महबूबा की बेटी की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई आज, मां की सेहत को लेकर चिंतित, मिलने की लगाई गुहार
याचिका में इल्तिजा ने कहा कि वह अपनी मां की सेहत को लेकर बेहद चिंतित हैं, क्योंकि उनकी उनसे एक महीने से मुलाकात नहीं हुई है। इल्तिजा की याचिका को चीफ जस्टिस रंजन गोगोई और न्यायमूर्ति एसए बोबडे और न्यायमूर्ति एसए नजीर की पीठ के समक्ष सूचीबद्ध किया गया है।

जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री और पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती की बेटी इल्तिजा जावेद की याचिका पर आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। याचिका में इल्तिजा जावेद ने अपनी मां महबूबा मुफ्ती से मिलने की मांग की है। उन्होंने अपनी याचिका में कहा है अधिकारियों को निर्देश दिया जाए ताकि वे अपनी मां से मिल सकें।
इल्तिजा ने कहा कि वह अपनी मां की सेहत को लेकर बेहद चिंतित हैं, क्योंकि उनकी उनसे एक महीने से मुलाकात नहीं हुई है। इल्तिजा की याचिका को चीफ जस्टिस रंजन गोगोई और न्यायमूर्ति एसए बोबडे और न्यायमूर्ति एसए नजीर की पीठ के समक्ष सूचीबद्ध किया गया है।
गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर से धरा 370 हटाए जाने के बाद महबूबा मुफ्ती और उमर अब्दुल्ला समेत घाटी के कई नेताओं को गिरफ्तार कर लिया गया था। अभी तक किसी भी नेता की रिहाई नहीं हुई है।
इल्तिजा जावेद की ओर से वकील आकर्ष कामरा ने कहा कि याचिका में जिस तरह की राहत मांगी गई है, वह ठीक वैसी ही है जैसी कि सीपीएम महासचिव सीताराम येचुरी को 28 अगस्त को शीर्ष अदालत ने उनके बीमार पार्टी सहकर्मी मोहम्मद यूसुफ तारिगामी से मिलने के लिए दी थी। कोर्ट आज येचुरी द्वारा सीलबंद लिफाफे में सौंपे गए उस हलफनामे को भी देखेगा जो उन्होंने अपनी यात्रा और 29 अगस्त को तारिगामी से हुई मुलाकात के बारे में दिया है।
इसे भी पढ़ें: महबूबा की बेटी का शाह को पत्र, कहा- हमें जानवरों की तरह किया कैद, मीडिया से बात करने पर दी अंजाम भुगतने की धमकी
इससे पहले महबूबा की बेटी इल्तिजा जावेद ने एक वॉयस मैसेज जारी किया था। इल्तिजा ने वॉयस मैसेज में कहा था, “मुझे भी हिरासत में लिया गया है, और धमकी दी गई है कि अगर मैंने मीडिया से बात की तो अंजाम भुगतने पड़ेंगे।”
इल्तिजा ने वॉयस मैसेज में कहा था कि उनके साथ अपराधी की तरह बर्ताव किया जा रहा है, और लगातार उनके ऊपर नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि आवाज उठाने वाले कश्मीरियों के साथ मैं भी जान का खतरा महसूस कर रही हूं। इल्तिजा ने कहा कि मेरे साथ ऐसा इसलिए किया जा रहा है, क्योंकि मैंने मीडिया से पहले बात की थी, और बताया था कि घाटी में कर्फ्यू लगाए जाने के बाद से कश्मीरियों को किस तरह की परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 05 Sep 2019, 9:33 AM
