बिहार: JDU के बाहुबली विधायक अनंत सिंह को हाईकोर्ट से जमानत, दुलारचंद यादव हत्याकांड में बड़ी राहत

पटना हाईकोर्ट ने जेडीयू विधायक अनंत सिंह को दुलारचंद यादव हत्याकांड में जमानत दे दी है, वे करीब साढ़े चार महीने से बेऊर जेल में बंद थे और अब उनकी रिहाई का रास्ता साफ हो गया है।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

पटना हाईकोर्ट ने जेडीयू विधायक अनंत सिंह को दुलारचंद यादव हत्याकांड में जमानत दे दी है। करीब साढ़े चार महीने से बेऊर जेल में बंद अनंत सिंह अब जल्द ही रिहा हो सकते हैं।

पटना हाईकोर्ट ने अनंत सिंह की जमानत याचिका स्वीकार करते हुए उन्हें रिहा करने का आदेश दिया। इससे पहले निचली अदालतों ने उनकी जमानत अर्जी खारिज कर दी थी। हाईकोर्ट के इस फैसले के बाद उनकी रिहाई का रास्ता साफ हो गया है।

क्या है पूरा मामला?

यह मामला अक्टूबर 2025 का है, जब बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान मोकामा में जन सुराज पार्टी के समर्थक दुलारचंद यादव की हत्या कर दी गई थी। घटना 30 अक्टूबर को घोसवरी थाना क्षेत्र के बसावनचक गांव में हुई थी। उस समय दुलारचंद यादव जनसुराज के प्रत्याशी के लिए प्रचार कर रहे थे। पुलिस ने इस हत्याकांड में अनंत सिंह को मुख्य आरोपी मानते हुए गिरफ्तार किया था।


गिरफ्तारी से जेल तक का सफर

चुनावी माहौल के बीच ही 1 नवंबर 2025 की रात पुलिस ने अनंत सिंह को गिरफ्तार किया था। अगले दिन कोर्ट में पेशी के बाद उन्हें पटना की बेऊर जेल भेज दिया गया। इसके बाद से वे लगातार जेल में बंद थे और जमानत के लिए प्रयास कर रहे थे।

जेल में रहकर जीता चुनाव

अनंत सिंह ने जेल में रहते हुए मोकामा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की। 16 मार्च को वे राज्यसभा चुनाव के दौरान वोटिंग के लिए विधानसभा भी पहुंचे थे, जहां उन्होंने संकेत दिया था कि वे जल्द ही जेल से बाहर आएंगे।


राजनीति में अगला कदम

नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले के बाद अनंत सिंह ने भी भविष्य को लेकर बड़ा संकेत दिया है। उन्होंने घोषणा की है कि अब वे आगे चुनाव नहीं लड़ेंगे और मोकामा सीट से उनके बड़े बेटे को चुनावी मैदान में उतारा जाएगा।  

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia