J&K: बादल फटने से किश्तवाड़ और शोपियां में भारी तबाही, बाढ़ में बह गईं गाड़ियां, नेशनल हाईवे बंद

बादल फटने के बाद हालात बिगड़ गए। भारी बारिश के कारण पानी और मलबे का तेज बहाव हुआ, जिससे पांच घरों और एक स्कूल की इमारत में पानी भर गया, कई वाहन बह गए।

फोटो: सोशल मीडिया
i

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ और शोपियां जिलों में बादल फटने की घटनाओं के बाद जनजीवन प्रभावित हो गया है। किश्तवाड़ के चत्रू इलाके में शुक्रवार देर रात करीब 2:30 बजे बादल फटा, जिससे अचानक आए तेज पानी के बहाव में कई वाहन बह गए और लोगों की संपत्ति को नुकसान पहुंचा। प्रशासन नुकसान का आकलन करने में जुटा है।

शोपियां में घरों और स्कूल में घुसा पानी

शनिवार को शोपियां जिले के पेहलीपोरा इलाके में भी बादल फटने के बाद हालात बिगड़ गए। भारी बारिश के कारण पानी और मलबे का तेज बहाव हुआ, जिससे पांच घरों और एक स्कूल की इमारत में पानी भर गया। सूचना मिलते ही स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (एसडीआरएफ) और स्थानीय पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।

कोई जनहानि नहीं, हाईवे पर यातायात रोका गया

राहत की बात यह रही कि दोनों घटनाओं में किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि, एहतियात के तौर पर चत्रू-किश्तवाड़ नेशनल हाईवे पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन संवेदनशील इलाकों पर नजर बनाए हुए है।

वैष्णो देवी मार्ग पर बैटरी कार सेवा फिर शुरू

करीब 12 दिनों के बाद माता वैष्णो देवी के बैटरी कार मार्ग पर यात्रा दोबारा शुरू कर दी गई है। हालांकि, त्रिकुटा पर्वत पर बादल छाए रहने और दोपहर बाद हुई बारिश के कारण कटड़ा-सांझीछत हेलीकॉप्टर सेवा पूरे दिन प्रभावित रही। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए एसडीआरएफ, श्राइन बोर्ड, पुलिस और सीआरपीएफ के जवान संवेदनशील स्थानों पर तैनात किए गए हैं।

4 अगस्त तक ऑरेंज अलर्ट जारी

मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर ने 4 अगस्त तक जम्मू संभाग के करीब 10 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 100 से 200 मिलीमीटर तक भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने बाढ़, भूस्खलन और पहाड़ों से पत्थर गिरने की आशंका को देखते हुए खासकर पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए