ज्ञानेश कुमार के खिलाफ INDIA गठबंधन का ‘जन महाभियोग’, 30 अक्टूबर को कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे के आवास पर होगा कार्यक्रम
कांग्रेस ने ऐलान किया है कि INDIA गठबंधन 30 अक्टूबर 2026 को दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ ‘जन महाभियोग’ कार्यक्रम आयोजित करेगा।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। कांग्रेस ने बुधवार को ऐलान किया कि विपक्षी गठबंधन ‘INDIA’ 30 अक्टूबर को उनके खिलाफ ‘जन महाभियोग’ कार्यक्रम आयोजित करेगा। पहले इस कार्यक्रम को दूसरे स्थानों पर आयोजित करने की योजना थी, लेकिन अनुमति नहीं मिलने के बाद अब इसका आयोजन कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर किया जाएगा। कांग्रेस ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त पर चुनावी लोकतंत्र को कमजोर करने और संविधान के प्रावधानों का उल्लंघन करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
खड़गे के आवास पर होगा कार्यक्रम
पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि अन्य स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति नहीं मिलने के बाद अब ‘INDIA’ गठबंधन शुक्रवार को अपराह्न साढ़े तीन बजे खड़गे के आवास '10, राजाजी मार्ग' पर यह कार्यक्रम आयोजित करेगा। रमेश ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘अन्य स्थानों के लिए अनुमति नहीं मिलने के बाद ‘इंडिया’ जनबंधन शुक्रवार, 30 अक्टूबर, 2026 को अपराह्न 3.30 बजे 10, राजाजी मार्ग, नयी दिल्ली में ज्ञानेश कुमार का ‘जन महाभियोग’ आयोजित करेगा।’’
मुख्य निर्वाचन आयुक्त पर संविधान के उल्लंघन का आरोप
उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त पर संविधान की भावना और उसके प्रावधानों का उल्लंघन करने का आरोप लगाया।
कांग्रेस नेता ने दावा किया कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने ‘‘चुनावी लोकतंत्र की बुनियाद को व्यवस्थित तरीके से कमजोर किया है।’’
सुप्रीम कोर्ट में गलतबयानी का भी लगाया आरोप
रमेश ने ज्ञानेश कुमार पर उच्चतम न्यायालय के समक्ष गलतबयानी करने का भी आरोप लगाया और केंद्र सरकार के शीर्ष नेतृत्व पर भी निशाना साधा।
इससे पहले कांग्रेस के संगठन महासचिव के. सी. वेणुगोपाल ने मंगलवार को केंद्र सरकार पर विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगाया था और दावा किया था कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ ‘इंडिया’ गठबंधन के प्रस्तावित ‘जन महाभियोग’ कार्यक्रम को रोकने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने कहा था कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह चाहे कुछ भी कर लें, विपक्ष अपना कार्यक्रम आयोजित करेगा और इस अभियान को आगे बढ़ाएगा।
PTI के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
