INDIA Bloc Protest LIVE: INDIA गठबंधन के प्रदर्शन पर बोले राहुल गांधी- देश की जनता डरने वाली नहीं, सरकार की गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं करेंगे
राहुल गांधी ने कहा कि आज के इस विरोध प्रदर्शन में शामिल होने वाले हर एक व्यक्ति का मैं दिल से धन्यवाद करना चाहता हूं। उन करोड़ों लोगों का भी धन्यवाद, जिन्होंने दोपहर 3 बजे अपने-अपने तरीके से इस आंदोलन को समर्थन दिया। I

राहुल गांधी ने आज के प्रदर्शन को लोकतंत्र का तांडव कहते हुए प्रदर्शन की झलकियां साझा की हैं
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ चल रहे विरोध प्रदर्शनों ने सरकार को सकते में डाल दिया है। दिल्ली में पहले से जारी आंदोलन के बीच INDIA गठबंधन ने राजधानी में बड़ा शक्ति प्रदर्शन किया। राहुल गांधी ने आज के प्रदर्शन को 'लोकतंत्र का तांडव' करार दिया और कहा कि इसमें किसी पूर्व-नियोजित रणनीति की आवश्यकता नहीं होती है। यह विरोध प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ और मतदाता सूची की प्रक्रिया को लेकर आयोजित किया गया था, जिसके चलते विपक्ष ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया।
INDIA गठबंधन के प्रदर्शन पर बोले राहुल गांधी- देश की जनता डरने वाली नहीं, सरकार की गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं करेंगे
राहुल गांधी ने कहा कि आज के इस विरोध प्रदर्शन में शामिल होने वाले हर एक व्यक्ति का मैं दिल से धन्यवाद करना चाहता हूं। उन करोड़ों लोगों का भी धन्यवाद, जिन्होंने दोपहर 3 बजे अपने-अपने तरीके से इस आंदोलन को समर्थन दिया। INDIA गठबंधन के नेताओं, कांग्रेस पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं और INDIA गठबंधन के तमाम कार्यकर्ताओं का भी बहुत-बहुत धन्यवाद।
आज का दिन बेहद महत्वपूर्ण था, क्योंकि हमें सरकार को यह दिखाना था कि भारत की जनता डरने वाली नहीं है। आप हमें मारिए, धमकाइए, डराने की कोशिश कीजिए, लेकिन हम डरने वाले नहीं हैं। हम आपकी गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं करेंगे।
मैं सोच रहा था कि RSS के वो कायर लोग कहां थे, जो परसों हमारे युवा साथियों को पीट रहे थे? कहाँ थे वो लोग? आज तो मुझे उनमें से कोई दिखाई नहीं दिया।
जब हम वहाँ खड़े हैं, जब देश की जनता वहाँ खड़ी है, तो तुम बाहर क्यों नहीं आते? अपनी छोटी-छोटी गमछियाँ पहनकर क्यों नहीं बाहर आते हो और देखते हो कि क्या होता है?
क्योंकि तुम भी देश के प्रधानमंत्री की तरह सिर्फ़ गुंडागर्दी करना जानते हो। तुममें सामने आकर खड़े होने की हिम्मत नहीं है। तुम सिर्फ़ सत्ता और ताक़त के दम पर लड़ सकते हो।
इसलिए आज जो कुछ हुआ, उसे देखकर बहुत खुशी होती है। मुझे आप सभी पर गर्व है। सबने एक टीम की तरह काम किया।
जैसा कि मैंने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था, ये अलग-अलग प्रदर्शन नहीं हैं। यह एक ही आंदोलन है, जिसमें हम सब एक साथ खड़े हैं।
हममें से हर एक व्यक्ति संविधान के इन हत्यारों, हमारे लोकतंत्र को कुचलने वालों के ख़िलाफ़ खड़ा होगा। और हम एक कदम भी पीछे नहीं हटेंगे।
मैं उन सभी सिविल सोसाइटी संगठनों का भी दिल से धन्यवाद करना चाहता हूँ, जो आज हमारे साथ आए और जिन्होंने हमारा समर्थन किया। आपके समर्थन की हम कद्र करते हैं। हम आप सभी से मोहब्बत करते हैं।
भारत की सोच, हमारे संविधान के विचार और हमारे लोकतंत्र की रक्षा के लिए आज सड़कों पर उतरने वाले हर व्यक्ति का धन्यवाद। मुझे उन सभी लोगों पर बेहद गर्व है, जो आज सड़कों पर उतरे।
बहुत-बहुत धन्यवाद!
EC के फैसलों के खिलाफ विपक्ष लामबंद: राहुल गांधी और 10 नेताओं ने खटखटाया सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा, याचिका दायर की
राहुल गांधी और विपक्ष के 10 अन्य नेताओं ने सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका दायर की है। इसमें चुनाव आयोग द्वारा वोटर लिस्ट के 'स्पेशल इंटेंसिव रिविज़न' (SIR) से जुड़े फैसलों के तरीके को चुनौती दी गई है। इसमें विवादित फैसलों से जुड़ी EC की पूरी फाइलें, एजेंडा, बैठक का विवरण (मिनट्स), नोटिंग और आपत्तियों का खुलासा करने की मांग की गई है। इनमें SIR शुरू करने का 24 जून, 2025 का फैसला और ECINET व ERONET के एक्सेस लॉग भी शामिल हैं। इसमें इस बात की न्यायिक जांच की भी मांग की गई है कि क्या ये फैसले संविधान के अनुच्छेद 324, चुनाव आयोग को नियंत्रित करने वाले 2023 के कानून और 'टी.एन. शेषन बनाम भारत संघ' मामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसले के अनुसार लिए गए थे।
याचिका में मुख्य रूप से यह मांग की गई है कि कोर्ट यह सुनिश्चित करे कि किसी भी वोटर का नाम बिना नोटिस और सुनवाई का उचित मौका दिए न हटाया जाए। साथ ही, हटाए गए वोटरों की सूची बूथ-वार प्रकाशित करने और उसमें नाम हटाने के कारण व डेमोग्राफिक जानकारी शामिल करने का निर्देश देने की भी मांग की गई है। इसमें ECINET और ERONET सहित वोटर लिस्ट डेटाबेस में नाम हटाने और बदलावों की ऑडिट के लिए सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जज की अध्यक्षता में एक स्वतंत्र समिति बनाने की भी मांग की गई है।
याचिका में मामले के निपटारे तक चल रहे SIR पर अंतरिम रोक लगाने की भी मांग की गई है। याचिका में विशेष रूप से कोर्ट से मांग की गई है कि वह ECI को निर्देश दे कि वह यह सुनिश्चित करे कि "स्पेशल इंटेंसिव रिविज़न से जुड़ा चुनाव आयोग का हर फैसला 2023 के कानून के अनुसार लिया जाए और उसका विधिवत रिकॉर्ड (मिनट्स) रखा जाए।" इसमें यह निर्देश देने की भी मांग की गई है कि "कानून के अनुसार बिना नोटिस और सुनवाई का उचित मौका दिए वोटर लिस्ट से किसी भी वोटर का नाम न हटाया जाए।"
शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने कहा- हम जनता के साथ यहां आ गए। हमें (सुप्रीम कोर्ट पर)उम्मीद रखनी चाहिए
INDIA गठबंधन का विरोध मार्च | शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने कहा, "हम जनता के साथ यहां आ गए। हमें (सुप्रीम कोर्ट पर)उम्मीद रखनी चाहिए...याचिका में बहुत सी बाते हैं...यह देश की बात है, संविधान की बात है, लोगों के अधिकार की बात है...सुप्रीम कोर्ट हमारी उम्मीद की किरण है..."
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा, "आज पूरे देश का राजधानी दिल्ली में प्रदर्शन था
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा, "आज पूरे देश का राजधानी दिल्ली में प्रदर्शन था... राहुल गांधी दो साल से इस बात को उठा रहे थे और यह बात सच साबित हुई है। SIR के माध्यम से जिस तरह से चुनाव जीतने की कोशिश की गई है, उसके संदर्भ में यह प्रदर्शन था... यहां आकर हमने याचिका दाखिल की है।"हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा, "आज पूरे देश का राजधानी दिल्ली में प्रदर्शन था... राहुल गांधी दो साल से इस बात को उठा रहे थे और यह बात सच साबित हुई है। SIR के माध्यम से जिस तरह से चुनाव जीतने की कोशिश की गई है, उसके संदर्भ में यह प्रदर्शन था... यहां आकर हमने याचिका दाखिल की है।"
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा- हमने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, "...हमने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है" यह कदम तब उठाया गया है जब लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने INDIA ब्लॉक के अन्य नेताओं के साथ मिलकर भारत निर्वाचन आयोग (ECI) के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है। अपनी याचिका में, विपक्षी गठबंधन ने ECI के साथ-साथ मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार और दो चुनाव आयुक्तों - सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी - को भी पक्षकार बनाया है।
RJD नेता तेजस्वी यादव ने कहा, "सभी विपक्षी नेताओं ने सुप्रीम कोर्ट में याचिकाएं दायर की हैं..
RJD नेता तेजस्वी यादव ने कहा, "सभी विपक्षी नेताओं ने सुप्रीम कोर्ट में याचिकाएं दायर की हैं... हम लोकतंत्र को बचाने के लिए लड़ रहे हैं..."
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, "हमें उम्मीद है कि सुप्रीम कोर्ट से न्याय मिलेगा।
सुप्रीम कोर्ट में INDIA ब्लॉक के नेता, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा और समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव पहुंचे
सुप्रीम कोर्ट में INDIA ब्लॉक के नेता, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा और समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव पहुंचे। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने INDIA ब्लॉक के अन्य नेताओं के साथ मिलकर भारत निर्वाचन आयोग (ECI) के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है। अपनी याचिका में, विपक्षी गठबंधन ने ECI के साथ-साथ मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार और दो चुनाव आयुक्तों सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी को भी पक्षकार बनाया है।
दिल्ली: पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, "हम इंसानियत के नाते न्याय की मांग कर रहे हैं
दिल्ली: पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, "हम इंसानियत के नाते न्याय की मांग कर रहे हैं। बस यही बात है...हमें न्याय चाहिए।"
लोकतंत्र की रक्षा किसी भी राजनीति से ऊपर: थरूर
CPI महासचिव डी. राजा ने कहा- दिल्ली ने ऐसा विरोध प्रदर्शन पहले कभी नहीं देखा, पूरे देश के लोगों में गुस्सा है
CPI महासचिव डी. राजा ने कहा, "दिल्ली ने ऐसा विरोध प्रदर्शन पहले कभी नहीं देखा। पूरे देश के लोगों में गुस्सा है। जिस तरह से ज्ञानेश कुमार मुख्य चुनाव आयुक्त के पद पर बने हुए हैं, वह लोगों को मंज़ूर नहीं है क्योंकि उनके नेतृत्व में चुनाव आयोग ने संविधान के तहत तय संवैधानिक संस्था के तौर पर काम नहीं किया है। इसलिए लोग मांग कर रहे हैं कि उन्हें इस्तीफा देना चाहिए या उन्हें हटा दिया जाना चाहिए। पीएम मोदी ने इस पर एक शब्द भी नहीं कहा है। अमित शाह ने भी कुछ नहीं कहा है। उन्हें लगता है कि वे सुरक्षा बलों का इस्तेमाल करके लोगों के इस आंदोलन को दबा सकते हैं। ऐसा नहीं होगा। इसलिए हम सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर करने जा रहे हैं।"
सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष का हल्लाबोल: राहुल गांधी, तेजस्वी यादव और डीके शिवकुमार का मार्च, सड़कों पर भारी प्रदर्शन
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, राजद नेता तेजस्वी यादव, कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और अन्य INDIA गठबंधन के नेताओं ने सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
अखिलेश यादव ने कहा, " जो कमजोर लोग होते हैं वो पुलिस को आगे करते हैं। वो जानते हैं कि वो गलत हैं
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, " जो कमजोर लोग होते हैं वो पुलिस को आगे करते हैं। वो जानते हैं कि वो गलत हैं। वो अपनी गलती को छिपाने के लिए फोर्स को आगे कर रहे हैं।" जंतर-मंतर को लेकर उन्होंने कहा, "जंतर मंतर ही तो खत्म हुआ है। लोकतंत्र में धरने का और प्रदर्शन के अधिकार को तो नहीं रोका गया है। जहां धरना दे देंगे, वही जंतर-मंतर हो जाएगा।"
प्रदर्शन के कारण दिल्ली मेट्रो के बंद किए गए स्टेशनों के प्रवेश, निकास द्वार खोले गये
कांग्रेस के प्रदर्शन के मद्देनजर छह स्टेशनों पर सुरक्षा प्रतिबंध लगाए जाने के कुछ घंटे बाद दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने सोमवार को कहा कि मेट्रो नेटवर्क के सभी स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार फिर से खोल दिए गए हैं।
सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए पटेल चौक, जनपथ, राजीव चौक, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय और बाराखंभा रोड मेट्रो स्टेशन के प्रवेश और निकास द्वार सुबह छह बजे से शाम चार बजे तक बंद रखे गए थे। डीएमआरसी ने पूर्व में कहा था कि हालांकि दूसरी लाइन के लिए मेट्रो बदलने की सुविधा संबंधित मेट्रो स्टेशनों पर उपलब्ध रहेगी।
राहुल-प्रियंका गांधी, नेहा बोरा समेत कई विपक्षी नेताओं का सुप्रीम कोर्ट मार्च, उमड़ा जनसैलाब
लोकसभा नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, आइसा अध्यक्ष नेहा बोरा समेत इंडिया ब्लॉक के नेता सुप्रीम कोर्ट की तरफ पैदल बढ़ रहे हैं।
अखिलेश यादव भी दिल्ली में विपक्ष के प्रदर्शन में शामिल
राहुल गांधी का पैदल मार्च, विपक्ष कई नेता भी साथ में मौजूद, उमड़ा जनसैलाब
दिल्ली: वीडियो INDIA गठबंधन के सांसदों के विरोध मार्च की है, उमड़ा जनसैलाब
अखिलेश यादव का बड़ा हमला, बीजेपी चुनाव आयोग के साथ मिलकर लोकतंत्र खत्म करना चाहती है, हमारा संघर्ष जारी रहेगा
अखिलेश यादव ने कहा, "आंदोलन और धरना प्रदर्शन लगातार चलता रहेगा। हमारी जिम्मेदारी लोकतंत्र को बचाने की है और बीजेपी चुनाव आयोग के साथ मिलकर संविधान और लोकतंत्र को खत्म करना चाहती है, हमेशा के लिए सरकार में रहना चाहती है...सरकार हमारी बात सुने और मुख्य चुनाव आयुक्त को हटा देना चाहिए...बीजेपी को अपनी गलती स्वीकार करनी चाहिए...हमारा संघर्ष लगातार चलता रहेगा..."
'वोट चोरों' के खिलाफ इंकलाब: कांग्रेस
ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक जारी रहेगा विरोध: जियाउर्रहमान बर्क
समाजवादी पार्टी के सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने कहा, “जब तक हमें सफलता नहीं मिलती, तब तक यह विरोध नहीं रुकेगा। हमारी मांग है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें। यह हमेशा से देश की जनता से जुड़ा मुद्दा रहा है, लेकिन अब यह वास्तव में आम लोगों तक पहुंच गया है।
यह समझ से परे है कि सरकार उन्हें बचाने पर इतनी अड़ी हुई क्यों है। साफ है कि इस स्थिति से उसे कुछ फायदा मिल रहा है, इसीलिए वह उन्हें बचाना चाहती है। हालांकि, मेरा मानना है कि आखिरकार सरकार को झुकना पड़ेगा और उनका इस्तीफा सुनिश्चित करना होगा।”
बाराखंबा में बड़ी संख्या में लोग जुटे, राहुल गांधी के साथ सुप्रीम कोर्ट मार्च के लिए तैयार
यह विरोध मार्च नहीं, सिद्धांतों की लड़ाई है: अभिषेक मनु सिंघवी
कांग्रेस सांसद और वरिष्ठ वकील अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा, “यह बहुत सीधी-सी बात है। यह कोई विरोध मार्च नहीं है, हम सिद्धांतों के लिए जा रहे हैं। सभी अलग-अलग राजनीतिक दलों को सुप्रीम कोर्ट के समक्ष याचिका दायर करनी चाहिए।”
जतंर-मंतर को प्रदर्शन स्थल से हटाने के फैसले से डरी हुई है सरकार: राजा वारिंग
कांग्रेस सांसद अमरिंदर सिंह राजा वारिंग ने कहा, “जो भी इस देश के लोकतंत्र और संविधान में विश्वास रखता है, उसे इस मार्च में शामिल होना चाहिए और लड़ाई लड़नी चाहिए। जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थल के रूप में अधिसूचित सूची से हटाने का सरकार का फैसला दिखाता है कि वह डरी हुई है।”
INDIA ब्लॉक के 'चलो दिल्ली - लोकतंत्र के लिए मार्च' से पहले बाराखंबा रोड पर प्रदर्शनकारी जमा हुए।
'मोदी-ज्ञानू के खिलाफ भारत उमड़ आया है', कांग्रेस ने शेयर किया मार्च का वीडियो
कांग्रेस ने इंडिया गठबंधन के मार्च का एक वीडियो शेयर किया है। बाराखंभा रोड के इस वीडियो में भारी भीड़ नजर आ रहे हैं। कांग्रेस ने कैप्शन में लिखा, 'मोदी-ज्ञानू के खिलाफ भारत उमड़ आया है।
INDIA गठबंधन का विरोध मार्च - सांसद मार्च करेंगे। लेकिन सुप्रीम कोर्ट के अंदर, 10 नेता याचिका पर साइन करेंगे और INDIA गठबंधन की ओर से उसे सौंपेंगे: डी. राजा
CPI नेता डी. राजा ने कहा कि सांसद मार्च करेंगे। लेकिन सुप्रीम कोर्ट के अंदर, 10 नेता याचिका पर साइन करेंगे और INDIA गठबंधन की ओर से उसे सौंपेंगे। मैं भी साइन करने वालों में से एक हूँ।"
दिल्ली हाई कोर्ट में कई वकील संविधान की प्रस्तावना पढ़ने के लिए इकट्ठा हुए
दिल्ली हाई कोर्ट में कई वकील संविधान की प्रस्तावना पढ़ने के लिए इकट्ठा हुए। यह घटना 10 अक्टूबर के विरोध प्रदर्शनों के दौरान कई वकीलों को हिरासत में लिए जाने और उन पर कथित हमले के कुछ दिनों बाद हुई है।
दिल्ली: INDIA गठबंधन के नेताओं को ले जा रही बस कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ़ इंडिया से निकलने के लिए तैयार है।
दिल्ली: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और INDIA गठबंधन के दूसरे नेताओं को ले जा रही बस कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ़ इंडिया से निकलने के लिए तैयार है। गठबंधन ने आज सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करने का फ़ैसला किया है। उन्होंने यह भी घोषणा की है कि वे CEC ज्ञानेश कुमार के मामले और SIR प्रक्रिया से जुड़े अपने आरोपों को लेकर सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर करेंगे।
ये हमें कतई मंजूर नहीं- जंतर मंतर प्रोटेस्ट साइट बदले जाने पर बोले सौरव दास
सौरव दास ने कहा कि यह मंज़ूर नहीं है। नरेंद्र मोदी जंतर-मंतर से क्यों डरते हैं? जंतर-मंतर भारत के लोगों का है। क्या गृह मंत्रालय ने भारत के लोगों से सलाह ली? क्या किसी स्टेकहोल्डर से सलाह ली गई? क्या किसी संगठन से सलाह ली गई?
कॉन्स्टीट्यूशन क्लब में जुटे INDIA ब्लॉक के नेता, सुप्रीम कोर्ट तक मार्च की तैयारी, 3 बजे दायर करेंगे याचिका
इंडिया ब्लॉक के नेता दिल्ली के कॉन्स्टीट्यूशन क्लब में जमा हुए हैं।यहां एक बैठक होगी। इसके बाद वे बस में बाराखंबा रोड की ओर जाएंगे, जबकि आम लोग और कार्यकर्ता कनॉट प्लेस-बाराखंबा रोड जंक्शन पर 1:30 बजे इकट्ठा होने का समय रखा गया है, जहां से ‘चलो दिल्ली – मार्च फॉर डेमोक्रेसी’ नाम का शांतिपूर्ण मार्च सुप्रीम कोर्ट तक निकलेगा। इंडिया ब्लॉक की ओर से सुप्रीम कोर्ट में 3 बेज एक याचिका दायर की जाएगी, जिसका जिक्र राहुल गांधी ने अपने प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया।
दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थल की सूची से हटाया, धरना-प्रदर्शन के लिए 3 नए स्थान तय
दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर को निर्धारित प्रदर्शन स्थल के रूप में अधिसूचित सूची से हटा दिया है। अब धरना-प्रदर्शन के लिए तीन नए स्थान तय किए गए हैं- रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और पूर्वी दिल्ली का CBD मैदान।
दिल्ली में INDIA ब्लॉक के प्रदर्शन में शामिल होने निकलीं ममता बनर्जी, बोलीं- 'हमें न्याय चाहिए'
दिल्ली में पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी INDIA ब्लॉक के प्रदर्शन में शामिल होने के लिए रवाना हुईं। उन्होंने कहा, “हम न्याय चाहते हैं।”
बिहार SIR मामले की सुनवाई में नए Form-6 पर कोई फैसला नहीं हुआ: सुप्रीम कोर्ट
सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया कि बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) मामले की सुनवाई के दौरान नए Form-6 पर कोई निर्णय नहीं दिया गया।
केरलम विधानसभा में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग वाला प्रस्ताव पारित
राहुल गांधी बोले- मोदी सरकार के 200 अधिकारी हमारे संपर्क में, ED-CBI और विदेश मंत्रालय से दे रहे जानकारी
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने दावा किया, “मोदी सरकार के 200 अधिकारी हमारे संपर्क में हैं। ये सभी ED, CBI और विदेश मंत्रालय के भीतर से हमें जानकारी दे रहे हैं। आपको जो करना है, कर लीजिए, सच हमारे साथ है।”
'दिल्ली को किला बना दिया, मोदी सरकार CEC को बचा रही', राहुल गांधी प्रेस को कर रहे संबोधित
INDIA ब्लॉक के नेता आज सुप्रीम कोर्ट तक मार्च की तैयारी में हैं। मार्च से पहले लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी प्रेस संबोधित कर रहे हैं।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा, “‘चलो दिल्ली’- वोट चोरी और ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व वाले चुनाव आयोग के खिलाफ लोकतंत्र के लिए मार्च पिछले चार-पांच दिनों से दिल्ली में जन आंदोलन बना हुआ है। इसका विरोध काफी लंबे समय से, पिछले 10 से 12 या 13 सालों से जारी है, लेकिन अब यह एक स्पष्ट रूप ले रहा है।”
राहुल गांधी ने कहा कि सवाल यह है कि आखिर देश की राजधानी को जेल में क्यों तब्दील कर दिया गया है? लोगों को रोका जा रहा है। हर जगह पुलिस तैनात है, दिल्ली को किला बना दिया गया है। मोदी सरकार सीईसी को बचा रही है।
नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि लोगों को दिल्ली पहुंचने से रोका जा रहा है। ट्रेनों और बसों को रोका जा रहा है और यात्रियों को नीचे उतारा जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली को किले में तब्दील कर दिया गया है और हर जगह 20 से 30 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
राहुल गांधी ने कहा कि अब सोचिए कि यह कितना ताकतवर है, लेकिन हमारी रणनीति अलग है। हम चाहते हैं कि 20 से 30 हजार पुलिसकर्मी सड़कों पर तैनात रहें। उन्होंने कहा कि सरकार बड़ी गलती कर रही है, क्योंकि हम देश को दिखाना चाहते हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बचा रहे हैं।
राहुल गांधी ने कहा कि एक तरफ देश की जनता और विपक्षी दल हैं, तो दूसरी तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार हैं। उन्होंने कहा कि भारी संख्या में पुलिस बल तैनात करके सरकार गलती कर रही है। हम लोगों को दिखाना चाहते हैं कि सरकार मुख्य चुनाव आयुक्त को बचा रही है।
उन्होंने कहा कि पुलिस कह रही है कि हमसे देशभक्त युवाओं को क्यों पिटवाया जा रहा है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक वीडियो चलाया गया, जिसमें लड़कियों को पीटा जा रहा है, पुलिस लड़कियों की बाल खींचती दिख रही है। वीडियो में पत्रकारों के साथ भी बसलूकी करते दिखाया गया।
राहुल गांधी ने कहा कि यह सब सीईसी ज्ञानेश कुमार को बचाने के लिए क्या जा रहा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि ज्ञानेश कुमार आप बचेंगे नहीं, हम आपको नहीं छोड़ेंगे।
राहुल गांधी ने लोगों से अपील की कि जब INDIA ब्लॉक के नेता आज याचिका दाखिल करने सुप्रीम कोर्ट जाएंगे, तो लोग उनके साथ एकजुटता दिखाने के लिए वहां पहुंचें।
दिल्ली में प्रदर्शन और पाबंदियों पर CJI सूर्यकांत बोले- यह कानून-व्यवस्था का मामला, मेरे अधिकार क्षेत्र में नहीं
देश के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत ने सोमवार को दिल्ली में पिछले कुछ दिनों से मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ हो रहे प्रदर्शनों और उनसे जुड़ी पाबंदियों पर कहा, “ये मेरा मुद्दा नहीं है।”
CJI सूर्यकांत नई दिल्ली के विज्ञान भवन में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) के 33वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम से इतर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान उनसे दिल्ली में हो रहे प्रदर्शनों और आवाजाही पर लगाई गई पाबंदियों के बारे में पूछा गया।
पिछले कुछ दिनों से दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन हो रहे हैं। सप्ताहांत में राजधानी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती के साथ 45 मेट्रो स्टेशन बंद कर दिए गए और शहर की सीमाओं पर सघन जांच की गई।
प्रदर्शन कर रहे हजारों लोगों को हिरासत में लिया गया। इनमें कॉकरोच जनता पार्टी के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री भी शामिल थे।
प्रदर्शनों और आवाजाही पर लगी पाबंदियों के बारे में पूछे जाने पर CJI ने कहा कि यह कानून-व्यवस्था से जुड़ा मामला है। उन्होंने दोहराया, “ये मेरा मुद्दा नहीं है।”
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की तारीख मांगने संसद मार्ग थाने पहुंचे CJP नेता, 24 घंटे में अगले कदम का ऐलान
दिल्ली में संसद मार्ग पुलिस स्टेशन पहुंच CJP के सह-संयोजक आशुतोष रांका ने कहा, “हम दिल्ली पुलिस से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने के लिए तारीख मांगने जा रहे हैं। हमें उम्मीद है कि पुलिस हमें तारीख देगी। अगर ऐसा नहीं होता है, तो हम 24 घंटे के भीतर अपने अगले कदम का ऐलान करेंगे।”
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन स्थल बंद करने के खिलाफ याचिका पर मंगलवार को सुनवाई करेगा दिल्ली हाईकोर्ट
दिल्ली हाईकोर्ट जंतर-मंतर को विरोध प्रदर्शन स्थल के रूप में बंद किए जाने के खिलाफ दायर याचिका पर मंगलवार को सुनवाई करने के लिए सहमत हो गया है।
दिल्ली मार्च से पहले मध्य प्रदेश में कांग्रेस के दो जिला अध्यक्ष हिरासत में, पार्टी ने लगाया रोकने का आरोप
मध्य प्रदेश कांग्रेस ने पोस्ट कर आरोप लगाया कि यह तानाशाही की हद है। पार्टी के मुताबिक, आज रात दिल्ली रवाना होने से पहले मुरैना में मुरैना ग्रामीण जिला अध्यक्ष मधुराज सिंह तोमर और भिंड शहर जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र भदौरिया को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि दिल्ली में सुप्रीम कोर्ट तक मार्च निकालने से पार्टी कार्यकर्ताओं को रोकने की यह कोशिश दिखाती है कि सरकार और प्रशासन ‘गद्दार ज्ञानेश’ के गुलामों की तरह काम कर रहे हैं।
INDIA ब्लॉक के मार्च के बीच SC में सुनवाई, CJI बोले- लोकतांत्रिक गतिविधियां हों, लेकिन अदालत का काम न रुके
सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन (SCBA) और अन्य की याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट सुनवाई के लिए सहमत हो गया है। इन याचिकाओं में विरोध प्रदर्शनों के बीच अदालत के कामकाज में बाधा और इंटरनेट सेवाओं में व्यवधान से जुड़े मुद्दे उठाए गए हैं।
CJI सूर्यकांत ने कहा कि लोकतांत्रिक गतिविधियां सुचारू रूप से होनी चाहिए, लेकिन सुप्रीम कोर्ट के कामकाज में कोई बाधा नहीं आनी चाहिए।
राहुल गांधी थोड़ी देर में प्रेस को करेंगे संबोधित, सुप्रीम कोर्ट मार्च की तैयारी में हैं INDIA ब्लॉक के नेता
INDIA ब्लॉक के नेता आज सुप्रीम कोर्ट तक मार्च की तैयारी हैं। मार्च से पहले लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी प्रेस संबोधित करेंगे। थोड़ी देर में यह प्रेस कॉन्फ्रेंस होने वाली है।
तानाशाही के खिलाफ एकजुट भारत, लोकतंत्र और संविधान बचाओ: खड़गे
सुप्रीम कोर्ट मार्च से पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पोस्ट किया, “तानाशाही के खिलाफ एकजुट भारत। लोकतंत्र बचाओ, संविधान बचाओ।”
INDIA ब्लॉक के नेताओं से मुलाकात पर CJI सूर्यकांत बोले- पत्र का जवाब देकर मिलने में असमर्थता जताई
दिल्ली में INDIA ब्लॉक के नेताओं की मुलाकात की मांग पर CJI सूर्यकांत ने कहा, “मुझे उनका पत्र कल मिला और मैंने कल रात ही उसका जवाब दे दिया। पत्र परसों की तारीख का था, लेकिन मैं बाहर था, इसलिए वह मुझे कल मिला। मैंने अपने जवाब में कुछ कारण बताए हैं और उनसे मिलने में असमर्थता जताई है। मैं आपसे अनुरोध करूंगा कि पत्र में क्या लिखा है, यह आप उन्हीं से पूछें। मैंने पत्र की गोपनीयता बनाए रखी है।”
उन्होंने आगे कहा, “सुप्रीम कोर्ट के दरवाजे सभी के लिए खुले हैं। कोई भी याचिका दायर कर सकता है, चाहे वह आम नागरिक हो या किसी निर्वाचित निकाय का सदस्य। भारत के हर नागरिक को हमारे पास आने का अधिकार है। हम कानून के अनुसार उनकी शिकायतों पर सुनवाई करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि जो लोग राहत पाने के हकदार हैं, उन्हें राहत मिले।”
INDIA ब्लॉक के मार्च से पहले सुप्रीम कोर्ट की सुरक्षा बढ़ाई गई, दिल्ली में 30 हजार से ज्यादा जवान तैनात
दिल्ली में INDIA ब्लॉक के विरोध मार्च से पहले सुप्रीम कोर्ट के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन तेज करने के लिए विपक्षी दलों के सुप्रीम कोर्ट तक मार्च के मद्देनजर सोमवार को लगातार तीसरे दिन दिल्ली हाई अलर्ट पर रही। राजधानी में 30 हजार से अधिक पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों को तैनात किया गया है।
सुप्रीम कोर्ट मार्च की तैयारी के बीच यूथ कांग्रेस की अलीप, आज दोपहर 1 बजे कनॉट प्लेस में जुटें
इंडियन यूथ कांग्रेस ने पोस्ट कर कहा, “दिल्ली, मिलने की जगह तय हो गई है! अपने घरों, हॉस्टलों और कार्यस्थलों से बाहर निकलें और मतदान के अधिकारों तथा आजादी की रक्षा के लिए आवाज उठाएं, जिनके लिए हमारे पूर्वजों ने संघर्ष किया था। सिर्फ किनारे खड़े होकर तमाशा न देखें।”
अभिजीत दिपके का दिल्ली पुलिस को चैलेंज, बोले- हिम्मत है तो पूरा वीडियो जारी करो
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने कहा, “अगर दिल्ली पुलिस में हिम्मत है, तो वह पूरा वीडियो जारी करे। उस वीडियो में मैं बार-बार पुलिस से अपने कजिन से बात कराने और दो मिनट के लिए मेरा फोन देने की मांग कर रहा था। मैंने अपने वकील से बात कराने के लिए भी बार-बार कहा था। फिर पुलिस वह वीडियो जारी क्यों नहीं कर रही है? वह एडिट किया हुआ वीडियो दिखा रही है।
अगर पुलिस में हिम्मत है, तो पूरा वीडियो दिखाए, ताकि जनता समझ सके कि मुझे मेरे बुनियादी अधिकारों से कैसे वंचित किया गया। किसी व्यक्ति को गिरफ्तार या हिरासत में लिए जाने के बाद उसे अपने वकील से संपर्क करने का कानूनी अधिकार होता है। दिल्ली पुलिस ने मुझे ऐसा करने तक की अनुमति नहीं दी।”
दिपके ने आगे कहा, “अब पुलिस यह कहकर नैतिकता का हवाला दे रही है कि मेरी दादी का निधन हो गया था, इसलिए उन्होंने मुझे उनकी मौत की जानकारी दी और कहा कि वे नहीं चाहते थे कि मैं वहां रुका रहूं। अगर ऐसा था, तो पुलिस तड़के साढ़े तीन बजे गिरफ्तारी के कागजात लेकर मेरे पास क्यों आई थी?”
दिल्ली: INDIA ब्लॉक के मार्च से पहले AICC मुख्यालय की सुरक्षा बढ़ाई गई
दिल्ली में INDIA ब्लॉक के सुप्रीम कोर्ट तक प्रस्तावित विरोध मार्च से पहले AICC मुख्यालय पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
दिल्ली: संसद मार्ग थाने के बाहर सुरक्षा पाबंदियों और निषेधाज्ञा को लेकर घोषणा
दिल्ली में संसद मार्ग पुलिस स्टेशन के बाहर सुरक्षा पाबंदियों और निषेधाज्ञा के संबंध में सार्वजनिक घोषणा की जा रही है। लोगों से शांति बनाए रखने और बिना अनुमति भीड़ जमा नहीं करने के निर्देश दिए जा रहे हैं।
अभिजीत दिपके बोले- दिल्ली पुलिस युवाओं, पत्रकारों और सांसदों पर कर रही हमला
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक और संयोजक अभिजीत दिपके ने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस युवाओं, पत्रकारों और यहां तक कि सांसदों पर भी हमला कर रही है।
उन्होंने सवाल उठाया कि ज्ञानेश कुमार में ऐसी क्या खास बात है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उन्हें बचाने के लिए सभी से टकराने को तैयार हैं?
दिल्ली: कांग्रेस के प्रदर्शन से पहले संसद मार्ग पुलिस स्टेशन के बाहर सुरक्षा बढ़ाई गई
दिल्ली में कांग्रेस की ओर से घोषित प्रदर्शन से पहले संसद मार्ग पुलिस स्टेशन के बाहर पुलिस और सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है।
दिल्ली: जेबी माथेर बोलीं- लोकतंत्र की रक्षा के लिए सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करेंगे INDIA ब्लॉक के नेता
दिल्ली में INDIA ब्लॉक के सुप्रीम कोर्ट तक विरोध मार्च को लेकर कांग्रेस सांसद जेबी माथेर ने कहा कि वे किसी राजनीतिक दल के प्रतिनिधि, पुरुष, महिला या किसी राज्य, जाति, धर्म अथवा समुदाय से जुड़े व्यक्ति के रूप में नहीं, बल्कि ऐसे नागरिकों के तौर पर मार्च करेंगे, जो लोकतंत्र की रक्षा में विश्वास रखते हैं।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी, INDIA ब्लॉक के नेता और अन्य लोग सड़कों पर उतरकर हर संस्था और प्राधिकरण तक अपनी बात पहुंचा रहे हैं। माथेर ने दावा किया कि आज का दिन ऐसे विरोध प्रदर्शन के रूप में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज होगा, जैसा दिल्ली ने पहले कभी नहीं देखा।
6 मेट्रो स्टेशन बंद किए जाने पर उन्होंने आरोप लगाया कि गृह मंत्री अमित शाह के अधीन आने वाली पुलिस सुप्रीम कोर्ट के उस स्पष्ट फैसले की अनदेखी कर रही है, जिसमें मेट्रो बंद नहीं करने की बात कही गई है। उन्होंने कहा कि मेट्रो स्टेशन बंद करने, रास्तों में बदलाव करने और बड़ी संख्या में पुलिस तथा CRPF बलों की तैनाती के जरिए लोगों को रोकने की कोशिश की जा रही है, लेकिन INDIA ब्लॉक के नेता इससे पीछे हटने वाले नहीं हैं।
हुड्डा बोले- ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक जारी रहेगा INDIA ब्लॉक का प्रदर्शन
दिल्ली में आज INDIA ब्लॉक के सुप्रीम कोर्ट तक प्रस्तावित विरोध मार्च से पहले, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि यह प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर बुलाया गया है।
हुड्डा ने आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार की भूमिका में एक के बाद एक कई गड़बड़ियां सामने आई हैं और उनका पर्दाफाश हुआ है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचे हैं और अब वे पीछे हटने वाले नहीं हैं।
उन्होंने कहा, “यह प्रदर्शन तब तक जारी रहेगा, जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं दे देते।”
दिल्ली: AICC मुख्यालय पर जुटे कांग्रेस कार्यकर्ता, CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी
दिल्ली में AICC मुख्यालय पर कांग्रेस कार्यकर्ता जुटे और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी की। INDIA ब्लॉक आज सुप्रीम कोर्ट तक विरोध मार्च निकालेगा।
दिल्ली: जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की नई तारीख मांगने पुलिस स्टेशन जाएंगे CJP नेता
दिल्ली में CJP के नेताओं का आज संसद मार्ग पुलिस स्टेशन जाने का कार्यक्रम है। वे जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के लिए नई तारीख तय करने की मांग करेंगे।
दिल्ली: INDIA ब्लॉक के मार्च से पहले AICC मुख्यालय की सुरक्षा बढ़ाई गई
दिल्ली में AICC मुख्यालय पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। INDIA ब्लॉक आज सुप्रीम कोर्ट तक विरोध मार्च निकालेगा।
दिल्ली: हिमाचल भवन में जुटे कांग्रेस कार्यकर्ता, CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी
दिल्ली में हिमाचल भवन के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ता जुटे और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से जुड़े मामले को लेकर नारेबाजी की। INDIA ब्लॉक आज सुप्रीम कोर्ट तक विरोध मार्च निकालेगा।
दिल्ली: INDIA ब्लॉक के सुप्रीम कोर्ट तक मार्च से पहले कनॉट प्लेस में सुरक्षा बढ़ाई गई
दिल्ली में INDIA ब्लॉक की ओर से सुप्रीम कोर्ट तक मार्च की योजना के मद्देनजर कनॉट प्लेस इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
INDIA ब्लॉक के मार्च से पहले AICC दफ्तर में हलचल, 24 अकबर रोड से ताजा तस्वीरें
दिल्ली में आज सुप्रीम कोर्ट तक INDIA ब्लॉक के प्रस्तावित विरोध मार्च से पहले 24 अकबर रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय (AICC) से ताजा तस्वीरें सामने आई हैं।
दिल्ली: गाजीपुर बॉर्डर पर बैरिकेडिंग, वाहनों की सघन जांच कर रही पुलिस
दिल्ली में पुलिस ने गाजीपुर बॉर्डर पर बैरिकेडिंग की है और वहां से गुजरने वाले वाहनों की सघन जांच की जा रही है।
दिल्ली: कांग्रेस के प्रदर्शन से पहले मंडी हाउस इलाके में सुरक्षा बढ़ाई गई
दिल्ली में कांग्रेस की ओर से घोषित प्रदर्शन से पहले मंडी हाउस इलाके के आसपास सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।
बंगला साहिब गुरुद्वारे में हंगामे को लेकर FIR दर्ज, केजरीवाल समेत AAP नेताओं के खिलाफ शिकायत
दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (DSGMC) की शिकायत के बाद बंगला साहिब गुरुद्वारे में हंगामे के मामले में पुलिस ने FIR दर्ज की है।
शिकायत में आम आदमी पार्टी (AAP) के नेताओं, विधायकों और अरविंद केजरीवाल के नाम शामिल हैं। आरोप लगाया गया है कि पार्टी के सदस्य गुरुद्वारे परिसर में दाखिल हुए और वहां नारेबाजी की। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि सोशल मीडिया पर इस घटना को गलत तरीके से पेश किया गया।
दिल्ली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और शिकायत के साथ दिए गए वीडियो फुटेज की जांच की जा रही है। मामले में आगे की जानकारी का इंतजार है।
दिल्ली: जनपथ मेट्रो स्टेशन के एंट्री-एग्जिट गेट शाम 4 बजे तक बंद
दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) की घोषणा के मुताबिक, सोमवार को सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक जनपथ मेट्रो स्टेशन के प्रवेश और निकास द्वार बंद रहेंगे।
भूपेंद्र हुड्डा के आवास पर जुटे हरियाणा कांग्रेस के विधायक-सांसद, INDIA ब्लॉक के मार्च में होंगे शामिल
दिल्ली में हरियाणा कांग्रेस के नेता, जिनमें विधायक और सांसद भी शामिल हैं, पार्टी के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा के आवास पर जुटे हैं। ये सभी आज INDIA ब्लॉक के सुप्रीम कोर्ट तक प्रस्तावित विरोध मार्च में शामिल होंगे।
दिल्ली: INDIA ब्लॉक के प्रदर्शन से पहले जनपथ और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ाई गई
दिल्ली में आज प्रस्तावित INDIA ब्लॉक के विरोध प्रदर्शन से पहले जनपथ और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
दिल्ली में सुरक्षा कड़ी, CJI के मिलने से इनकार के बावजूद सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करेगा INDIA ब्लॉक
मध्य दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। CJI के मुलाकात से इनकार के बावजूद INDIA ब्लॉक के नेता सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करेंगे।
कांग्रेस के प्रदर्शन से पहले दिल्ली मेट्रो के 6 स्टेशनों के गेट बंद, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट से तस्वीरें
कांग्रेस के प्रदर्शन से पहले दिल्ली मेट्रो ने छह स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद कर दिए हैं। सेंट्रल सेक्रेटेरिएट मेट्रो स्टेशन से तस्वीरें सामने आई हैं।
दिल्ली: CEC के खिलाफ प्रदर्शन से पहले बैरिकेडिंग में थोड़ी ढील, ली मेरिडियन गोलचक्कर की सभी सड़कें खुलीं
दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) के खिलाफ प्रदर्शन के मद्देनजर लगाई गई बैरिकेडिंग को थोड़ा कम कर दिया गया है। ली मेरिडियन गोलचक्कर पर सभी सड़कों को यातायात के लिए खोल दिया गया है।
लोकतंत्र की रक्षा के लिए आंदोलन बन चुका है INDIA ब्लॉक का मार्च, वेणुगोपाल ने लोगों से जुड़ने की अपील की
कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने सोमवार को कहा कि सुप्रीम कोर्ट तक INDIA ब्लॉक का प्रस्तावित मार्च देश के लोकतांत्रिक मूल्यों और सिद्धांतों की रक्षा के उद्देश्य से निकाला जा रहा है। विपक्षी नेताओं ने 12 अक्टूबर को होने वाले इस विरोध प्रदर्शन में लोगों से शामिल होने की अपील की है।
राष्ट्रीय राजधानी में 12 अक्टूबर को प्रस्तावित मार्च के बारे में ANI से बात करते हुए वेणुगोपाल ने कहा कि यह विरोध प्रदर्शन अब लोकतंत्र की रक्षा के लिए एक व्यापक आंदोलन का रूप ले चुका है। उन्होंने लोगों से इसमें भाग लेने की अपील की।
वेणुगोपाल ने कहा, “यह सिर्फ एक विरोध प्रदर्शन नहीं है, बल्कि अब एक आंदोलन बन चुका है। यह आंदोलन देश के लोकतांत्रिक मूल्यों और सिद्धांतों की रक्षा के लिए है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने देश के लोकतंत्र की रक्षा के लिए सभी लोगों से साथ आने की अपील की है। देश के लोग कल आएंगे और इस आंदोलन में शामिल होंगे।”
वेणुगोपाल ने यह भी कहा कि विपक्ष मुख्य न्यायाधीश के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात नहीं करने के फैसले का सम्मान करता है, लेकिन सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करने के अपने निर्णय पर कायम है।
उन्होंने कहा, “CJI ने हमसे मिलने से इनकार कर दिया है। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में याचिका सौंपने या कानूनी प्रक्रिया के तहत अपनी बात रखने का विकल्प दिया है। हम उनके फैसले का सम्मान करते हैं, लेकिन हम कल सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करने के अपने फैसले पर कायम हैं…”
भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने कथित चुनावी अनियमितताओं को लेकर ज्ञापन सौंपने के लिए INDIA ब्लॉक के नेताओं की मुलाकात की मांग खारिज कर दी है। उन्होंने कहा कि यह मामला पहले से ही अदालत में विचाराधीन है, इसलिए विपक्षी नेताओं को याचिका दाखिल कर अदालत का रुख करना चाहिए।
दिल्ली में कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए कई इलाकों में ट्रैफिक प्रतिबंध और रूट डायवर्जन
ट्रैफिक एडवाइजरी
12 अक्टूबर 2026 को मौजूदा कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में यातायात प्रतिबंध और रूट डायवर्जन लागू किए जा सकते हैं। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी यात्रा की पहले से योजना बनाएं और सफर के लिए अतिरिक्त समय लेकर निकलें।
वाहन चालकों के लिए जरूरी निर्देश:
वाहन चालक प्रभावित इलाकों से गैर-जरूरी यात्रा करने से बचें। डायवर्जन के संकेतों और ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें तथा यातायात सुचारु बनाए रखने में दिल्ली ट्रैफिक पुलिस का सहयोग करें।
यातायात की ताजा जानकारी और सहायता के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के आधिकारिक माध्यमों से संपर्क करें।
दिल्ली में प्रदर्शन के चलते ITO और आसपास के इलाकों में सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक ट्रैफिक प्रतिबंध
डीडीयू मार्ग पर 12 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए ITO और आसपास के इलाकों में सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक यातायात प्रतिबंध और रूट डायवर्जन लागू रहेंगे।
वाहन चालकों के लिए निर्देश:
वाहन चालक धैर्य बनाए रखें, यातायात नियमों का पालन करें और इलाके में तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों का सहयोग करें। जाम से बचने के लिए डायवर्जन के संकेतों और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें।
यातायात की ताजा जानकारी और सहायता के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के आधिकारिक माध्यमों से संपर्क करें।
दिल्ली में कांग्रेस के प्रदर्शन से पहले 6 मेट्रो स्टेशनों के गेट बंद, मंडी हाउस से तस्वीरें
कांग्रेस के प्रदर्शन से पहले दिल्ली मेट्रो ने छह स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद कर दिए हैं। मंडी हाउस मेट्रो स्टेशन से तस्वीरें सामने आई हैं।
इंडिया ब्लॉक का सुप्रीम कोर्ट तक मार्च आज, 6 मेट्रो स्टेशन बंद, कड़ी की गई सुरक्षा
दिल्ली में INDIA ब्लॉक के नेता सुप्रीम कोर्ट तक आज मार्च करेंगे। हालांकि, मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने विपक्षी सांसदों के आवेदन को अस्वीकार कर दिया है। खबरों के मुताबिक, विपक्ष जिन मुद्दों को उठाना चाहता है, वे पहले से ही सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन हैं।
मार्च के मद्देनजर दिल्ली मेट्रो ने सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक पटेल चौक, जनपथ, राजीव चौक, मंडी हाउस, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट और बाराखंभा रोड मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद कर दिए हैं। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने भी कई सड़कों पर यातायात प्रभावित होने और रूट डायवर्जन की आशंका जताई है। यात्रियों को अतिरिक्त समय लेकर निकलने और घर से रवाना होने से पहले ट्रैफिक की ताजा जानकारी देखने की सलाह दी गई है। इस बीच, CJP ने भी जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन के लिए तारीख मांगी है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
