झारखंड: गैस सिलेंडर की किल्लत-महंगाई पर सत्ता पक्ष का हंगामा, रिक्शा चलाकर विधानसभा पहुंचे मंत्री इरफान अंसारी

केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध दर्ज कराने के लिए राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी खुद रिक्शा चलाते हुए विधानसभा पहुंचे, जबकि रिक्शे पर कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की सवार थीं।

रिक्शा चलाकर विधानसभा पहुंचे मंत्री इरफान अंसारी
i
user

नवजीवन डेस्क

एलपीजी और पेट्रोलियम पदार्थों की कथित किल्लत को लेकर शुक्रवार को झारखंड विधानसभा परिसर में जहां सरकार के मंत्रियों ने रिक्शा चलाकर विरोध प्रदर्शन किया, वहीं सदन के भीतर भी इस मुद्दे पर जोरदार हंगामा हुआ। 

केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध दर्ज कराने के लिए राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी खुद रिक्शा चलाते हुए विधानसभा पहुंचे, जबकि रिक्शे पर कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की सवार थीं। मंत्रियों के इस अंदाज़ ने न केवल सबको हैरान किया बल्कि सड़क से लेकर सदन के भीतर तक सियासी पारे को गरमा दिया।


विधानसभा के मुख्य द्वार पर रिक्शा रोककर मीडिया से मुखातिब होते हुए स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि केंद्र की गलत नीतियों और विफल विदेश नीति के कारण आज देश की स्थिति दयनीय हो गई है। महंगाई और बेरोजगारी ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है, जिससे लोग बुनियादी जरूरतों के लिए भी कतारों में लगने को मजबूर हैं।

विरोध की यह आंच सदन की कार्यवाही शुरू होते ही भीतर भी महसूस की गई। सत्ता पक्ष के विधायकों ने राज्य में एलपीजी सिलेंडर की बढ़ती कीमतों और किल्लत को लेकर शोर-शराबा शुरू कर दिया। विधायक प्रदीप यादव ने हाथों में अखबार लहराते हुए आरोप लगाया कि गैस की कमी के कारण कई स्कूलों में 'मिड-डे मील' (मध्याह्न भोजन) तक प्रभावित हो रहा है और लोग सिलेंडर के लिए लंबी लाइनों में खड़े हैं। सत्ता पक्ष के विधायकों ने इस स्थिति के लिए सीधे तौर पर केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए जमकर नारेबाजी की।

आईएएनएस के इनपुट के साथ

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia