'विशेष सत्र का असली मकसद कुछ और, महिला आरक्षण के नाम पर परिसीमन की तैयारी', जयराम रमेश का मोदी सरकार पर हमला
जयराम रमेश ने इसे प्रधानमंत्री का दबाव और हताशा में उठाया गया कदम बताते हुए कहा कि कांग्रेस इस कोशिश का पूरी ताकत और दृढ़ संकल्प के साथ विरोध करेगी।

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने संसद के आगामी विशेष सत्र को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि दोनों की जोड़ी महिला आरक्षण के मुद्दे पर जनता के बीच भ्रम और झूठ फैला रही है। जयराम रमेश के मुताबिक, महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने वाला नारी शक्ति वंदन अधिनियम सितंबर 2023 में संसद से सर्वसम्मति से पारित हो चुका है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष ने भी इसे तत्काल लागू करने की मांग की थी, लेकिन सरकार ने इस पर अमल नहीं किया। उन्होंने दावा किया कि 16 अप्रैल 2026 की रात 10:40 बजे तक कानून की अधिसूचना जारी नहीं हुई थी और इसके बाद अचानक अधिसूचना जारी की गई। जयराम रमेश ने कहा कि ऐसे में संसद का आगामी विशेष सत्र महिला आरक्षण लागू करने के लिए नहीं, बल्कि परिसीमन के जरिए निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं और उनके स्वरूप में बदलाव करने के उद्देश्य से बुलाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार परिसीमन की आड़ में लोगों की राजनीतिक आवाज को कमजोर करना चाहती है।
उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका पर भी सवाल उठाए और कहा कि जिनके कार्यकाल में मतदाता सूचियों को तैयार करने की प्रक्रिया और चुनावी व्यवस्था की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल उठे हैं, उन्हें निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं तय करने की जिम्मेदारी कैसे दी जा सकती है। रमेश ने आरोप लगाया कि वोट चोरी के आरोपों से घिरी व्यवस्था को ही परिसीमन की ताकत देना लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
उन्होंने इसे प्रधानमंत्री का दबाव और हताशा में उठाया गया कदम बताते हुए कहा कि कांग्रेस इस कोशिश का पूरी ताकत और दृढ़ संकल्प के साथ विरोध करेगी।
गौरतलब है कि लोकसभा की कार्यवाही 30 नवंबर और राज्यसभा की 2 दिसंबर से शुरू होगी। दोनों सदनों की बैठक 3 दिसंबर तक चल सकती है। यह मानसून सत्र का ही विस्तार होगा, जिसे 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित किया गया था, लेकिन औपचारिक रूप से सत्रावसान नहीं हुआ था। सरकार ने इसे आवश्यक सरकारी कामकाज के लिए बुलाई गई बैठक बताया है।
हालांकि, इस सत्र में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयकों को दोबारा लाए जाने की अटकलें तेज हैं। इससे पहले अप्रैल 2026 में परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को लोकसभा में जरूरी दो-तिहाई बहुमत नहीं मिल पाया था।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
