ट्रंप का फेसबुक और इंस्टाग्राम पर बैन जारी रहेगा, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ने उठाया बड़ा कदम

इससे पहले आज सुबह ट्विटर और फेसबुक ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के अकाउंट को अस्थायी तौर पर बंद करते हुए उन्हें पोस्ट करने से रोक दिया था। यह कदम ट्रंप के भाषण के बाद उनके समर्थकों द्वारा वाशिंगटन डीसी में कैपिटल पर हिंसक हमला करने पर उठाया गया था।

 फोटोः getty iamges
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

अमेरिका के वाशिंगटन डीसी में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भाषण के बाद भड़की हिंसा के बाद उनके फेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट पर लगाई गई पाबंदी को फेसबुक ने जारी रखने का फैसला लिया है। ऐतिहासिक कदम उठाते हुए फेसबुक ने ट्रंप का अकाउंट अनिश्चितकाल या कम से कम अगले दो हफ्तों के लिए ब्लॉक कर दिया है।

इससे पहले आज सुबह ट्विटर और फेसबुक ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के अकाउंट को अस्थायी तौर पर बंद करते हुए उन्हें पोस्ट करने से रोक दिया था। यह कदम ट्रंप के समर्थकों द्वारा वाशिंगटन डीसी में कैपिटल भलन पर हिंसक हमला करने के बाद उठाया गया। बुधवार को एक वीडियो में ट्रंप ने अपने समर्थकों को संबोधित करते हुए 3 नवंबर 2020 के चुनाव में धांधली का निराधार आरोप दोहराया था, जिसके बाद उनके समर्थक भड़क गए थे और उन्होंने कैपिटल पर हमला कर दिया था।

इस घटना के बाद सबसे पहले ट्विटर ने ट्रंप के निजी ट्विटर अकाउंट को 12 घंटे के लिए बंद कर दिया था। इसके बाद फेसबुक ने पहले तो वीडियो को नहीं हटाया और केवल उस पर लेबल लगा दिया था। लेकिन बाद फेसबुक ने भी वीडियो हटा दिए थे। इतना ही नहीं गूगल के स्वामित्व वाले यूट्यूब ने भी वीडियो को हटा दिया है। उसने कहा है कि इसने प्लेटफॉर्म की नीतियों का उल्लंघन किया है।

बता दें कि बुधवार को कैपिटल के अंदर हुई गोलीबारी में महिला की उस वक्त मौत हो गई जब बड़ी संख्या में ट्रंप के समर्थकों ने बिल्डिंग पर कब्जा कर लिया और अमेरिकी कांग्रेस के लोकतांत्रिक कामकाज को रोकने के लिए हिंसक प्रदर्शन किया। उस समय यहां सीनेट और हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव्स राष्ट्रपति के रूप में जो बाइडेन और उप-राष्ट्रपति के पद पर कमला हैरिस के चुने जाने की पुष्टि की प्रक्रिया कर रहे थे। इस हिंसा में अब चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia