जरांगे पाटिल ने फडणवीस पर हत्या की कोशिश करने का आरोप लगाया, घर तक मार्च की दी धमकी

जरांगे ने कहा कि कुछ लोगों को प्रलोभन दिया जा रहा और मेरे खिलाफ झूठे आरोप लगाने के लिए उन पर दबाव डाला जा रहा है। इन साजिशों के पीछे फडणवीस का हाथ है। मैं इसी वक्त मुंबई के मालाबार हिल में फडणवीस के आधिकारिक आवास तक मार्च करने के लिए तैयार हूं।

जरांगे पाटिल ने फडणवीस पर हत्या की कोशिश का आरोप लगाया, घर तक मार्च की दी धमकी
जरांगे पाटिल ने फडणवीस पर हत्या की कोशिश का आरोप लगाया, घर तक मार्च की दी धमकी
user

नवजीवन डेस्क

महाराष्ट्र में मराठा समुदाय को आरक्षण के लिए आंदोलन का नेतृत्व कर रहे मनोज जरांगे पाटिल ने रविवार को बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि बीजेपी नेता और उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस उनकी हत्या की कोशिश कर रहे हैं। जरांगे ने कहा कि वह मुंबई मार्च करेंगे और फडणवीस के आवास के बाहर प्रदर्शन करेंगे।

जरांगे ने जालना जिले के अंतरवाली सराटी में एक घंटे से अधिक के अपने भाषण के अंत में यह घोषणा की। उन्होंने फडणवीस पर कई और आरोप भी लगाए। जरांगे ने कहा, ‘‘कुछ लोगों को प्रलोभन दिया जा रहा और मेरे खिलाफ झूठे आरोप लगाने के लिए उन पर दबाव डाला जा रहा है। इन साजिशों के पीछे फडणवीस का हाथ है। मैं इसी वक्त सागर बंगला (मुंबई के मालाबार हिल में फडणवीस का आधिकारिक आवास) तक मार्च करने के लिए तैयार हूं।’’


उनकी इस घोषणा से सभा स्थल पर अफरा-तफरी मच गई, जहां मराठा आरक्षण आंदोलन के नेता के समर्थक बड़ी संख्या में एकत्र हुए थे। यहां तक कि उनमें से कुछ ने माइक्रोफोन छीनने की कोशिश भी की। जरांगे ने कहा कि वह अकेले मुंबई मार्च करेंगे और उन्हें सभी लोगों से केवल समर्थन की जरूरत है।

वहीं, बीजेपी विधायक नितेश राणे ने पलटवार करते हुए जरांगे को चेतावनी दी कि उन्हें फडणवीस तक पहुंचने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं की विशाल दीवार को पार करना होगा। उन्होंने दावा किया कि जरांगे अभी एक ‘पटकथा’ पढ़ रहे हैं। राणे ने कहा, ‘‘उन्हें राजनीति में आना चाहिए, लेकिन उन्हें फडणवीस के खिलाफ आरोप लगाने के लिए इस निम्न स्तर तक नहीं जाना चाहिए।’’


बीजेपी विधायक अतुल भातखलकर ने कहा कि जरांगे का ‘असली चेहरा’ अब सबके सामने है।भातखलकर ने कहा, ‘‘महाराष्ट्र सरकार ने मराठा समुदाय को 10 प्रतिशत आरक्षण (20 फरवरी को विधानमंडल में पारित एक विधेयक के जरिये) दिया है। वह विरोध क्यों जारी रखे हुए हैं? फडणवीस पांच साल तक मुख्यमंत्री थे और हर कोई उन्हें जानता है। जरांगे के आरोपों से उनकी छवि खराब नहीं होने जा रही है।’’

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 25 Feb 2024, 5:39 PM