क्या दूसरे चरण के बाद नहीं बढ़ेगा लॉकडाउन! एयर इंडिया ने 3 मई के बाद की बुकिंग शुरू की

एयर इंडिया ने 3 मई को समाप्त हो रहे दूसरे चरण के लॉकडाउन के अगले दिन 4 मई से कुछ जगहों के लिए विमान सेवा शुरू करने का फैसला किया है, जिसके लिए टिकट बुकिंग शुरू हो चुकी है। इसके साथ ही 1 जून से इंटरनेशनल फ्लाइट के लिए भी बुकिंग जारी है।

फोटोः सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

सरकारी एयरलाइंस कंपनी एयर इंडिया ने 3 मई को दूसरे चरण के लॉकडाउन की समाप्ति के बाद देश में विमान सेवा शुरू करने का फैसला किया है। इसी के तहत कंपनी ने 4 मई से कुछ घरेलू उड़ानों के लिए टिकट बुकिंग शुरू कर दी है। इसके साथ ही एयर इंडिया ने 1 जून से इंटरनेशनल उड़ानों के लिए भी बुकिंग शुरू कर दी है। हालांकि इस बीच अगर सरकार लॉकडाउन को आगे बढ़ाने पर फैसला लेती है तो फिर इसमें बदलाव संभव है।

बता दें कि कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए भारत सरकार ने 24 मार्च से देशव्यापी लॉकडाउन के पहले चरण का ऐलान किया था, जो 14 अप्रैल को समाप्त हुआ। लेकिन देश में लगातार बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के मामलों को देखते हुए 14 अप्रैल को पीएम मोदी ने एक बार फिर देश को संबोधित करते हुए लॉकडाउन 3 मई तक के लिए बढ़ाने का ऐलान किया था।

कोरोना वायरस के चेन को तोड़ने के लिए लागू लॉकडाउन में पूरे देश में विमान, ट्रेन, मेट्रो, बस जैसी सार्वजनिक परिवहन सेवाओं समेत आवागमन को पूरी तरह से बंद कर दिया गया। सरकार ने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय सभी तरह की उड़ानों पर भी पूरी तरह से रोक लगा दी। इसके चलते विमान कंपनियों को इस दौरान हजारों करोड़ का नुकसान हुआ है। ऐसे में तमाम विमान सेवा कंपनियां जल्द से जल्द उड़ान भरना चाहती हैं। इसके लिए वो कोरोना से बचाव के तमाम एहतेयातों के साथ उड़ान भरने की तैयारी कर रही हैं।

बता दें कि विमान कंपनियां लॉकडाउन के दौरान फ्लाइट टिकट की बुकिंग पर क्रेडिट रिफंड और कैश रिफंड दोनों दे रही हैं। इसका मतलब है कि अगर किसी की फ्लाइट टिकट 25 मार्च और 3 मई के बीच की है, तो क्रेडिट रिफंड की सुविधा के तहत वह शख्स अपनी यात्रा को री-शेड्यूल कर सकते हैं। एविएशन मिनिस्ट्री के आदेश के तहत 25 मार्च से 14 अप्रैल के बीच बुक टिकट पर कैश रिफंड मिल रहा है।

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia