भारी बारिश से कर्नाटक, केरल, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश बेहाल, अगले 24 घंटे ये राज्य रहें सावधान!

महाराष्ट्र, गोवा, मध्य प्रदेश, ओडिशा, कर्नाटक और बंगाल के लोग इन दिनों बारिश और बाढ़ से सबसे ज्यादा मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं। महाराष्ट्र का कोल्हापुर तो मानों टापू बन गया है। कर्नाटक में भी बुरा हाल है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, ओडिशा, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। ये चेतावनी मौसम विभाग ने गुरुवार को की है। सबसे पहले बात करते है कर्नाटक की। कर्नाटक में हो रही बारिश लोगों के लिए मुसीबत बनती जा रही है। कई नहरों में भारी बारिश से पानी का स्तर काफी बढ़ गया है। बाढ़ के चलते लगभग 26,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। खबरों के मुताबिक, पिछले तीन दिनों के अंदर बारिश की वजह से 5 लोगों की जान जा चुकी है।

वहीं केरल में भारी बारिश से बुरा हाल है। केरल के कई जगहों पर आज भारी बारिश हो रही है जिसके कारण सड़कों और निचले इलाकों में बाढ़ आने के साथ ही कई शहरों में जल-जमाव हो गया। मौसम विभाग ने मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है। भारी बारिश और भूस्खलन को देखते हुए केरल के उत्तरी जिलों में 8 और 9 अगस्त के लिए चेतावनी जारी की गयी है। साथ ही कोझिकोड और मलाप्पुरम जिले में 8 अगस्त के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया गया है।


महाराष्ट्र में लगातार बारिश के बाद कोल्हापुर और सांगली जिलों में बाढ़ से बचाए गए 1.32 लाख से अधिक लोगों को बुधवार को सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि पिछले सात दिनों में पश्चिमी महाराष्ट्र से बारिश और बाढ़ से संबंधित घटनाओं में 16 मौतें हुई हैं। महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को कैबिनेट मीटिंग लेकर राहत कार्यों का जायजा लिया और मदद कार्यों में तेजी लाने का दावा किया। वहीं शरद पवार ने मुख्यमंत्री पर देरी से कदम उठाने का आरोप लगाया है।

मध्यप्रदेश के भोपाल सहित कुल 29 जिलों में मौसम विभाग ने बारिश का अलर्ट जारी किया है। मध्यप्रदेश के अलावा छत्तीसगढ़ में में भी अलर्ट जारी किया गया है। विभाग का कहना है कि दोनों राज्यों के अधिकांश जिलों में अगले 24 घंटे में मुसलाधार बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग ने गुरुवार को भी मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, कोंकण और गोवा, केरल और कर्नाटक के अलावा ओडिशा और छत्तीसगढ़ में आगामी दो दिनों में भारी बारिश की संभावना व्यक्त की है। स्काईमेट के अनुसार, गुजरात में भी शुक्रवार को भारी बारिश होने की उम्मीद है। इसके अलावा पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 08 Aug 2019, 1:59 PM