चंद्रयान-2 मिशन पर ISRO को पक्ष विपक्ष सब ने दी बधाई, जानिए किसने क्या कहा 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उदास इसरो के वैज्ञानिकों से कहा कि साहसी बनें। मोदी ने आईएटीआरएसी के नियंत्रण कक्ष में वैज्ञानिकों के साथ बातचीत में कहा, “आपने अभी तक जो हासिल किया है, वह कोई छोटी उपलब्धि नहीं है।”

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

चांद को छूने से चंद कदम दूर चंद्रयान-2 का मून लैंडर विक्रम से संपर्क टूट गया। संपर्क टूटने के समय विक्रम चांद से बस 2 किमी की दूरी पर था। इससे 978 करोड़ रुपए की लागत वाले चंद्रयान-2 मिशन पर संस्पेंस बढ़ गया है। हालांकि इसके बावजूद भारत की इस स्पेस एजेंसी को बधाई पर बधाई मिल रहे हैं। सबने इसकी उपलब्धियों पर गर्व जताया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उदास इसरो के वैज्ञानिकों से कहा कि साहसी बनें। मोदी ने आईएटीआरएसी के नियंत्रण कक्ष में वैज्ञानिकों के साथ बातचीत में कहा, "आपने अभी तक जो हासिल किया है, वह कोई छोटी उपलब्धि नहीं है।"

उन्होंने इसरो के अध्यक्ष के. सिवन का पीठ थपथपाते हुए कहा, "देश को आप पर गर्व है। आपने देश की सेवा की है और विज्ञान व मानवता की महान सेवा की है। हिम्मत के साथ आगे बढ़िए। मैं आपके साथ हूं, सर्वश्रेष्ठ की आशा रखिए।"


राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी चंद्रयान-2 मिशन को लेकर इसरो की टीम की प्रशंसा की। राष्ट्रपति ने ट्वीट किया, "देश को इसरो पर गर्व है। हम सभी बेहतर की उम्मीद करते हैं।"

केंद्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री हर्षवर्धन ने कहा कि चंद्रयान-2 पर इसरो का प्रयास पूरे देश के लिए महत्वपूर्ण क्षण था। हर्षवर्धन ने ट्वीट किया, "प्रिय इसरो के वैज्ञानिक भारत को आप पर गर्व है। चंद्रयान-2 के लिए आपने अपना सर्वोत्तम दिया।" उन्होंने कहा कि आपके साहस की कोई तुलना नहीं है। मुझे अटल जी की कविता याद आ रही है- 'हार नहीं मानूंगा, रार नहीं ठानूंगा।' उन्होंने कहा कि हमें पूरा भरोसा है कि भविष्य में हमारे वैज्ञानिक इस मिशन को पूरा करेंगे।


कांग्रेस पार्टी ने भी इसरो के चंद्र मिशन चंद्रयान-2 की प्रशंसा की और कहा कि देश इसरो के वैज्ञानिकों के साथ खड़ा है। कांग्रेस पार्टी ने कहा, "तनाव की इस घड़ी में इसरो की पूरी टीम के साथ देश के लोग खड़े हैं। आपके कठिन परिश्रम और प्रतिबद्धता ने देश को गौरवान्वित किया है।"

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अंतरिक्ष एजेंसी को शानदार कार्य के लिए बधाई दी और कहा कि यह प्रत्येक भारतीय के लिए एक प्रेरणा है। राहुल ने ट्वीट किया, "इसरो की टीम को चंद्रयान-2 मून मिशन पर शानदार काम के लिए बधाई। आपका जुनून और समर्पण प्रत्येक भारतीय के लिए एक प्रेरणा है।"

विक्रम को चंद्रमा की सतह के करीब तक पहुंचाने में इसरो की टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए राहुल ने कहा, "आपका का काम बेकार नहीं जाएगा। इसने कई बेजोड़ और महत्वाकांक्षी भारतीय अंतरिक्ष मिशनों की बुनियाद रखी है।"


दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी ट्वीट कर इसरो के वैज्ञानिकों को बधाई दी।केजरीवाल ने कहा, "हमें अपने वैज्ञानिकों पर गर्व है। उन्होंने इतिहास रचा है। निराश होने की जरूरत नहीं है। हमारे वैज्ञानिकों ने उम्दा काम किया है। जय हिंद।"

आईएएनएस के इनपुट के साथ

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 07 Sep 2019, 9:32 AM