जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे लगातार दूसरे दिन रहा बंद, अमरनाथ समेत सभी प्रमुख यात्राएं छठे दिन भी स्थगित

जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे लगातार दूसरे दिन बंद रहा। भारी बारिश और भूस्खलन के कारण अमरनाथ, वैष्णो देवी और शिव खोरी यात्रा छठे दिन भी स्थगित रही।

फोटो: IANS
i

जम्मू-कश्मीर में लगातार खराब मौसम ने जनजीवन और धार्मिक यात्राओं पर बड़ा असर डाला है। भारी बारिश, भूस्खलन और पत्थर गिरने की घटनाओं के चलते रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे (एनएच-44) शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन भी बंद रहा। वहीं, भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की चेतावनी के मद्देनजर श्री अमरनाथ यात्रा, माता वैष्णो देवी यात्रा और शिव खोरी यात्रा लगातार छठे दिन भी स्थगित रहीं। प्रशासन ने मौसम सामान्य होने और मार्ग सुरक्षित घोषित होने तक यात्राएं रोकने का फैसला किया है।

भूस्खलन के कारण हाईवे बंद, यात्रियों को यात्रा टालने की सलाह

अधिकारियों के मुताबिक लगातार बारिश के कारण एनएच-44 पर कई स्थानों पर रुक-रुक कर भूस्खलन और पत्थर गिरने की घटनाएं हो रही हैं। सड़क से मलबा हटाने का काम जारी है, लेकिन फिलहाल हाईवे को यातायात के लिए सुरक्षित घोषित नहीं किया गया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और किसी भी अफवाह पर भरोसा न करें। सड़क की ताजा स्थिति केवल ट्रैफिक पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल और ट्रैफिक कंट्रोल यूनिट से ही प्राप्त करें।


फंसे पर्यटकों के लिए रेलवे ने चलाई स्पेशल ट्रेन

हाईवे बंद होने के कारण नॉर्दर्न रेलवे ने गुरुवार को श्रीनगर से श्री माता वैष्णो देवी कटरा के बीच एक विशेष ट्रेन चलाई, जिससे करीब 600 पर्यटक घाटी से बाहर निकल सके। यह ट्रेन शाम 5:10 बजे श्रीनगर स्टेशन से रवाना हुई, बनिहाल में ठहराव के बाद रात 8:15 बजे कटरा पहुंची। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने कहा कि सड़क मार्ग बाधित होने की स्थिति में यात्रियों की सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए यह विशेष सेवा शुरू की गई। रेलवे ने यात्रियों को एनटीईएस ऐप, आईआरसीटीसी वेबसाइट और 139 हेल्पलाइन के जरिए ट्रेन की ताजा जानकारी लेने की सलाह भी दी है।

अमरनाथ, वैष्णो देवी और शिव खोरी यात्रा छठे दिन भी बंद

खराब मौसम, भारी बारिश, अचानक बाढ़ और भूस्खलन के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने शुक्रवार को भी जम्मू-कश्मीर की सभी प्रमुख धार्मिक यात्राएं स्थगित रखीं। इनमें श्री अमरनाथ यात्रा, माता वैष्णो देवी यात्रा और शिव खोरी यात्रा शामिल हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि मौसम में सुधार और मार्ग सुरक्षित होने के बाद ही यात्राएं दोबारा शुरू की जाएंगी। इस दौरान विभिन्न बेस कैंपों में रुके श्रद्धालुओं के लिए मुफ्त भोजन (लंगर) और ठहरने की व्यवस्था की गई है, ताकि उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए