दुर्घटना के कुछ ही समय बाद ही..., अजित पवार विमान हादसे के लिए पायलट को दोषी ठहराने की हो रही कोशिश? रोहित पवार का आरोप

उन्होंने कहा, ‘‘अगर यह सज्जन कह रहे हैं कि गलती पायलट की थी और इस मामले से अपना पल्ला झाड़ रहे हैं, तो ऐसा लगता है कि वह खुद को इससे दूर रखते हुए दोष किसी और पर डालने की कोशिश कर रहे हैं।’’

अजित पवार प्लेन क्रैशः रोहित पवार ने लगाए गंभीर आरोप
i
user

नवजीवन डेस्क

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के विधायक रोहित पवार ने सवाल उठाया है कि क्या वीएसआर वेंचर्स के मालिक वी के सिंह जनवरी में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार और चार अन्य लोगों की मृत्यु के मामले में लीयरजेट विमान दुर्घटना के लिए पायलट को जिम्मेदार ठहराने की कोशिश कर रहे हैं?

अपराध अन्वेषण विभाग (सीआईडी) के एक ​​अधिकारी ने कोई विस्तृत जानकारी दिए बिना कहा था कि सीआईडी ने पिछले सप्ताह सिंह से पूछताछ की और उनका बयान दर्ज किया।

सीआईडी ​​ने सिंह से पूछताछ के संबंध में कोई बयान जारी नहीं किया है।

रोहित पवार का सवाल

वीएसआर वेंचर्स द्वारा संचालित एक लीयरजेट 45 विमान 28 जनवरी को पुणे जिले के बारामती हवाई पट्टी के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस घटना में अजित पवार और चार अन्य लोगों की मृत्यु हो गई थी।

मीडिया के एक वर्ग ने सीआईडी को दिए सिंह के कथित बयान का जिक्र किया था।

रोहित पवार ने मीडिया के एक वर्ग में आए सिंह के इसी कथित बयान का हवाला देते हुए सोमवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘ब्लैक बॉक्स में वास्तव में क्या रिकॉर्ड हुआ था, यह अब तक सामने नहीं आया है। अगर ऐसा है, तो वीएसआर कंपनी के मालिक वी के सिंह को दुर्घटना के कुछ ही समय बाद कैसे पता चला कि यह पायलट की गलती थी?’’

उन्होंने कहा, ‘‘अगर यह सज्जन कह रहे हैं कि गलती पायलट की थी और इस मामले से अपना पल्ला झाड़ रहे हैं, तो ऐसा लगता है कि वह खुद को इससे दूर रखते हुए दोष किसी और पर डालने की कोशिश कर रहे हैं।’’


एनसीपी (एसपी) विधायक ने कहा कि जब तक अधिकारी विमान दुर्घटना के बारे में ठोस और विश्वसनीय जानकारी जारी नहीं करते, तब तक लोगों को किसी भी चर्चा या निराधार दावों पर विश्वास नहीं करना चाहिए।

विधायक ने बताया कि कभी रिपोर्ट में कहा जाता है कि विमान का ‘ब्लैक बॉक्स’ जल गया है, जबकि कभी दावा किया जाता है कि डेटा बरामद कर लिया गया है।

उन्होंने कहा, ‘‘जांच एजेंसियां ​​इस मामले पर पूरी तरह से चुप्पी साधे हुए हैं।’’

पीटीआई के इनपुट के साथ

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia