांच दिनों तक कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। ऐसे में लोगों को मौसम विभाग की सलाह का पालन करने और खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
