रामलीला मैदान में INDIA ब्लॉक की महारैली आज, जुटेंगे विपक्षी दलों के दिग्गज नेता, CEC के इस्तीफे समेत 3 बड़ी मांगें
इस रैली की मुख्य वजह SIR प्रक्रिया और मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं को लेकर विपक्ष की नाराजगी है। विपक्षी दलों का आरोप है कि विशेष गहन पुनरीक्षण के नाम पर मतदाताओं के नाम गलत तरीके से हटाए जा रहे हैं।

दिल्ली के रामलीला मैदान में आज INDIA ब्लॉक की महारैली है, जिसमें ममता बनर्जी, राहुल गांधी और अखिलेश यादव समेत कई विपक्षी नेता शामिल होंगे।
विपक्ष का आरोप है कि SIR के जरिए मतदाता सूची में गड़बड़ी की जा रही है और कथित वोट चोरी से चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता प्रभावित हो रही है।
INDIA ब्लॉक ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे, SIR पर रोक और सभी चुनाव बैलेट पेपर से कराने की मांग उठाई है।
रैली को देखते हुए 4,000 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं, जबकि दिल्ली के कई प्रमुख मार्गों पर सुबह 10 से शाम 5 बजे तक यातायात प्रतिबंध रहेंगे।
देश की राजधानी दिल्ली में आज INDIA ब्लॉक की बड़ी रैली होने जा रही है। रामलीला मैदान में आयोजित इस महारैली के जरिए विपक्षी दल मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR), कथित वोट चोरी और चुनाव आयोग की भूमिका को लेकर अपना विरोध दर्ज कराएंगे। विपक्ष की प्रमुख मांग मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा है। इस रैली में पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव समेत विपक्षी दलों के कई बड़े नेताओं के शामिल होंगे।
रैली से पहले दोपहर 12 बजे कनॉट प्लेस के मिंटो रोड जंक्शन से मार्च निकाला जाएगा। यह मार्च अजमेरी गेट होते हुए रामलीला मैदान पहुंचेगा। राहुल गांधी ने भी लोगों, छात्र संगठनों और नागरिक समाज के प्रतिनिधियों से बड़ी संख्या में इसमें शामिल होने की अपील की है। रैली को 'वोट बचाओ, देश बचाओ' अभियान के तहत आयोजित किया जा रहा है।
INDIA ब्लॉक की क्या हैं तीन प्रमुख मांगें?
इस रैली की मुख्य वजह SIR प्रक्रिया और मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं को लेकर विपक्ष की नाराजगी है। विपक्षी दलों का आरोप है कि विशेष गहन पुनरीक्षण के नाम पर मतदाताओं के नाम गलत तरीके से हटाए जा रहे हैं। उनका कहना है कि इससे मताधिकार और चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। विपक्ष ने चुनाव आयोग की स्वतंत्रता को लेकर भी चिंता जताई है।
INDIA ब्लॉक की तीन प्रमुख मांगें हैं। पहली, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें और उन्हें संरक्षण देने वाले 2023 के कानून को रद्द किया जाए। दूसरी, SIR प्रक्रिया तत्काल रोकी जाए और मतदाता सूची से कथित तौर पर गैरकानूनी ढंग से हटाए गए नाम बहाल किए जाएं। तीसरी, भविष्य के सभी चुनाव ईवीएम के बजाय बैलेट पेपर से कराए जाएं। विपक्ष का कहना है कि यह लड़ाई केवल वोट बचाने की नहीं, बल्कि संविधान और लोकतंत्र की रक्षा से भी जुड़ी है।
दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
रैली और मार्च को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। मार्च के रास्ते और रामलीला मैदान में 4,000 से ज्यादा पुलिसकर्मियों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF) की टुकड़ियों को तैनात किया जाएगा। रामलीला मैदान को 14 सुरक्षा जोन में बांटा गया है और प्रत्येक जोन की निगरानी असिस्टेंट कमिश्नर रैंक के अधिकारी करेंगे।
कार्यक्रम पर नजर रखने के लिए 200 से ज्यादा CCTV कैमरे, ड्रोन और पुलिसकर्मियों के बॉडी-वॉर्न कैमरों का इस्तेमाल किया जाएगा। मैदान के भीतर एक कंट्रोल रूम भी बनाया गया है। दिल्ली पुलिस कमिश्नर समेत वरिष्ठ अधिकारियों ने सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया है।
दिल्ली में ट्रैफिक प्रतिबंध, अस्पतालों के लिए विशेष इंतजाम
रविवार को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक दिल्ली के कई हिस्सों में यातायात प्रतिबंध और डायवर्जन लागू रहेंगे। आईटीओ, दिल्ली गेट, राजघाट, अजमेरी गेट और तुर्कमान गेट समेत प्रमुख चौराहों पर यातायात में बदलाव किया जाएगा। लोगों को बहादुर शाह जफर मार्ग, जवाहरलाल नेहरू मार्ग, मिंटो रोड और देशबंधु गुप्ता रोड के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है।
एलएनजेपी और जीबी पंत अस्पतालों की ओर जाने वाली एंबुलेंस और दूसरे आपातकालीन वाहनों की आवाजाही के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को भी समय से पहले अपनी यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी गई है।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, रामलीला मैदान में रैली के आयोजन की अनुमति दी गई है, लेकिन मिंटो रोड-कनॉट प्लेस चौराहे से प्रस्तावित जुलूस के लिए कोई आवेदन नहीं मिला था। ऐसे में रैली के साथ मार्च के आयोजन और यातायात व्यवस्था पर भी पुलिस की नजर रहेगी।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
