मौसम अपडेट: यूपी-बिहार और गुजरात समेत 12 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, IMD की चेतावनी

मौसम विभाग ने देश के 12 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। दिल्ली-NCR, यूपी-बिहार, गुजरात और पहाड़ी राज्यों में मॉनसून सक्रिय है।

फोटोः IANS
i

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने रविवार को देश के 12 से ज्यादा राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक मॉनसून इस समय पूरी तरह एक्टिव है, जिसकी वजह से दक्षिण से लेकर उत्तर भारत तक बारिश का दौर जारी है। दिल्ली-NCR में बीती रात हुई तेज बारिश के बाद मौसम सुहाना हो गया है, वहीं उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान समेत कई राज्यों में अगले कुछ घंटों तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने दबाव के कारण मॉनसूनी गतिविधियां तेज हुई हैं। इसका असर उत्तर-पूर्वी राज्यों के साथ-साथ दक्षिण भारत में भी देखने को मिल रहा है। गुजरात, असम, केरल और तेलंगाना समेत कई राज्यों में तेज बारिश शुरू हो चुकी है। गुजरात में लगातार भारी बारिश के कारण कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं, जबकि असम में भी रविवार को बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

दिल्ली-NCR में बारिश से राहत

दिल्ली-NCR में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। शनिवार रात हुई तेज बारिश के बाद उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली है। सुबह ठंडी हवाओं के कारण मौसम काफी खुशनुमा नजर आया। मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को भी दिल्ली-NCR में आसमान में बादल छाए रहेंगे और मध्यम से तेज बारिश की संभावना बनी हुई है।

IMD के अनुसार अगस्त के पहले सप्ताह में दिल्ली-NCR में बारिश का दौर जारी रहने की उम्मीद है। मॉनसूनी हवाओं का रुख अभी भी राजधानी की ओर बना हुआ है। वहीं 2 से 5 अगस्त के बीच उत्तर-पश्चिमी राज्यों में अच्छी बारिश होने की संभावना जताई गई है।


यूपी-बिहार समेत कई राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट

उत्तर प्रदेश और बिहार में भी लोगों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग ने दोनों राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश की संभावना जताई है। उत्तर प्रदेश में भारी बारिश और आंधी का हाई अलर्ट जारी किया गया है। मेरठ, आगरा, मथुरा, कानपुर, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, गोरखपुर, आजमगढ़, देवरिया, सोनभद्र, चंदौली, मऊ, वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या में अच्छी बारिश हो सकती है।

वहीं, बिहार में बारिश और आंधी को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। गया, जहानाबाद, पटना, सारण, सिवान, बक्सर, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, किशनगंज, अररिया, बेगूसराय और भागलपुर में बारिश होने की संभावना है। दोनों राज्यों में फिलहाल मॉनसून सक्रिय बना हुआ है।

पहाड़ी राज्यों में रेड अलर्ट, गुजरात में बाढ़ जैसे हालात

पहाड़ी राज्यों में भी मॉनसून का असर तेज बना हुआ है। उत्तराखंड में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। रविवार को बागेश्वर, पिथौरागढ़, नैनीताल, चमोली, अल्मोड़ा, रुद्रप्रयाग, उधमसिंह नगर, पौड़ी गढ़वाल और चंपावत में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है।

हिमाचल प्रदेश में भी कई इलाकों में भारी बारिश को लेकर अलर्ट है। चंबा, कांगड़ा, सिरमौर, हमीरपुर, सोलन, कुल्लू, बिलासपुर और शिमला में मौसम विभाग ने सतर्क रहने की सलाह दी है। मनाली में बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। यहां अधिकतम तापमान 17 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री तक पहुंच गया है। हालांकि पर्यटकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

जम्मू-कश्मीर में भी अगले 24 घंटे तेज बारिश की संभावना जताई गई है। जम्मू, पुंछ, कुलगाम, पुलवामा, उधमपुर, कठुआ, अनंतनाग, कुपवाड़ा और गांदरबल में बारिश का अलर्ट जारी है।


गुजरात में भारी बारिश से बिगड़े हालात

गुजरात में भारी बारिश का असर सबसे ज्यादा देखने को मिल रहा है। सूरत, मोरबी और भावनगर जैसे जिले प्रभावित हैं। सूरत शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन की ओर से राहत और बचाव अभियान चलाया जा रहा है और प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।

मौसम विभाग के मुताबिक गुजरात में अगस्त के पहले सप्ताह में भी अच्छी बारिश जारी रहने की संभावना है। इसके अलावा महाराष्ट्र, केरल और तेलंगाना में भी 2 से 5 अगस्त के बीच तेज बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और जरूरी सावधानी बरतने की अपील की है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए