मौसम अपडेट: दिल्ली-यूपी समेत इन राज्यों में हीटवेव का कहर, पूर्वोत्तर में बारिश का प्रहार, IMD का बड़ा अलर्ट
देश में इस समय मौसम का दोहरा असर देखने को मिल रहा है, जहां उत्तर भारत में भीषण लू का प्रकोप है, वहीं 12 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। कई इलाकों में तापमान 45 डिग्री तक पहुंचने की चेतावनी दी गई है।

देश में मौसम की दोहरी मार देखने को मिल रही है। उत्तर भारत के बड़े हिस्से में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप तेज होता जा रहा है, जबकि पूर्वोत्तर और कुछ अन्य राज्यों में आंधी-बारिश ने हालात बदल दिए हैं। मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में गर्मी और ज्यादा तीखी हो सकती है, खासकर दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और राजस्थान में लू का असर बढ़ने वाला है।
उत्तर भारत में लू का प्रकोप तेज
मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में 23 से 27 अप्रैल के बीच तापमान लगातार बढ़ने की संभावना है। 23 अप्रैल को तापमान 42 डिग्री तक पहुंच सकता है, जबकि 24 और 25 अप्रैल को यह क्रमशः 43 और 44 डिग्री तक जा सकता है। इन दिनों के लिए हीट वेव का अलर्ट जारी किया गया है।
इसी तरह उत्तर प्रदेश में 23 से 26 अप्रैल के बीच पश्चिमी हिस्सों में भीषण लू चलने का अनुमान है और तापमान 40 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, आगरा और मेरठ में भी गर्म हवाएं चलने की संभावना है।
राजस्थान में 24 से 26 अप्रैल के बीच भीषण गर्मी का दौर रहेगा, जहां तापमान 42 से 45 डिग्री तक जा सकता है। जयपुर, जोधपुर, बीकानेर, कोटा, उदयपुर और अजमेर में दिन के समय अत्यधिक गर्मी पड़ेगी। वहीं मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में भी 23 से 27 अप्रैल तक लू जैसे हालात बने रहने की संभावना है।
बिहार-झारखंड और बंगाल में मिला-जुला असर
बिहार में 23 अप्रैल को लू चलने की संभावना है, लेकिन इसके बाद आंधी-बारिश और तेज हवाओं से कुछ राहत मिल सकती है। इस दौरान हवा की रफ्तार 50 से 60 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है और पटना में तापमान 41 डिग्री तक जा सकता है।
झारखंड में दुमका, जामताड़ा, धनबाद और बोकारो में लू का अलर्ट है, जबकि 24 से 26 अप्रैल के बीच कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश, आंधी और 30-50 किमी प्रति घंटे की तेज हवाएं चलने की संभावना है।
पश्चिम बंगाल में दक्षिणी हिस्सों में 25 अप्रैल तक लू या उमस भरी गर्मी का असर रहेगा। वहीं उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कलिम्पोंग और जलपाईगुड़ी में 28 अप्रैल तक गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का पूर्वानुमान है।
12 राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट
मौसम विभाग ने देश के 12 राज्यों में बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है। इनमें हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मिजोरम, त्रिपुरा, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा शामिल हैं। इन इलाकों में 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
इसके अलावा 23 से 25 अप्रैल के बीच ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश, यानम, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल, माहे, तटीय कर्नाटक और गुजरात के तटीय क्षेत्रों में गर्म और आर्द्र मौसम बना रह सकता है।
पहाड़ी राज्यों में बदलेगा मौसम
हिमाचल प्रदेश में 25 से 28 अप्रैल के बीच और उत्तराखंड में 25-26 अप्रैल को हल्की बारिश का अनुमान है। वहीं पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 25 से 28 अप्रैल के बीच छिटपुट से मध्यम बारिश हो सकती है, जहां हवा की रफ्तार 30 से 40 किमी प्रति घंटा तक रह सकती है।
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia