जम्मू-कश्मीर विधानसभा में लगे 'इजरायल मुर्दाबाद' के नारे, खामेनेई के पोस्टर लेकर NC-PDP विधायकों का प्रदर्शन

जैसे ही सदन की कार्यवाही शुरू होने वाली थी, नेशनल कॉन्फ्रेंस के विधायक अचानक सदन के वेल में पहुंच गए। इस दौरान उन्होंने ‘इजरायल मुर्दाबाद’ और अमेरिका विरोधी नारे लगाए।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

जम्मू-कश्मीर विधानसभा की कार्यवाही शुरू होने से पहले ही शुक्रवार को सदन का माहौल गरमा गया। नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) और पीडीपी (PDP) के विधायकों ने पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के विरोध में विधानसभा परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। बाद में सदन के अंदर नारेजबाजी की जिसके चलते कार्यवाही बाधित हुई और सदन को 30 मिनट के लिए स्थगित करना पड़ा।

सदन के वेल में उतरे विधायक, लगे नारे

जैसे ही कार्यवाही शुरू होने वाली थी, नेशनल कॉन्फ्रेंस के विधायक अचानक सदन के वेल में पहुंच गए। इस दौरान उन्होंने ‘इजरायल मुर्दाबाद’ और अमेरिका विरोधी नारे लगाए। प्रदर्शन कर रहे विधायकों के हाथों में ईरान के मारे गए सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह खामेनेई की तस्वीरें और पोस्टर भी थे।

इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व एनसी नेता तनवीर सादिक कर रहे थे। उन्होंने और अन्य विधायकों ने ईरान के प्रति संवेदनाएं जताते हुए इजरायली हमलों की कड़े शब्दों में निंदा की।


हंगामे के चलते कार्यवाही स्थगित

सत्ता पक्ष और विपक्ष के कुछ विधायकों के इस रुख के कारण सदन में भारी शोर-शराबा देखने को मिला। हालात बिगड़ते देख विधानसभा की कार्यवाही को 30 मिनट के लिए स्थगित करना पड़ा।

इससे पहले नेशनल कॉन्फ्रेंस के विधायकों ने इस मुद्दे पर चर्चा की मांग करते हुए सदन में स्थगन प्रस्ताव भी पेश किया था।

परिसर के बाहर भी विरोध, सुरक्षा कड़ी

विधानसभा के भीतर ही नहीं, बल्कि परिसर के बाहर भी विरोध प्रदर्शन जारी है। वहां, भारी संख्या में सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं, लेकिन इसके बावजूद नारेबाजी और प्रदर्शन थमने का नाम नहीं ले रहे हैं।

विपक्षी दलों का कहना है कि वे अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकारों के उल्लंघन और निर्दोष लोगों की हत्या के खिलाफ अपनी आवाज उठा रहे हैं।


आज अन्य कामकाज पर असर के संकेत

सदन के भीतर और बाहर जिस तरह का माहौल बना हुआ है, उससे साफ है कि आज विधानसभा में किसी अन्य विधायी कार्य पर चर्चा होना मुश्किल नजर आ रहा है। लगातार विरोध और राजनीतिक तनातनी के बीच दिनभर कार्यवाही प्रभावित रहने की आशंका है।

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia