झारखंडः कांग्रेस के मंत्री बोले- बीजेपी ने छात्र आंदोलन की आड़ में उपद्रव की साजिश रची, मंशा सफल नहीं होने देंगे

कांग्रेस नेताओं ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह झारखंड में विद्यार्थियों के आंदोलन का राजनीतिकरण कर रही है और विरोध-प्रदर्शन में बाधा डालने और उपद्रव फैलाने के लिए दूसरे राज्यों से लोगों को ला रही है।

झारखंडः कांग्रेस के मंत्री बोले- बीजेपी ने छात्र आंदोलन की आड़ में उपद्रव की साजिश रची, मंशा सफल नहीं होने देंगे
i

झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर जारी छात्र आंदोलन के बीच हेमंत सोरेन सरकार में कांग्रेस कोटे के चार मंत्रियों ने बुधवार को बीजेपी पर छात्र आंदोलन की आड़ में उपद्रव की साजिश रचने के गंभीर आरोप लगाए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बीजेपी की मंशा सफल नहीं होने देंगे।

वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने संयुक्त प्रेस वार्ता में दावा किया कि बीजेपी छात्रों के आंदोलन के बहाने राजनीतिक रोटी सेंकने की कोशिश कर रही है। मंत्रियों ने कहा कि गड़बड़ी और उपद्रव फैलाने की साजिश के तहत बीजेपी ने विधानसभा के समक्ष किए गए प्रदर्शन में दूसरे राज्यों से लोगों को बुलाया।

वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि सरकार 10 अगस्त को विधानसभा में छात्रों के मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार थी। उनके मुताबिक, विपक्षी बीजेपी ने सदन में चर्चा करने के बजाय मुख्यमंत्री आवास के घेराव का रास्ता चुना। उन्होंने दावा किया कि बिहार, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ से बीजेपी कार्यकर्ताओं को बुलाकर आंदोलन को उग्र करने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद सरकार और प्रशासन ने संयम बरता। किशोर ने दावा किया कि विधानसभा के गेट तक आंदोलनकारियों का पहुंचना संसदीय व्यवस्था के लिए गंभीर विषय है। उन्होंने पूरे घटनाक्रम की उच्चस्तरीय जांच की मांग की।


स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि वह देर रात बिना सुरक्षा के सदर अस्पताल पहुंचे और भूख हड़ताल पर बैठे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो से मुलाकात की। उन्होंने दावा किया कि छात्र नेता ने भी स्वीकार किया है कि कुछ लोग आंदोलन को भटकाने की कोशिश कर रहे हैं। अंसारी ने कहा कि सरकार छात्रों की करीब 95 प्रतिशत मांगों को स्वीकार कर चुकी है और बाकी मुद्दों पर भी बातचीत का रास्ता खुला है।

ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि आंदोलन के दौरान किसी छात्र को चोट पहुंची है तो सरकार इसके लिए दुखी है। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं के साथ बातचीत के जरिए समाधान चाहती है। उन्होंने दावा किया कि पेपर लीक के मामले में सरकार की कार्रवाई के बाद बीजेपी जांच की दिशा को भटकाने का प्रयास कर रही है।

कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू से अपने आरोपों के लिए माफी मांगने की मांग की। उन्होंने राहुल गांधी को लेकर बीजेपी की ओर से लगाए गए आरोपों को भी खारिज किया। उन्होंने कहा कि पुलिस ने आंदोलन के दौरान तय नियमों के तहत स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। मंत्रियों ने कहा कि सरकार जेपीएससी और जेएसएससी से जुड़े मामलों में निष्पक्ष जांच और परीक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए गंभीर है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सरकार बातचीत के जरिए समाधान चाहती है और छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों को राजनीतिक टकराव का विषय नहीं बनाया जाना चाहिए।

इसे भी पढ़ेंः राहुल गांधी ने झारखंड के छात्र आंदोलन का किया समर्थन, कहा- किसी की भी सरकार हो, छात्रों-युवाओं को सुनना चाहिए


कांग्रेस नेताओं ने बीजेपी पर देश भर में ‘परीक्षा माफिया’ को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए कहा कि वह राज्य में प्रश्नपत्र लीक की सीआईडी जांच का इसलिए ‘विरोध’ कर रही है, क्योंकि उसे ‘पर्दाफाश होने का डर’ है। कांग्रेस के चारों मंत्रियों ने दावा किया कि ‘केंद्र के हथियार’ केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने पर झारखंड में भी उसे ‘मनचाहे नतीजे’ मिलेंगे। लेकिन हम बीजेपी की मंशा सफल नहीं होने देंगे।

इसे भी पढ़ेंः 'झारखंड के छात्र आंदोलन में बंगाल से युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को भेज रही BJP', केसी वेणुगोपाल ने शेयर किया वीडियो

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए