जम्मू-कश्मीर: कुलगाम CRPF नाके पर हमले का मास्टरमाइंड लतीफ भट ढेर, पुलिस ने सर्च ऑपरेशन के दौरान एक और आंतीक को मार गिराया

मारे गए आतंकियों में संगठन का टॉप कमांडर मोहम्मद लतीफ भट भी शामिल है। बताया जा रहा है कि लतीफ भारत के खिलाफ कई आतंकी गतिविधियों में शामिल रहा था।

फोटोः सोशल मीडिया
i

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों ने आतंकियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लश्कर-ए-तैयबा के दो आतंकियों को मार गिराया है। मारे गए आतंकियों में संगठन का टॉप कमांडर मोहम्मद लतीफ भट भी शामिल है। बताया जा रहा है कि लतीफ भारत के खिलाफ कई आतंकी गतिविधियों में शामिल रहा था। इस ऑपरेशन को भारतीय सेना, सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने मिलकर अंजाम दिया।

दरअसल, हाल ही में कुलगाम में आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर हमला किया था। इस घटना में सीआरपीएफ के तीन जवान घायल हो गए थे। हमले के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। स्थिति का जायजा लेने के लिए सीआरपीएफ के महानिदेशक (DG) ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह भी कश्मीर पहुंचे थे। इसी दौरान सुरक्षाबल हमले के मास्टरमाइंड और लश्कर कमांडर मोहम्मद लतीफ भट की तलाश में जुटे हुए थे।

सीआरपीएफ के विशेष महानिदेशक (SDG) संदीप खिरवार ने सोमवार को बताया कि 11 नवंबर को कुलगाम में हुए हमले के बाद पूरे जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा अलर्ट बढ़ा दिया गया है। उन्होंने कहा कि हमले में सीआरपीएफ के तीन जवान घायल हुए थे, जिसके बाद पूरे केंद्र शासित प्रदेश में सतर्कता बढ़ा दी गई।

संदीप खिरवार के मुताबिक, सुरक्षाबलों को हमलावरों के बारे में पहले ही कुछ अहम सुराग मिल गए थे। इसके आधार पर आतंकियों की तलाश तेज की गई। आखिरकार कुलगाम में हुई मुठभेड़ में दो आतंकियों को मार गिराया गया। इस कार्रवाई को हालिया आतंकी हमले के खिलाफ सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए