अमेरिका: असाधारण सुरक्षा और अभूतपूर्व हालात में जो बाइडेन-कमला हैरिस आज लेंगे शपथ

दुनिया के सबसे पुराने लोकतंत्र और सबसे ताकतवर देश अमेरिका को आज नया राष्ट्रपति मिलेगा। इसके साथ ही रिपब्लिकन डोनाल्ड ट्रंप के हाथों से निकलकर सत्ता उदारवादी डेमोक्रेट जो बाइडेन के हाथों में आ जाएगी। बाइडेन अमेरिका के 46वें राष्ट्रपति के तौर पर शपथ लेंगे।

पंजाब के प्रसिद्ध आर्टिस्ट जगजोत सिंह रूबल ने कमला हैरिस और जो बाइडेन के शानदार पोर्ट्रेट बनाए हैं
पंजाब के प्रसिद्ध आर्टिस्ट जगजोत सिंह रूबल ने कमला हैरिस और जो बाइडेन के शानदार पोर्ट्रेट बनाए हैं
user

नवजीवन डेस्क

अभूतपूर्व सुरक्षा, देश भर में हिंसक प्रदर्शनों की आशंका, कोरोना वायरस महामारी और अदालतों से होते हुए अब तक के सबसे विवादित चुनाव के बाद अमेरिका को आज 46वां राष्ट्रपति मिलेगा। निर्वाचित राष्ट्रपति डेमोक्रेट जो बाइडेन आज पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे। अमेरिकी इतिहास में यह पहला मौका होगा जब किसी राष्ट्रपति के शपथ समारोह के लिए इतनी सख्त सुरक्षा व्यवस्था की गई हो। खासतौर से अभी 6 जनवरी को कैपिटल हिल पर हुए हमले के बाद से अमेरिकी राजधानी वाशिंगटन डीसी एक तरह से सैन्य मुख्यालय बना हुआ है। चप्पे – चप्पे पर सशस्त्र सैनिक तैनात हैं।

ध्यान रहे कि इस बार के अमेरिकी चुनाव में भारतीयों ने खास रुचि दिखाई है क्योंकि पहली बार अमेरिका में भारतीय मूल का कोई उम्मीदवार उप राष्ट्रपति पद के लिए मैदान में था और बाज़ी भारतीय मूल की अमेरिकी कमला हैरिस के हाथों रही। यह पहला मौका है जब अमेरिका ने एक महिला को उपराष्ट्रपति चुना है। इसके अलावा जीत के बाद बाइडेन ने अपनी टीम में बड़ी संख्या में भारतीयों को शामिल किया है, इससे भी भारत में बाइडेन की जीत को लेकर खासा उत्साह है।

फोटो : Getty Images
फोटो : Getty Images
SARAH SILBIGER

अमेरिका में सुबह 9 बजे और भारतीय समयानुसानर रात 7.30 बजे से शुरु होगा समारोह

जो बाइडेन के शपथ ग्रहण का समारोह अमेरिकी समय के मुताबिक सुबह 9 बजे शुरु हो जाएगा। उस समय भारत में शाम के 7.30 बज रहे होंगे। मुख्य समारोह यानी शपथ का कार्यक्रम सुबह 11.30 बजे शुरु होगा। भारत उस समय वक्त होगा रात के 10 बजे। जो बाइडेन अमेरिकी समय के मुताबिक दोपहर 12 बजे शपथ लेंगे यानी भारतीय समयानुसार वे रात 10.30 बजे पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे।


फोटो : Getty Images
फोटो : Getty Images

अमेरिका में इस तरह होता है शपथ ग्रहण

शपथ ग्रहण के पारंपरिक स्थान कैपिटॉल के वेस्ट फ्रंट में हो रहे इस आयोजन में अमेरिकी समयानुसार दोपहर 12 बजते ही अमेरिका के मुख्य न्यायाधीश जॉन रॉबर्ट्स राष्ट्रपति जो बाइडेन को पद की शपथ दिलाएंगे। जो बाइडन अपने परिवार की 127 वर्ष पुरानी बाइबिल के साथ शपथ लेंगे। शपथ के दौरान जो बाइडेन की पत्नी जिल बाइडन अपने हाथों में बाइबिल लिए खड़ी रहेंगी। जो बाइडेन 78 वर्ष के हैं और अमेरिका के इतिहास में सबसे अधिक उम्र के राष्ट्रपति बनने जा रहे हैं।

शपथ ग्रहण के तुरंत बाद राष्ट्रपति के तौर पर बाइडेन देश के नाम अपना पहला संबोधन देंगे। बताया जाता है कि ऐतिहासिक भाषण भारतीय मूल के अमेरिकी नागरिक विनय रेड्डी तैयार कर रहे हैं, जो एकता और सौहार्द पर आधारित होगा।

फोटो : Getty Images
फोटो : Getty Images
Aaron P. Bernstein

भारतीय मूल की कमला हैरिस को पहली लैटिन जज दिलाएंगी शपथ

इसी आयोजन में निर्वाचित उपराष्ट्रपति कमला हैरिस भी शपथ लेंगी। वे अमेरिका की पहली महिला और दक्षिण एशियाई उपराष्ट्रपति होंगी। 56 वर्षीय कमला हैरिस को अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट की पहली पहली लैटिन सदस्य न्यायमूर्ति सोनिया सोटोमेयर पद की शपथ दिलाएंगी। 25 हजार से ज्यादा सैनिक तैनात जो बाइडेन और कमला हैरिस के शपथ समारोह के लिए कैपिटॉल को किले में बदल दिया गया है। यहां नेशनल गार्ड्स के 25,000 से ज्यादा जवान सुरक्षा में तैनात रहेंगे। निवर्तमान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप समर्थकों के हिंसक प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा के काफी सख्त बंदोबस्त किए गए हैं।


फोटो : Getty Images
फोटो : Getty Images

रंगा-रंगा कार्यक्रमों में लेडी गागा, जेनिफर लोपेज़ और ब्रुक्स के होंगे शो

जानकारी के मुताबिक शपथ समारोह में मशहूर रॉक स्टार लेडी गागा, जेनिफर लोपेज़ और अमेरिकी गीतकार गार्थ ब्रुक्स का शो होगा। इसके अलावा अभिनेता टॉम हैंक्स एक विशेष कार्यक्रम सेलेब्रेटिंग अमेरिका नाम के कार्यक्रम की मेजबानी करेंगे। इस कार्यक्रम में जस्टिन टिंबरलेक, डेमी लोवाटो, एंट क्लेमन्स, बॉन जोवी के भी शामिल होने की संभावना है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


/* */