जम्मू-कश्मीर: सेना को मिली बड़ी सफलता, शोपियां एनकाउंटर में ढेर हुआ लश्कर का टॉप आतंकी जाकिर गनई
लगातार चार दिन तक चले अभियान के बाद जाकिर गनई का शव बरामद हुआ, जिससे पुष्टि हो गई कि वह मुठभेड़ में मारा गया है।

जम्मू-कश्मीर के शोपियां में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। चार दिन तक चले ऑपरेशन के बाद बुधवार को लश्कर-ए-तैयबा के टॉप कमांडर जाकिर गनई का शव हथियारों के साथ बरामद किया गया। सुरक्षा एजेंसियां अभी भी पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान चला रही हैं।
शनिवार को दो आतंकवादी CCTV कैमरों में नजर आए थे, जिसके बाद सुरक्षा बलों ने शोपियां के चानपोरा इलाके में ऑपरेशन शुरू किया। लगातार चार दिन तक चले अभियान के बाद जाकिर गनई का शव बरामद हुआ, जिससे पुष्टि हो गई कि वह मुठभेड़ में मारा गया है।
सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार, यह ऑपरेशन कई दिनों तक चला। रविवार को भी सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) ने मीमंदर इलाके में घेराबंदी और तलाशी अभियान जारी रखा। आतंकियों के घने बाग में छिपे होने की आशंका के चलते पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में रखा गया।
जांच में सामने आया कि फंसे हुए दोनों आतंकवादियों की पहचान जाकिर गनई और लतीफ के रूप में हुई थी। दोनों दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के निवासी बताए गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, जाकिर वर्ष 2024 से प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा था, जबकि लतीफ पिछले साल इस संगठन में शामिल हुआ था।
यह मुठभेड़ उस समय शुरू हुई, जब तलाशी अभियान के दौरान आतंकवादियों ने सेना की टीम पर गोलीबारी कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षा बलों ने भी फायरिंग की, जिसके बाद दोनों ओर से मुठभेड़ शुरू हो गई। इसके बाद से सुरक्षा बल लगातार इलाके में ऑपरेशन चलाते रहे और आखिरकार जाकिर गनई का शव बरामद कर लिया गया।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
