'डबल इंजन नहीं, लूट का इंजन चल रहा है', मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव पर कांग्रेस का बड़ा हमला

जयराम रमेश ने न्यूज़ रिपोर्ट का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव और उनके परिवार की जमीन खरीद को लेकर सवाल उठाए हैं।

फोटो: सोशल मीडिया
i

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव पर कांग्रेस ने बड़ा हमला बोला है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया पर 'इंडियन एक्सप्रेस' की एक जांच रिपोर्ट साझा करते हुए आरोप लगाया कि बीजेपी की 'डबल इंजन' सरकार में "लूट का इंजन" चल रहा है और मुख्यमंत्री मोहन यादव इस पूरी व्यवस्था के केंद्र में हैं।

रिपोर्ट में क्या दावा किया गया?

'इंडियन एक्सप्रेस' की रिपोर्ट के मुताबिक, उज्जैन में बड़े पैमाने पर हो रहे इंफ्रास्ट्रक्चर विकास, सड़क परियोजनाओं और भूमि उपयोग में बदलाव के बीच मुख्यमंत्री मोहन यादव के परिवार और रिश्तेदारों ने विभिन्न इलाकों में जमीन खरीदी। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि 2021 में मंत्री बनने के बाद से परिवार से जुड़े लोगों ने 137 प्लॉट खरीदे, जिनका कुल क्षेत्रफल 168 एकड़ और अनुमानित मूल्य करीब 75 करोड़ रुपये बताया गया है।

रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2021 से 2023 के बीच 57 प्लॉट खरीदे गए थे, जिनका क्षेत्रफल 85 एकड़ था और अनुमानित कीमत करीब 30 करोड़ रुपये बताई गई। वहीं, 2024-25 के दौरान 137 प्लॉट खरीदे गए, जिनका क्षेत्रफल 168 एकड़ और अनुमानित मूल्य 75 करोड़ रुपये बताया गया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि परिवार की कुल होल्डिंग 245 प्लॉट और 335 एकड़ तक पहुंचती है।


रिपोर्ट में किन सवालों का जिक्र?

रिपोर्ट में दो प्रमुख मुद्दे उठाए गए हैं। पहला, क्या इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं और जमीन खरीद के बीच हितों के टकराव (Conflict of Interest) की स्थिति बनती है। दूसरा, क्या उन इलाकों में जमीन खरीदी गई जहां विकास परियोजनाएं प्रस्तावित थीं या उज्जैन मास्टर प्लान के तहत भूमि उपयोग में बदलाव की संभावना थी।

रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि मोहन यादव मुख्यमंत्री बनने से पहले उज्जैन विकास प्राधिकरण और पर्यटन विकास से जुड़े विभिन्न पदों पर रहे थे। साथ ही रिपोर्ट में परिवार और रिश्तेदारों के नाम से दर्ज जमीनों का भी विवरण प्रकाशित किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, कुछ जमीनों को बाद में बेचा भी गया है।

जयराम रमेश ने क्या कहा?

जयराम रमेश ने रिपोर्ट का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव पर निशाना साधा और दावा किया कि मध्य प्रदेश में सत्ता और संसाधनों को लेकर अंदरूनी खींचतान चल रही है। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री के खिलाफ चल रही खबरों के पीछे भाजपा के भीतर की राजनीति की भी चर्चा है। हालांकि, उन्होंने इस दावे के समर्थन में कोई अतिरिक्त दस्तावेज सार्वजनिक नहीं किया।