इंडिया महासम्मेलनः नीतीश कुमार का ऐलान- जाने वाली है मोदी सरकार, लालू बोले- बीजेपी को हटाकर ही दम लेंगे

नीतीश कुमार ने कहा कि देश के इतिहास को ये लोग बदलना चाहते हैं। ये हम नहीं बदलने देंगे। उन्होंने कहा कि आज तय हो गया है कि तेजी से काम शुरू कर देंगे। कोई ठिकाना नहीं है कि चुनाव समय से पहले हो जाए। इसलिए हमलोगों को अलर्ट रहना होगा। इस पर भी बात हो गई है।

नीतीश कुमार का ऐलान- जाने वाली है मोदी सरकार
नीतीश कुमार का ऐलान- जाने वाली है मोदी सरकार
user

नवजीवन डेस्क

मुंबई में विपक्षी इंडिया गठबंधन की तीसरी बैठक कई अहम फैसलों के साथ आज खत्म हो गई है। बैठक के बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में सभी विपक्षी नेताओं ने एक-एक कर अपनी बात रखी। इस दौरान बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार जाने वाली है। वहीं आरजेडी प्रमुख लालू यादव ने कहा कि अब बीजेपी को सत्ता से हटाकर ही दम लेगें और देश को बचाएंगे।

नीतीश कुमार ने मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जान लीजिए जो केंद्र में हैं वो हारेंगे, वो जाने वाले हैं। हम जगह जगह जाकर प्रचार करेंगे। सभी कमेटी बन गई है। और आगे के फैसले भी तेजी से लिए जाएंगे। मीडिया को आड़े हाथों लेते हुए उन्होंने कहा कि ये काम कम करते हैं, ज्यादा छपता है। इनसे पहले भी देश में कितना सारा काम हुआ। कई राज्यों में विपक्ष की पार्टियां लगातार काम कर रहीं हैं। लेकिन सिर्फ उनके बारे में ही छपता है। खाली प्रचार होता है। नीतीश ने कहा कि एक बार उनसे मुक्ति मिलेगी तो आप मीडिया वाले भी आजाद हो जाइएगा। ये लोकतंत्र के लिए जरूरी है।

नीतीश कुमार ने कहा कि देश के इतिहास को ये लोग बदलना चाहते हैं। ये हम नहीं बदलने देंगे। हम सब मिलकर मजबूती के साथ लड़ेंगे। समाज के हर तबके का उत्थान होगा। किसी की उपेक्षा नहीं होगी। कोशिश होती रहती है कि हिंदू-मुस्लिम इधर-उधर हो जाए। देश सबका है, इसलिए सब साथ रहेंगे और सबका उत्थान होगा। उन्होंने कहा कि, आज तय कर लिया है कि तेजी से काम शुरू कर देंगे। कोई ठिकाना नहीं है कि चुनाव समय से पहले हो सकता है। इसलिए हमलोगों को अलर्ट रहना होगा। इस पर भी बात हो गई है।

वहीं इंडिया अलायंस की बैठक के बाद आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने भी प्रेस को संबोधित किया। लालू यादव ने बीजेपी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आज देश में माइनॉरिटी सुरक्षित नहीं हैं। आज हमारे अल्पसंख्यक भाई सुरक्षित नहीं हैं। देश में गरीबी बढ़ रही है, महंगाई बढ़ रही है, बेरोजगारी बढ़ रही है। हम शुरू से कहते आ रहे हैं कि भाजपा हटाओ-देश बचाओ। भा माने भाजपा, ज माने जलाओ और पा माने पार्टी, बोलते रहते थे। यह बात सही निकल रही है।


लालू प्रसाद यादव ने कहा कि हम विपक्षी दल एक नहीं थे जिसका खामियाजा देश को भुगतना पड़ा। इस देश की विविध पार्टियों के नेता अलग-अलग बैठे थे और नरेंद्र मोदी बढ़ रहे थे आगे। हम एक नहीं थे। एक मंच पर एक-एक उम्मीदवार खड़े नहीं होते थे, उसका खामियाजा देश को भुगतना पड़ा और मोदी ने इसका लाभ उठाया। मुझे काफी प्रसन्नता हुई कि हम सब एकजुट हुए हैं और सारी पार्टियों ने मिलकर बीजेपी के खिलाफ लड़ने का फैसला किया है।

लालू यादव ने कहा कि आजकल चंद्रयान को लेकर काफी जय-जयकार हो रहा है, होना चाहिए, वैज्ञानिकों का होना चाहिए। मोदी जी को पीछे नहीं रहना चाहिए। हमारी तो इसरो के वैज्ञानिकों से अपील है कि मोदी जी को चंद्रलोक की बात छोड़ो, अब सूर्यलोक पर इनको पहुंचाओ। दुनियाभर में नाम हो जाएगा मोदी जी का। अमेरिका जैसे देश सब पीछे छूट जाएंगे। राहुल गांधी भी देख लेंगे कि मोदी जी सचमुच में देश का नाम करने के लिए अब चल पड़े हैं। दशहरा के बाद इसकी तैयारी कर लें। हमारी शुभकामना है कि चले जाएं।

लालू यादव ने कहा कि लगातार लड़ाई लड़ते-लड़ते हम लोग आज पटना, बेंगलुरु और आज मुंबई की बैठक के बाद एक निष्कर्ष पर पहुंचे हैं और एक स्वरूप बना है, संगठन बना है। उन्होंने कहा कि हम सब एक हैं, एक होकर हम लोग इस लड़ाई को लड़ रहे हैं और राहुल गांधी जी को भी हम काफी मजबूती के साथ विश्वास दिलाते हैं कि हम सब एकजुट होकर, सभी लोगों को एकोमोडेट करके लड़ेंगे। आगे सीट शेयरिंग अब शुरू होगी, सीट शेयरिंग में हम लोग सफल होंगे, कोई कठिनाई नहीं होगी। अपना कुछ नुकसान करके भी हम लोग 'इंडिया' को जिताएंगे, मोदी को हटाएंगे और देश को बचाएंगे।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia