कर्नाटक के बेलगावी में भीषण अग्निकांड, एक ही परिवार के 4 लोगों की जिंदा जलकर मौत, दो की हालत गंभीर
जानकारी के मुताबिक, परिवार के सदस्य रात के समय घर के अंदर मौजूद थे। इसी दौरान घर में रखे फ्रिज में अचानक धमाका हुआ। इसके बाद फ्रिज में आग लग गई और कुछ ही देर में आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।

कर्नाटक के बेलगावी शहर में सोमवार देर रात हुए भीषण अग्निकांड में एक ही परिवार के चार सदस्यों की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसे में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना शहर के चवहत गली इलाके की है और मार्केट पुलिस स्टेशन क्षेत्र में हुई।
फ्रिज में धमाके के बाद घर में लगी आग
जानकारी के मुताबिक, परिवार के सदस्य रात के समय घर के अंदर मौजूद थे। इसी दौरान घर में रखे फ्रिज में अचानक धमाका हुआ। इसके बाद फ्रिज में आग लग गई और कुछ ही देर में आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि अंदर मौजूद लोगों को बाहर निकलने का पर्याप्त मौका नहीं मिल सका। कई लोग आग के बीच फंस गए और मौके पर ही झुलसकर उनकी मौत हो गई।
हादसे में मरने वालों की पहचान गजानन डमोने (65), रोशन डमोने (21), शारदा डमोने (45) और भारती राडमोने (50) के रूप में हुई है। वहीं, प्रिया डमोने (28) और गंगा डमोने (25) आग की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हुई हैं। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
दमकल ने आग पर पाया काबू, घर से मिले चार शव
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझाने के बाद घर के अंदर तलाशी अभियान चलाया गया, जिसमें चार लोगों के शव बरामद हुए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बताया जा रहा है कि मृतक परिवार दिहाड़ी मजदूरी करके अपना जीवन-यापन करता था। हादसे के बाद परिवार के साथ-साथ आसपास के इलाके में भी मातम पसरा हुआ है। गणेश चतुर्थी के दिन एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत से इलाके के लोग गमगीन हैं।
आग लगने की वजह की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी में फ्रिज में धमाके के बाद आग लगने की बात सामने आई है। हालांकि, आग लगने का वास्तविक कारण क्या था और फ्रिज में धमाका किस वजह से हुआ, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आग इतनी तेजी से कैसे फैली और परिवार के सदस्यों को घर से बाहर निकलने में किन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
