जम्मू कश्मीर: बीजेपी नेता ने 'केस में फंसाने' की धमकी देकर मांगे पैसे, मामला दर्ज, पार्टी से निलंबित

गनी ने बीजेपी नेता पर उनसे पांच लाख रुपये मांगने का आरोप लगाया। गनी ने यह भी आरोप लगाया कि उन्होंने पिछले साल नवंबर में बीजेपी नेता को दो किश्तों में 54,000 रुपये दिए थे।

जम्मू कश्मीर: बीजेपी नेता ने 'केस में फंसाने' की धमकी देकर मांगे पैसे, मामला दर्ज, पार्टी से निलंबित
i

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने डरा-धमकाकर एक ठेकेदार से कथित तौर पर रंगदारी की मांग करने को लेकर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के पुलवामा ज़िला अध्यक्ष शौकत गयूर के खिलाफ एक मामला दर्ज किया है। प्राथमिकी सोमवार रात पुलवामा की नेवा पुलिस चौकी में मोहम्मद यासीन गनी की शिकायत पर दर्ज की गई। जिसके बाद बीजेपी ने गयूर को पार्टी से निलंबित कर दिया।

बीजेपी नेता ने झूठे केस में फंसाने की धमकी दी

गनी ने बीजेपी नेता पर उनसे पांच लाख रुपये मांगने का आरोप लगाया। गनी ने यह भी आरोप लगाया कि उन्होंने पिछले साल नवंबर में बीजेपी नेता को दो किश्तों में 54,000 रुपये दिए थे। गनी ने आरोप लगाया कि गयूर ने धमकी दी कि अगर उनकी मांग पूरी नहीं की गई, तो वह उन्हें जन सुरक्षा कानून के तहत फंसा देंगे।


बीजेपी ने पुलवामा अध्यक्ष शौकत अंद्राबी को किया निलंबित

भारतीय जनता पार्टी ने शौकत गयूर को जबरन वसूली के आरोप में दर्ज एफआईआर के चलते तत्काल प्रभाव से सभी पदों से निलंबित कर दिया है।

बीजेपी जम्मू-कश्मीर के राज्य महासचिव और राष्ट्रीय परिषद सदस्य मोहम्मद अनवर खान द्वारा जारी निलंबन आदेश के अनुसार, यह कार्रवाई पार्टी की अनुशासनात्मक समिति के अध्यक्ष एडवोकेट सुनील सेठी की सिफारिशों के बाद की गई है। इस संबंध में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद सत शर्मा (सीए) तथा महासचिव मोहम्मद अनवर खान के साथ भी परामर्श किया गया।

आदेश में कहा गया है कि इंजीनियर सैयद शौकत गयूर अंद्राबी के खिलाफ जबरन वसूली का मामला दर्ज होने के बाद पार्टी ने उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही शुरू करने का निर्णय लिया है। जांच प्रक्रिया पूरी होने तक उन्हें भारतीय जनता पार्टी के सभी संगठनात्मक पदों और जिम्मेदारियों से निलंबित रखा जाएगा। इसमें पुलवामा जिले के जिला अध्यक्ष का पद भी शामिल है।

बता दें कि इंजीनियर सैयद शौकत गयूर अंद्राबी पिछले कई वर्षों से पुलवामा जिले में बीजेपी संगठन को मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे। उनके खिलाफ दर्ज एफआईआर के बाद पार्टी के भीतर और बाहर इस मुद्दे पर चर्चा तेज हो गई थी।

पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए