कर्नाटक कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष ध्रुवनारायण का निधन, खड़गे, राहुल-प्रियंका समेत कई नेताओं ने जताया दुख

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने ध्रुवनारायण के निधन पर शोक व्यक्त किया और इसे पार्टी के लिए एक बड़ी क्षति बताया।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

कर्नाटक कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष आर ध्रुवनारायण का आज दिल का दौरा पड़ने के चलते निधन हो गया। वह चामराजनगर से 2009-2019 तक दो बार सांसद रह चुके हैं और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता थे। उनके निधन पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी समेत कई कांग्रेस के नेताओं ने शोक व्यक्त किया है।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने ट्वीट कर कहा कि आर ध्रुवनारायण के निधन से गहरा दुख और पीड़ा हुई। वे न केवल एक जमीनी राजनीतिक बल्कि बेहतरीन इंसान थे। उनका निधन सिर्फ कांग्रेस के लिए नुकसान नहीं है, ये मेरे लिए भी एक बहुत बड़ी व्यक्तिगत क्षति है।

राहुल गांधी ने कहा, ''एक मेहनती और विनम्र जमीनी नेता, वह सामाजिक न्याय के एक चैंपियन थे, जो एनएसयूआई और युवा कांग्रेस के रैंकों के माध्यम से उठे। उनका जाना कांग्रेस के लिए एक बड़ी क्षति है। उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं।''


प्रियंका गांधी ने कहा कि उनके निधन के बारे में सुनकर गहरा दुख हुआ। ध्रुवनारायण जी के जनसेवा में उनके योगदान और सामाजिक न्याय के प्रति प्रतिबद्धता को हमेशा याद किया जाएगा।

आर ध्रुवनारायण के निधन की खबर के बाद रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट कर कहा कि हमेशा मुस्कुराने वाले दोस्त, हमारे नेता और कांग्रेस के सबसे समर्पित सिपाही ध्रुवनारायण का निधन कांग्रेस के लिए अपूरणीय क्षति है। इस किसी भी शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता है। सुरजेवाला ने ध्रुवनारायण को दलितों का चैंपियन बताते हुए कहा कि ध्रुवनारायण ने अपना जीवन गरीबों के लिए समर्पित कर दिया। हम आपको हमेशा याद करेंगे मेरे दोस्त। RIP


भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी ने कहा कि ध्रुवनारायण के निधन के खबर से हैरान और दुखी हूं।  पूर्व सांसद और केपीसीसी के कार्यकारी अध्यक्ष आर ध्रुवनारायण जी जैसे नेता के जाने से मेरा दिल टूट गया है। उनकी आत्मा को शांति मिले।

गौरतलब है कि आर ध्रुवनारायण को अचानक सुबह सीने में दर्द हुआ जिसके बाद उनका ड्राइवर उन्हें लेकर डीआरएमएस अस्पताल पहुंचा, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। , ध्रुव नारायण चामराजनगर के कद्दावर नेता माने जाते थे। वह पुराने मैसूर के प्रभावशाली दलित नेता थे। वह अपने विनम्र स्वभाव के लिए जाने जाते थे। वह सांसद के अलावा विधायक भी चुने गए।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia