JDU की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी का ऐलान, सूची से केसी त्यागी का नाम गायब, उठने लगे सवाल

यूपी के मूल निवासी और पूर्व सांसद केसी त्यागी पिछले 3 दशकों से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ जुड़े हुए थे और पार्टी के दृष्टिकोण को राष्ट्रीय मीडिया पर भी रख रहे थे। ऐसे में उनका नाम राष्ट्रीय कार्यकारिणी में नहीं होने पर सवाल उठने लगे हैं।

फोटोः IANS
फोटोः IANS
user

नवजीवन डेस्क

बिहार में सत्तारूढ़ नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू ने लंबे समय के बाद मंगलवार को नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा कर दी, जिसमें वरिष्ठ नेता मंगनी लाल मंडल को पार्टी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। पार्टी महासचिव अफाक अहमद खान ने पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति की नई सूची जारी की, जिसमें कई नेताओं को जगह मिली है।

लेकिन दिलचस्प बात यह है कि वरिष्ठ नेता और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव के.सी. त्यागी को नई कमेटी में जगह नहीं दी गई है। इस पर सवाल उठने लगे हैं। यूपी के मूल निवासी और पूर्व सांसद त्यागी पिछले 3 दशकों से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ जुड़े हुए थे और पार्टी के दृष्टिकोण को राष्ट्रीय मीडिया पर भी रख रहे थे।


नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में जेडीयू ने अपने दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष को भी बदल दिया है और अब शैलेश कुमार को यह जिम्मेदारी दी गई है। रामनाथ ठाकुर, अली अशरफ फातमी, संजय झा, गिरधारी यादव, संतोष कुमार कुशवाहा, राम सेवक सिंह, चंदेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी, दसई चौधरी, गुलाम रसूल बल्यावी, आर.पी. मंडल, विजय कुमार मांझी, भगवान सिंह कुशवाहा, कहकशां परवीन और राज कुमार शर्मा को महासचिव पद दिया गया है।

पूर्व विधायक रंजनी रंजन को महासचिव और राष्ट्रीय प्रवक्ता के रूप में नई जिम्मेदारी दी गई है।
पूर्व सांसद धनंजय सिंह के अलावा कमर आलम, हरीश चंद्र पाटिल, असफाक अहमद, इंजीनियर सुनील, हर्षवर्धन और राज सिंह मान को भी महासचिव का पद दिया गया है। पार्टी ने रवींद्र प्रसाद सिंह, राजीव रंजन प्रसाद, संजय वर्मा, अनूप पटेल, दयानंद राय और संजय कुमार सहित 7 राष्ट्रीय सचिवों को भी नामित किया है। सांसद आलोक कुमार सुमन को पार्टी कोषाध्यक्ष का पद दिया गया है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia