कॉमनवेल्थ गेम्स: भारत का खाता खुला, गुरुराज ने वेटलिफ्टिंग में जीता सिल्वर

गोल्ड कोस्ट में हो रहे कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत की अच्छी शुरुआत हुई है। भारत ने पदक तालिका में नाम दर्ज कराते हुए सिल्वर मेडल हासिल किया है। यह मेडल गुरुराज ने वेटलिफ्टिंग के 56 किलो केटेगरी में जीता।

फोटो सोशल मीडिया
फोटो सोशल मीडिया
user

IANS

गुरुराज ने 21वें राष्ट्रमंडल खेलों में भारत को पहला पदक दिला दिया है। उन्होंने भारोत्तोलन में 56 किलोग्राम भारवर्ग में गुरुवार को रजत पदक पर कब्जा जमाया। गुरुराज ने स्नैच में 111 का स्कोर किया तो वहीं क्लीन एंड जर्क में 138 का स्कोर किया। उन्होंने कुल 249 का स्कोर करते हुए पदक अपने नाम किया। इस स्पर्धा का स्वर्ण मलेशिया के मुहामेद इजहार अहमद हाजालवा के नाम रहा। उन्होंने कुल 261 का स्कोर किया। उन्होंने स्नैच में 117 का स्कोर किया जो एक नया गेम रिकार्ड है। इस मामले में उन्होंने नई दिल्ली में 2010 में खेले गए राष्ट्रमंडल खेलों में अपने हमवतन इब्राहिम द्वारा स्थापित किए रिकार्ड को ध्वस्त किया।

तैराकी : नटराज ने किया सेमीफाइनल में प्रवेश

भारतीय तैराक श्रीहरी नटराज 21वें राष्ट्रमंडल खेलों में पुरुषों की 100 मीटर बैकस्ट्रोक स्पर्धा के सेमीफाइनल में जगह बनाने में सफल रहे हैं। ओपटस एक्वेटिक सेंटर में आयोजित इस स्पर्धा में नटराज को हीट-1 में आठ खिलाड़ियों में पांचवां स्थान मिला। उन्होंने 56.72 सेकेंड का समय निकाला। सभी हीट मिलाकर कुल 16 खिलाड़ी सेमीफाइनल में जाएंगे। इस हीट में पहले स्थान पर इंग्लैंड के इलियट क्लोग रहे जिन्होंने 55.08 का समय निकाला। वहीं दूसरा स्थान आस्ट्रेलिया के बेंजामिन ट्रेफेर्स को मिला जिन्होंने 55.30 सेकेंड का समय निकाला।

भारत के वीरधवल खडे ने 21वें राष्ट्रमंडल खेलों की 50 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा के सेमीफाइनल में जगह बना ली है जबकि भारत के ही सजन प्रकाश बाहर हो गए हैं। ओपटस एक्वाटिक सेंटर में खेली गई स्पर्धा में हीट-5 में वीरधवल ने 24.52 का समय निकाला और पांचवां स्थान हासिल किया।दक्षिण अफ्रीका के रयान कोएटजी ने इस हीट में पहला स्थान हासिल किया। उन्होंने 23.94 का समय निकाला। महाराष्ट्र के वीरधवल चोट के बाद वापसी कर रहे थे। उन्होंने धीमी शुरुआत की लेकिन बाद में रफ्तार पकड़ते हुए प्रकाश को मात दी जिनकी शुरुआत अच्छी रही थी। प्रकाश ने 25.11 का समय निकाला।

टेबिल टेनिस : भारत ने श्रीलंका को पहले मैच में 3-0 से हराया

भारतीय महिला टेबल टेनिस टीम ने 21वें राष्ट्रमंडल खेलों का आगाज जीत के साथ किया है। भारतीय महिला टीम ने अपने पहले मैच में गुरुवार को श्रीलंका को 3-0 से मात दी। ओक्सेनफोर्ड स्टूडियोज में खेले गए इस मैच में भारत ने लगातार तीन मैच जीते इसलिए बाकी के बाचे दो मैचों को खेलने की जरूरत नहीं पड़ी। महिला ग्रुप-2 में पहले मुकाबले में भारत की मनिका बत्रा ने श्रीलंका की इरंद्र वारूसाविथान को 11-3, 11-5, 11-3 से मात देते हुए भारत को 1-0 से आगे कर दिया।

दूसरा मुकाबला भी एकल वर्ग में था जहां भारत की सुत्र्थिा मुखर्जी ने इशारा मानिकू बाडू को 11-5, 11-8, 11-4 से मात देते हुए भारत की बढ़त को 2-0 कर दिया। मुखर्जी ने इसके बाद युगल वर्ग में पूजा सहास्त्रबुद्धे के साथ मिलकर भारत को तीसरी जीत दिलाई। भारतीय जोड़ी ने इशारा और हंसानी कापूगीकियाना की जोड़ी को 11-6, 11-7, 11-3 से मात देते हुए 3-0 की अजेय बढ़त ले ली।इस बढ़त के बाद भारत की जीत तय हो गई और मनिका तथा पूजा को रिवर्स एकल मुकाबले खेलने की जरूरत नहीं पड़ी।

महिला हॉकी : वेल्स ने भारत को हरा किया उलटफेर

भारतीय महिला हॉकी टीम ने 21वें राष्ट्रमंडल खेलों की शुरुआत बेहद निराशाजनक तरीके से की है। भारत को अपने पहले मैच में वेल्स के हाथों उलटफेर का शिकार होना पड़ा है। वेल्स ने गोल्ड कोस्ट हॉकी सेंटर में खेले गए मैच में भारत को 3-2 से ऐतिहासिक शिकस्त दी। यह वेल्स की भारत पर हॉकी इतिहास में पहली जीत है। भारतीय टीम को इस मैच में 15 पेनाल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन वो सिर्फ एक को ही गोल में तब्दील कर पाईं।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia